नीतिवचन 23:19

हे मेरे पुत्र, तू सुनकर बुद्धिमान हो, और अपना मन सुमार्ग में सीधा चला।

यह एक बुद्धिमान और प्रेमी पिता की अपने बेटे को पुकार है। यहाँ एक बुद्धिमान और प्रेमी परमेश्वर की अपने बच्चों को पुकार है। यहाँ सफलता और समृद्धि के तीन चरण हैं जो आपको जन्म देनेवाले पिता और स्वर्ग में विराजमान सृष्टिकर्ता पिता को प्रसन्न करते हैं। आपको सत्य और बुद्धि का यह उपदेश अवश्य सुनना चाहिए; आपको इस बुद्धि को अपना विवेक बनाना होगा; और आपको अपने प्रेम का चुनाव और फैसलों को तदनुसार लेना चाहिए। यदि आपको जन्म देनेवाला पिता अब नहीं, तो आपका स्वर्गीय पिता है!

सबसे पहले, आपको सत्य और बुद्धि को सुनना चाहिए। आप जब पैदा हुएं थें तो एक मूर्ख, असहाय, अज्ञानी, गैरजिम्मेदार और विद्रोही बालक के रूप में। आपको सबसे सरल तथ्यों को सीखने और सबसे बुनियादी कामों को करने के लिए कड़ी शिक्षा की आवश्यकता थी। आज जीवन में आपकी जो भी क़ाबलियत है, वह पूरी तरह से इस इस बात पर निर्भर थी और है कि आपके लिए शिक्षा के अवसर कितने थें । ज्यादातर लोग बुनियादी ज्ञान और समझ से पूरी तरह अनभिज्ञ हैं, और वैसे ही बने रहते हैं। उनके पास या तो अच्छे शिक्षक थे या नहीं भी हैं।

फिर भी, यदि आप यह नीतिवचन और मेरी शिक्षा को पढ़ रहे हैं, तो परमेश्वर ने आपको इस क्षण से पहले और इस क्षण में एक शिक्षक दिया है। आपका भविष्य दाव पर है। आप इस शिक्षा के साथ क्या करेंगे? क्या आप इन शब्दों को कुछ ही पलों में पढ़ कर भूल जायेंगे? या आप इन पर विचार करेंगे? यह नीतिवचन अनुरोध करता है कि जो कहा गया है उसे आप सुनें। परमेश्वर ने आपको शिक्षकों के बिना नहीं छोड़ा है, क्योंकि उसने आपको बुद्धि सिखाने के लिए प्रचारकों को भेजा है, जैसा कि उसने वादा किया था (भजन 68:11,18; सभो 12:9-11; यिर्मयाह 3:15; इफि 4:8-15; रोमियों 10:13-17)।

लेकिन क्या आप उनकी सुनेंगे? क्या आप शिक्षा को ध्यान देकर और सम्मान के साथ पढ़ेंगे? ऐसा करना आपके स्वभाव में नहीं है। आपको लगता है कि आप अपने शिक्षकों से अधिक होशियार हैं। आप दूसरों की राय से ज़्यादा अपनी राय को महत्व देते हैं। कोई आपको सुधारे यह आपको गवारा नहीं। सुलैमान ने अन्य स्थानों पर चेतावनी दी कि लोग अपनी मूर्खता में आकर यह मान लेते हैं कि वे ही सही हैं और अपने ही विनाश के लिए अपने शिक्षकों की शिक्षा को अस्वीकार कर देते हैं (नीतिवचन 16:2,25; 21:2; 26:12)। बेटों! अपने जन्म देनेवाले पिता और स्वर्ग में विराजमान पिता की बात सुनो।

आपका ध्यान भटकाने के लिए आसपास कई आवाजें हैं। गोदी मीडिया, नेटफ्लिक्स, सोशल मीडिया और इन जैसे अन्य कई माध्यम चाहते हैं कि आप उनकी सुनें – व्यर्थ और घिनौनी बकवास। इंटरनेट सूचनाक्रांति का विस्फोट इसकी पुष्टि करता है, लेकिन उनमें कोई सच्चाई नहीं है (2 तीमु 3:6-7)। समझौतावादी और देह-स्वभाव के ईसाइयों ने आपके खुजली वाले कानों की वासनाओं को मिटाने के लिए शिक्षकों को ढेर लगा दिया है (2 तीमु 4:3-4)। लेकिन शुद्ध सत्य और बुद्धि का केवल एक ही स्रोत है – बाइबल में परमेश्वर के प्रेरित वचन (2 तीमु 3:14-17; 4:1-2)। आपको चाहिए कि आप सत्य और बुद्धि को बाइबल में खोजें और उन्हें सुनें।

फिर आपको शिक्षा को अपनाना है। अवश्य है कि ज्ञान आपके मन और आत्मा में प्रवेश करे; यह तब होता है जब आप जो कहा जाता है उसे ग्रहण करते हैं और उसे अपना मानते हैं (नीतिवचन 2:10; 24:14; प्रेरितों 17:11)। अधिकांश लोग बुद्धि की बातें सुनने के बजाय अपने मूर्खतापूर्ण विचारों के बारे में बात करना पसंद करते हैं (नीतिवचन 18:1-2)। वे सिखाए जाने के बजाय दूसरों को सिखाना पसंद करेंगे। उनके होठों पर एक बोझ है, जबकि यह उनके कानों पर होना चाहिए! हालाँकि उनके दो कान होते हैं, फिर भी उनका एक मुँह ही उनपर हावी हो जाता है!

जब आप बुद्धिमानी की सलाह और शिक्षा को अपना लेते हैं, और जो ज्ञान आपके कानों से दिया जाता है, उसके प्रति आप अपने आप को समर्पित कर देते हैं, तब आप बुद्धिमान हो जाएंगे। आपके पास एक मन, आत्मा और प्राण है और ये वे तत्व हैं जो समस्त विश्व की सच्चाई, इसमें आपकी भूमिका और अधिकांश स्थितियों में आपको क्या करना चाहिए, इन जैसी सब को समझते और जानते हैं। आपने विवेक और समझ तो प्राप्त कर ली है, परन्तु आप अभी तक अपने जीवन-उद्देश्य तक नहीं पहुँचे हैं।

आपको अपने मन – अर्थात् अपने स्नेह, भावनाओं और प्राथमिकताओं को – सत्य और बुद्धि की चीजों की ओर मोड़ना होगा। प्रेम आपके मन या शरीर से बाहर कोई शक्ति नहीं है जो आपको प्रभावित करती है। किसी कल्पित कामदेव द्वारा आपके मन में वासना के तीर चलाना बुतपरस्त और मूर्खतापूर्ण बातें है; ऐसी वासनाएँ केवल मूर्खों की अभिलाषाएँ हैं। सच्चा प्रेम किसी चीज़ के लिए आपके मन का इरादा है, और अवश्य है कि आपका दिमाग आपके प्रेम को उस ओर निर्देशित करें जो बुद्धिमानीपूर्ण और भला है, जैसे कि अपने पिता परमेश्वर से प्रेम रखना।

परमेश्वर ने बाइबल में आपके लिए जीने का तरीका परिभाषित किया है (भजन 119:128)। उसने स्वर्ग और ऊपर की बातों के अत्यधिक महत्व का वर्णन किया है (सभो 12:13-14; 2 कुरिन्थ 4:18)। आपके मन में जो बुद्धि है, वह आपके मन को परमेश्वर, स्वर्ग और उस मार्ग से प्रेम करने के लिए निर्देशित करने पाए जो उसने आपके लिए ठहराया है (कुलुस्सियों 3:2; भजन 119:36,112; रोमियों 12:1-2; 1 यूहन्ना 2:15; यहूदा 1:21) )। यही सच्चा परमेश्वर, सच्चा धर्म और सच्चा ज्ञान है। और यह सब सुनने से शुरू होता है! आप क्या करेंगे?

अपने लिए एक शिक्षक खोजें जो आपको सत्य के वचन बताएगा, जिसके द्वारा आप बुद्धि प्राप्त कर सकते हैं (नीतिवचन 22:17-21; 1 पतरस 2:1-3)। उसकी सुनों! परमेश्वर के वचन से जो ज्ञान और बुद्धि वह आपको देता है उसे स्वीकार करें और अपनाएं। फिर अपने स्नेह और प्राथमिकताओं को मूर्खता और इस दुनिया से दूर भक्ति और स्वर्ग की ओर निर्देशित करें। आप अपने पिता को प्रसन्न करेंगे और उन सभी चीजों से बचें जो उसके मार्ग के बाहर की हैं और आपको बर्बाद करने के लिए हमेशा तैयार रहती हैं (नीतिवचन 23:15-18,20-35)।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।