नीतिवचन 9:6

मूर्खों का साथ छोड़ो, और जीवित रहो, समझ के मार्ग में सीधे चलो।

यह सलाह कितनी मूल्यवान है! मूर्ख मित्रों और प्रभावों को छोड़ दें! जीवन, अर्थात परमेश्वर और मनुष्यों को प्रसन्न करने वाला एक धन्य और शांतिपूर्ण जीवन, इसी बात पर निर्भर करता है। मूर्खों से दूर रहें। समझ के मार्ग या जीवन शैली का चुनाव करें। एक धार्मिक और विवेकपूर्ण जीवन जिएँ। किसी को भी स्वयं को रोकने न दें और न ही अन्य दिशा में भटकाने दें। आपका और आपके परिवार का अस्तित्व इससे प्रभावित होता है। मूर्ख मित्र आपको नीचे गिराएंगे। सुलैमान ने कई बार इस खतरे के बारे में चेतावनी दी है (नीतिवचन 4:15; 5:8; 13:20; 19:27;

25:5)।

सामान्य लोगों के लिए एक अद्भुत घर और भोज प्रस्तुत करने के बाद, बुद्धि की पहली सलाह यही है कि मूर्खों से दूर रहें और बुद्धि का मार्ग चुनें (नीतिवचन 9:1-5)। स्वयं के लिए सर्वोत्तम चीज़ जो आप कर सकते हैं, वह है मूर्खों और उनके प्रभाव से दूर रहना। भले ही आप स्वयं को कितना भी मज़बूत क्यों न समझें, बुरी संगति आपको नीचे की ओर खींचेगी और आपका जीवन नष्ट कर देगी। यदि आप जीना चाहते हैं, वास्तव में जीना चाहते हैं, तो मूर्खों से दूर रहें, और ज्ञान और समझ के धार्मिक जीवन को चुनें।

यह एक बहुत सरल सिद्धांत है – मूर्खतापूर्ण प्रभाव भले चरित्र को भ्रष्ट कर देता है (1 कुरिन्थियों 15:33)। फिर भी पौलुस ने यह चेतावनी दी कि, “धोखा न खाना”। शैतान के साथ सहमत होकर, आपका हृदय आपको नष्ट करने के लिए मूर्खतापूर्ण प्रभावों को उचित ठहराएगा। वह फुसफुसाकर कहेगा, “उनका आप पर कोई प्रभाव नहीं होगा,” या, “आपको उनके प्रति विमुख नहीं होना चाहिए,” या, “सभी ऐसा कर रहे हैं, और उन्हें कुछ नहीं हुआ है,” या सबसे बुरा यह कि, “आप उनके भले के लिए उन्हें प्रभावित करेंगे”। हो सकता है कि आप अभी भी इन मूर्खतापूर्ण प्रभावों को उचित ठहराने का प्रयास कर रहे हों।

लूत पर विचार करें। वह सदोम के प्रभाव से नहीं डरा। बेहतर नौकरी पाने के लिए उसे इतना जोखिम उठाना उचित लगा। उसने और उसके परिवार ने अच्छा जीवन जिया। आखिर, वह था तो अब्राहम का भतीजा ही। उसने सदोम के निकट एक घर को चुना; फिर वह शहर चला गया; फिर वह नगर समिति से जुड़ गया; फिर उसने अपनी तीन बेटियों का विवाह वहीं के स्थानीय पुरुषों से कर दिया। उसने मूर्खों को बिल्कुल भी नहीं छोड़ा। और उन्होंने उसे, उसकी पत्नी और उसकी सभी पाँच बेटियों को बर्बाद कर दिया। अत: सात लोग अपमानपूर्ण और घृणास्पद रूप से बर्बाद हो गए!

रहूबियाम पर विचार करें। वह सुलैमान का पुत्र था और कई नीतिवचनों का मज़मून था। परंतु उसने अपने पिता के बुद्धिमान सलाहकारों का तिरस्कार किया और अपने मित्रों की सलाह ली। क्या इसका उसके जीवन पर कोई प्रभाव हुआ? एक ही पीढ़ी में, उसने अपने पिता के महान राज्य और उसकी महिमावान समृद्धि को खो दिया, और इस्राएल के दस गोत्रों ने उसका तिरस्कार करके एक नया राज्य बनाया। यह बर्बादी कितनी भयावह है!

यहोशापात पर विचार करें। दाऊद का वंशज और यहूदा का एक महान राजा होने के बावजूद, उसने इस्राएल के मूर्तिपूजक और अपवित्र राजा, अहाब का मित्र बनने का चुनाव किया। उसने अपने पुत्र का विवाह अहाब की बेटी से किया। एक समझौताकारी और दुष्ट व्यक्ति के साथ इस संयोजन के कारण उसे अपने राज में सभी आशीषों और शांति से हाथ धोना पड़ा, क्योंकि प्रभु अहाब साथ उसके इस संबंध के कारण उस पर क्रोधित था। फिर परमेश्वर ने उसके तीन वंशजों को इस अधर्मी संबंध के कारण यीशु मसीह की राजोचित वंशावली से बाहर कर दिया।

आपके लिए मुद्दा यहाँ खड़ा होता है! आपका सदोम क्या है? आपके सलाहकार कौन हैं? आपका अहाब कौन है? क्या आपने अपने बच्चों की शिक्षा में, अपनी आजीविका या पेशे में, अपनी कलीसिया में, अपने परिवार में, और अपने पारिवारिक मित्रों में मूर्खों का तिरस्कार किया है? ऐसा कोई भी मित्र या प्रभावशाली व्यक्ति जो पवित्रता और बुद्धि में आपके जितना या आपसे बेहतर नहीं है, वह आपको अंततः अपनी ओर नीचे ही खीचेगा। और ऐसा निश्चित रूप से होगा! इस निश्चित तथ्य को लेकर स्वयं से झूठ न बोलें।

आप अपने मित्र कैसे चुनते हैं? दाऊद ने अपने मित्र इस प्रकार चुनें: “जितने तेरा भय मानते और तेरे उपदेशों पर चलते हैं, उनका मैं संगी हूँ” (भजन संहिता 119:63)। और, “टेढ़ा स्वभाव मुझसे दूर रहेगा; मैं बुराई को जानूँगा भी नहीं” (भजन संहिता 101:4)। वह अपने मित्रों को लेकर काफी चयनशील था। क्या आप भी ऐसे ही हैं? निःसंदेह, इस रीति से बहुत कम लोग आपके मित्र बनेंगे, परंतु इससे आपका समय बचेगा और चिंता भी कम होगी। किस व्यक्ति को अधिक मित्रों की आवश्यकता है, विशेष रूप से तब जब वे आपको बर्बाद कर रहे हों?

आपके सभी मित्र मसीही हैं? क्या सच में? यह कितना चयनशील है! पूर्ण संसार का एक तिहाई भाग मसीही है। पर क्या यह उन सभी को सत्य और ज्ञान का प्रेमी बना देता है? वह धार्मिक लोग ही थे जिन्होंने यीशु पर झूठे दोष लगाए और उसे सूली पर चढ़ा दिया। यदि ऐसा है तो आपके मानक बहुत ही कमतर हैं। सच्चे मसीही लोग आत्म-त्याग का पवित्र जीवन जीते हैं, सांसारिक चीज़ों में रूचि नहीं रखते, सटीक रूप से केवल उसी पर विश्वास करते हैं जो पौलुस ने सिखाया था, और आत्मिक रूप से सोचते हैं (तीतुस 2:11-14; फिलिप्पियों 3:18-19; रोमियों 16:17-18; 8:5-9)।

टेलीविज़न के बारे में आपके क्या विचार हैं? क्या आप सुबह-सुबह ज्ञान की बातें पढ़ते हैं और मूर्खता की निंदा करते हैं, और फिर शाम को वही देखने बैठ जाते हैं? दाऊद ने कहा था कि, “मैं किसी ओछे काम पर चित्त न लगाऊँगा। मैं कुमार्ग पर चलनेवालों के काम से घिन रखता हूँ; ऐसे काम में मैं न लगूँगा” (भजन संहिता 101:3)। टेलीविज़न नैतिक रूप से विरक्त होता है, अर्थात तब जब वह बंद होता है! जब यह क्रियाशील होता है, तो यह अधोलोक का एक निंदनीय उपकरण बन जाता है! किसी भी चैनल पर केवल कुछ ही ऐसे क्षण होते हैं, जिनका बुद्धि से कुछ लेना-देना होता है।

टेलीविज़न के सबसे अधिक चलने वाले कार्यक्रम धार्मिकताहीन और ज्ञान रहित होते हैं, और मानवतावाद, आशाहीनता और सांसारिकता के एक झूठे दर्शन को प्रकाशित करते हैं। उनके चित्रों और ध्वनियों से प्रकट होने वाला दुष्टता का संदेश, लोगों को बर्बाद कर देता है, विशेष रूप से कमज़ोर बच्चों को जो अपनी आँखों और कानों के द्वारा इसके पूर्ण आकर्षण से सम्मोहित हो जाते हैं। आज के “पारिवारिक” कार्यक्रम कभी भी विश्वास, धार्मिकता, विवाह, प्रार्थना, सिद्धांत, आत्मिकता, सत्य, पितृत्व, बाइबल, आदि को बढ़ावा नहीं देते।

हो सकता है कि इन मूर्खों का प्रभाव आप पर सूक्ष्म हो। मूर्ख मित्र पापी न ठहराए जाने के कारण, पाप के प्रति आपकी घृणा को कम कर देते हैं; उनके साथ आत्मिक वार्तालाप का अभाव आपकी आत्मिकता को दबा देता है; और उनकी ओर से उनके इस पाप में शामिल होने का प्रोत्साहन, आपको दृढ़ता से प्रलोभित करता है। टेलीविज़न के माध्यम से प्रस्तुत की जाने वाली धार्मिकताहीन और सांसारिक जीवनशैली, आत्मिक विचारों और पवित्र जीवन के प्रति आपकी संवेदनशीलता को सुन्न कर देती है। पापमय चित्रों और ध्वनियों का सामर्थशाली गुणगान आपकी लालसाओं को और अधिक उत्तेजित कर देता है।

अपनी कलीसिया के बारे में सोचें। आजकल अधिकतर कलीसियाएं बच्चों को पालने, अविश्वासियों को सांत्वना देने, और अधिक लोगों की उपस्थिति और धन बढ़ाने के लिए मूर्खता का उपयोग करती हैं। क्या कलीसिया के प्रचार का प्रत्येक शब्द और हर गतिविधि का केवल पवित्रशास्त्र के आधार पर बचाव किया जा सकता है? यदि ऐसा नहीं है, तो आप अपने धर्म में भी मूर्खता का चुनाव कर रहे हैं। बुरी संगति अच्छे चरित्र को बिगाड़ देती है, और यह हर पहलू पर लागू होता है (1 कुरिन्थियों 15:33)। हो सकता है कि सांप्रदायिक मुख्यालय की एक स्त्रैण विवरणिका द्वारा मापने पर, आपकी कलीसिया बुद्धिमान मानी जाए। परंतु यदि उसे परमेश्वर के वचन के द्वारा मापा जाए, तो शायद निष्कर्ष विपरीत हो!

माता-पिता, क्या आप अपने बच्चे को किसी क्रमिक बाल उत्पीड़क या हत्यारे के साथ रात बिताने देंगे? इस प्रश्न के पूछे जाने पर ही आपका नाराज़ होना ज़ाहिर है! परंतु यहाँ बुद्धि आपको यह चेतावनी देती है कि मूर्खतापूर्ण प्रभाव उनके जीवन को नष्ट कर देगा। क्या आप इस खतरे को देख पा रहे हैं? उनकी आत्मा उनके शरीर से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। आप कैसे उन्हें अपने मित्र चुननें, अपना पसंदीदा संगीत सुनने, अपना जीवनसाथी चुनने, या अपने कमरे में टीवी रखने दे सकते हैं?

खतरा स्पष्ट रूप से दिख रहा है! निर्णायक क्षण ठीक आपके समक्ष है! बाईं ओर एक चौड़ा खुला द्वार है जो अधोलोक की ओर जाता है। हर एक व्यक्ति हास्य और एक अनोखी सामुदायिक भावना के साथ उस द्वार से प्रवेश कर रहा है, और वे आपको उनके साथ यात्रा करने के लिए बुला रहे हैं। वहीं दाईं ओर एक बहुत ही सकेत और सीमित द्वार है जो आपको जीवन की ओर ले जाता है। मुश्किल से कुछ ही लोग उस द्वार से प्रवेश कर रहे हैं, और वे इसे लेकर असामान्य रूप से संयमी और संगीन दिखाई देते हैं। प्रिय पाठक, उस द्वार के लिए आगे बढ़ो! और उस द्वार ही से प्रवेश करो!

आपका हृदय सबसे अधिक धोखा देने वाला है और वह उससे कहीं अधिक झूठ बोलता है जितना आप जानते हैं (यिर्मयाह 17:9)। परमेश्वर का अनुग्रह और उसकी सजग देखभाल के अभाव में, आप मूर्खता और पाप से भर जाएंगे। परंतु स्वयं को किसी भी रूप में मूर्खतापूर्ण रूप से प्रकट करना, निश्चित रूप से विनाशकारी होगा। यह आपको नीचे गिराएगा! इसके बजाय, “प्रभु यीशु मसीह को पहन लो, और शरीर की अभिलाषाओं को पूरा करने का उपाय न करो” (रोमियों 13:14)। परमेश्वर के निकट शुद्ध भक्ति का अर्थ स्वयं को संसार से निष्कलंक रखना है (याकूब 1:27)।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।