नीतिवचन 21:22

बुद्धिमान मनुष्य सामर्थी के नगर पर चढ़ जाता है, और उस पर उसके आत्मविश्वास के बल को ढ़ा देता है। (केजेवी)

ताकत इंसान को सही नहीं प्रमाणित करती, और न ही वह सफलता की कोई निश्चयता देती है। वास्तव में, जब बुद्धि से इसकी तुलना की जाती है, तो उसका कोई महत्व नहीं रहता। बुद्धिमान मनुष्य मूर्ख मनुष्य से श्रेष्ठ होता है, फिर मूर्ख चाहे कितना भी सामर्थी हो, और चाहे उसे अपने बल पर कितना ही आत्मविश्वास हो। इस नीतिवचन का सबक यह है कि बुद्धि ताकत या बल से श्रेष्ठ है (सभो 7:19; 9:13-18)।

एक मूर्ख और सुखविलास के पीछे पागल इस पीढ़ी में, बलवानों का आदर बुद्धिमानों से अधिक किया जाता है और उन्हें उन्नत किया जाता है। जिनके पास सच्ची बुद्धि है -अर्थात् वे जो हर परिस्थितियों के लिए परमेश्वर की इच्छा को जानते हैं- उनकी उपेक्षा की जाती है, और उनका उपहास किया जाता है। ऐसे बुद्धिमानों को अपना नायक बनाने के बजाए, इस संसार के लोग खिलाड़ियों, फिल्म अभिनेता और अभिनेत्रियों, और स्टैंड-अप कॉमेडियनों की महिमा और प्रशंसा करते हैं। ऐसे लोगों की विचारधाराओं और विश्व-दृष्टिकोणों को प्रकाशित करना और फैलाना बुद्धि या ज्ञान की कितनी हानि और बर्बादी है!

बुद्धि अत्यंत लाभदायक है। इससे आपकी क्षमताओं की शक्ति का प्रभाव बढ़ता है। यह आपकी ऊर्जा और मेहनत को लाभप्रद रूप से दूसरों की तुलना में अधिक कुशलता से काम में ला सकती है। अगर आपके पास बुद्धि हो, तो शिक्षा, चालाकी, अनुभव, प्रसिद्धि की कमी, या अन्य प्रकट कमियां आपको निराश या पराजित नहीं कर सकती। सुलैमान द्वारा एक कमज़ोर मनुष्य के दिए गए उदाहरण पर बारीकी से विचार करें जो अपने कुल्हाड़ा की धार को पैनी कर रहा है ताकि बलवान मनुष्य पर, जिसका कुल्हाड़ा थोथा है, सफल हो सके (सभो 10:10)।

परमेश्वर की बुद्धि अत्यंत व्यवहारिक हो सकती है, जैसा कि नीतिवचन की यह पुस्तक सिखाती है। उदाहरण के लिए, यह परिश्रम क्षमता को बढ़ाने के लिए बैलों को खरीदने आर्थिक निवेश को बढ़ावा देती है ताकि बिना बैल के खेती करने के स्थान पर बैलों का उपयोग कर अपने उत्पादन को बढाया जा सके (नीति 14:4)। साथ ही, सुलैमान ने झगड़ों को कैसे समाप्त करें (नीति 15:1; 25:15), ईमानदारी से कैसे खरीदारी करें (नीति 20:14), भेदभाव को कैसे पराजित करें (नीति 17:2), अच्छे परामर्शदाताओं का मूल्य किस प्रकार जाने (नीति 15:22), ऋण लेने से कैसे बचें (नीति 22:26), और अन्य बहुत-सी बातों के विषय में भी सिखाया।

शत्रुओं की परिस्थिति चाहे कितनी भी मज़बूत और सुरक्षित दिखाई दे, बुद्धि आपको दमन किए जाने या आप को कुचलने के दूसरों के प्रयासों को विफल करने में सहायता कर सकती है। यद्यपि शत्रु अपने घमंडपूर्ण आत्मविश्वास में आकर आप पर बार-बार गरज पड़े, जो उन्हें मूर्ख से भी बदतर बनाता है (नीति 26:12), फिर भी आप बुद्धि के उपयोग से उनकी ग़लतियों और कमज़ोरियों का पता लगाकर उन्हें पराजित कर सकते हैं (नीति 18:17; 28:11)।

ईसापूर्व 457 में बेबीलोन नगर अजेय, अभेद्य, और दुनिया के अजूबों में से एक था। राजा नबूकदनेस्सर ने अपने जीवनकाल के दौरान उस पर परम-अधिकार से राज्य किया, पर अब उसकी राजधानी को मादी और फारसियों ने चारों ओर से घेर लिया था। उसके पोते बेलशस्सर को अपने नगर के बल पर इतना आत्मविश्वास था कि उसने देर रात तक अपने प्रधानों के लिए दावत की (दानि 5:1-4)।

बेबीलोन कितना मज़बूत नगर था? उसका क्षेत्रफल कुल 100 वर्ग मील था जिसकी हर बाज़ू 10 मील की थी। पानी की आपूर्ति के लिए फरात नदी नगर से होकर बहती थी, और हैंगिंग गार्डन खाने की वस्तुओं की आपूर्ति करता था। लोहे की सलाखों से बने पीतल के विशाल फाटक नगर को नदी की बाढ़ से सुरक्षित रखते थे। नगर के चारों ओर दोहरी दीवारें थी जो 75 फीट ऊंची और 30 फीट चौड़ी थी जिनके बीच में खाली जगह थी। बाहरी दीवार से लगकर एक चौड़ी खाई थी जिसमें फरात नदी का पानी जोड़ा गया था ।

नगर के निवासी और शत्रु इसे उस समय की प्रचलित घेराबंदी या हमले की प्रणाली द्वारा अभेद्य मानते थे। दीवारों के अंदर बगीचे और फलों की बागें थी जिससे कि नगर के भोजन की आपूर्ति हो सके। फरात नदी के जल की आपूर्ति के चलते वे किसी भी घेराबंदी या आक्रमण का 20 वर्ष तक सामना कर सकते थे। नगर के भीतर के निवासियों को बाहर के मादी और फारसियों का कोई डर नहीं था। बेलशस्सर और उसके प्रधानों ने अपने नगर के बल के बड़े आत्मविश्वास में देर रात तक दावते उड़ाई।

परंतु फारस का कुस्रू नामक एक राजा था जिसे परमेश्वर ने अभिषिक्त किया और बुद्धि से आशीषित किया (यशा 45:1-4)। उसके अभियंताओं ने फरात नदी को एक ऐसे क्षेत्र की ओर मोड़ दिया जिसे बाढ़ के समयों में नदी के पानी को ज़मीन की सतह पर फैलाने के लिए उपयोग किया जाता था। तत्पश्चात कुस्रू ने अपनी सेना को नदी के किनारे से होते हुए नगर में प्रवेश कराया। अपने नगर पर अहंकार पूर्ण आत्मविश्वास के कारण बेबीलोनियों ने नदी की ओर से खुलने वाले फाटकों को खुला छोड़ दिया था। उसी रात बेलशस्सर को मार डाला गया और उसके नगर को बड़ी आसानी से कब्जे में ले लिया गया।

सबक क्या हैं? बुद्धि बल से श्रेष्ठ है, और जो केवल बल पर ही भरोसा रखते हैं, वे मूर्ख हैं। बुद्धि विवेकपूर्ण और रचनात्मक निर्णय लेती है, और परमेश्वर ने कुस्रू को विशेष बुद्धि दी ताकि वह आसानी से एक शक्तिशाली नगर बेबीलोन पर कब्जा करने की रणनीति तैयार कर सके।

परमेश्वर ने कुस्रू को नाम लेकर बुलाया, और कुस्रू के जन्म से 150 वर्ष पहले बेबीलोन पर कब्जा करने की भविष्यवाणी की थी (यशा 13:1-22; 44:21-28; 45:1-4; 47:7-9; यिर्म 51:30)। आपकी समस्याएँ बहुत बड़ी बड़ी दिखाई दे सकती हैं, और आपके शत्रु आत्मविश्वास से अभिमानी हो सकते हैं, परन्तु बाइबल में परमेश्वर की बुद्धि उन दोनों को पराजित कर सकती है (नीति 22:17-21; भजन 19:7-11; 2 तीमु: 3:16-17)।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।