नीतिवचन 9:11
क्योंकि मेरे द्वारा तेरे दिन बढ़ जाएंगे, और तेरे जीवन के वर्ष अधिक होंगे।
क्या आप लंबा जीवन जीना चाहते हैं? कुलीन महिला-बुद्धि आपको मुफ्त में ही एक लम्बा जीवन देना चाहती है। क्या ही अद्भुत् वरदान है! यह संसार लम्बा जीवन जीने के लिए भिन्न-भिन्न तरीके अपनाकर कठोर परिश्रम, तथा समय और धन खर्च करने के पीछे भागता है, लेकिन बुद्धि केवल मामूली प्रयास से आपके जीवन को आसानी से संरक्षित और दिर्घायु बना सकती है।
क्या आप बाइबल पर विश्वास करते हैं? यहां आपके चरित्र और विश्वास की परीक्षा है। अगर आप परमेश्वर और बाइबल पर भरोसा करते हैं, तो आप सुलैमान की कलम से लिखित इस प्रतिज्ञा पर विश्वास करेंगे। आप अपने जीवन को बचाए रखने या बढ़ाने के लिए जिन प्रयासों को महत्त्व देते हैं उससे परमेश्वर और मनुष्य दोनों बता सकते हैं कि आप परमेश्वर के वचन पर भरोसा करते हैं या नहीं।
यहाँ स्वर्ग के परमेश्वर का सामान्य नियम है – यदि आप बुद्धि से प्रीति रखते हैं और उसका उपयोग करते हैं, तो आप एक लम्बा जीवन जियेंगे। परन्तु यदि आप बुद्धि की उपेक्षा करते हैं, या उसे ठुकरा देते हैं, तो आपको मृत्यु से प्रीति रखनी चाहिए, क्योंकि वह आपके लिए आ रही है (नीति 8:36)। परमेश्वर को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कितना पौष्टिक आहार लेते हैं, कितना पर्याप्त व्यायाम करते हैं, और आपके पास कितने अच्छे और काबिल डॉक्टर हैं, वह आपके मूर्खतापूर्ण विद्रोह के कारण आप के जीवन को बुझा देगा (नीति 13:9; 24:20)।
सुलैमान इस नीतिवचन पर आकर बुद्धि के अपने लंबे व्यक्तिकरण के समापन के लगभग करीब आ गया है (नीति 9:12; 8:1)। यहाँ प्रयुक्त प्रथम व्यक्तिवाचक सर्वनाम, “मैं”, कुलीन महिला-बुद्धि है, जिसे नीतिवचन 9:5 में इसी तरह के सर्वनामों द्वारा संदर्भित किया गया है। सुलैमान ने बुद्धि के चरित्र और लाभों को दिखाने के लिए इस मनोहर और यकीनी शैली का उपयोग किया जिसमें लंबे जीवन की निश्चित प्रतिज्ञा शामिल है। क्या आप को इस में रुचि है?
सुलैमान के उस स्वप्न को स्मरण करो जो यहोवा की ओर से आया था (1 राजा 3:5-15)। 3000 वर्षों से पाठकों ने कामना की है की कितना अच्छा होता यदि वे भी बुद्धि पाने के विषय में उस के समान चुनाव कर सकें, और धन और दिर्घायु प्राप्त कर सकें (1 राजा 3:13-14)। फिर भी, सुलैमान ने यहाँ आपके सामने जो वरदान रखा है, वह उसी बुद्धि का वरदान है जो उसने पाई थी। उसी यहोवा की प्रेरणा से! धन और दीर्घायु (नीति 8:18,21; 9:11)! आपको बस इतना करना है कि बुद्धि को वैसे ही चुनना है जैसे उसने चुना था, और वह आपको ये सब लाभ पहुँचाएगी।
सुलैमान ने जीवन के बारे में इस संसार के किसी भी दस महान विचारकों की तुलना में अधिक निरिक्षण किया और इसका बेहतर विश्लेषण किया। उसने पवित्र आत्मा की प्रेरणा से, इन नीतिवचनों में बिना किसी ग़लती के अपनी ख़ोजबिन के निष्कर्षों का सारांश प्रस्तुत किया (सभो 1:12-18; 12:8-11)। उसने जीवन और मृत्यु का निरिक्षण किया, और पाया कि बुद्धि जीवन के वर्ष अधिक कर देती है, परन्तु मूर्खता आपके दिनों को कम कर देगी (सभो 7:17; 8:13)।
बाइबल के सतर्क पाठक जानते हैं कि सामान्य नियमों के अपवादमें होते हैं, खासकर तब जब किसी व्यक्ति के साथ परमेश्वर के व्यवहार में कई अलग-अलग कारक शामिल होते हैं। इसलिए, परमेश्वर की दया के रूप में किसी धर्मीजन की मृत्यु युवावस्था में ही हो सकती है (57:1-2), और दुष्टजन परमेश्वर के न्याय के रूप में एक लम्बा और भरपूरी का जीवन जी सकते हैं (नीति 1:32; भजन 17:13-15)। यह नीतिवचन अब भी एक सामान्य नियम है, जिसमे दो या दो से अधिक व्यक्तियों की तुलना करने में अन्य सभी कारक एक-समान हैं। परमेश्वर और बाइबल पर भरोसा रखें।
ख्रिश्चन लोग कभी-कभी मृत्यु का कारण भूल जाते हैं, हालांकि उन्हें इस विषय में बेहतर ज्ञान होना चाहिए और जिसे उन्हें कभी नहीं भूलना है। इस संसार के लोग मरने से डरते हैं, और उन्होंने अपने सृष्टिकर्ता को तथा उसकी उस नियमावली को ठुकरा दिया है जो उन्हें उनके मूल, प्रकृति, और भविष्य के बारे में बताती है, इसलिए वे अपने रक्षकों के रूप में खान-पान, कसरत, और दवाईयों के विभिन्न रूपों पर शोध करते, उनका प्रचार करते और उन्हें पूजते हैं। वे अपने आप को यह कहकर तसल्ली देते हैं कि वे अपने आस-पास के लोगों की तुलना में अधिक समय तक जीवित रहेंगे, जब कि परमेश्वर उनके किसी भी विचारों में है ही नहीं (भजन 10:4; 49:10-13)।
लेकिन मृत्यु का कारण पाप है! इस का कारण बहुत अधिक चरबी या चीनी का सेवन करना नहीं है। यह 21वीं सदी की भागदौड़ वाली जीवन शैली नहीं है जो मृत्यु का कारण बनती है; यह स्वास्थ्य की खराब देखभाल नहीं है जो मृत्यु का कारण बनती है। इसका कारण पाप है! आप अच्छी सेहत पर एक और किताब पढ़कर या वैकल्पिक चिकित्सा की कोशिश करके मृत्यु को स्थगित नहीं कर सकते। मृत्यु आदम के पाप और आपके पाप के कारण होती है (रोमियों 5:12-14; 6:23)। पाप के कारण जीवन की अपेक्षित आयु 73 वर्ष की हो गई है (भजन 90:10), और आपका बुद्धि को ठुकरा देना उसे और भी कम कर देता है (सभो 7:17; 8:13)। इस पर विश्वास करो!
प्रत्येक पिता चाहता है कि उसके बच्चे दीर्घायु हों, इसलिए सुलैमान ने अपने पुत्र को जीवन के विस्तार के बारे में यह नियम बारबार बताया (नीति 3:2,16; 4:10; 8:35; 10:27; 28:16)। उसने देखा कि बुद्धि उन्हें जीवन की ओर ले जाती है जिनके पास वह होती है (नीति 10:16; 11:4,19; 12:28; 14:27; 19:23)। सांसारिक लोग भी जानते हैं कि कठिन जीवन – मूर्खता और दुष्टता का जीवन – मनुष्य के जीवन को छोटा कर देता है।
लेकिन मूर्खता और बुद्धि के प्राकृतिक परिणामों से परे एक और कारक है; परमेश्वर संप्रभु शासक है। वह माता-पिता का सम्मान करने (इफ़ि 6:1-3) और प्राणियों पर दया दिखाने जैसे बुद्धिमान चुनाओं के लिए भी अलौकिक रूप से लंबा जीवन देता है (व्यव. 22:7)। हमारा सृष्टिकर्ता हमारे जीवन को आसानी से अल्पकालिक या दिर्घायु कर सकता है, और इस में हमारी आज्ञाकारिता एक महत्वपूर्ण कारक है।
बुद्धि आपको पापियों के दुष्ट जीवनशैली से बचाकर, जो उनके जीवन के दिनों को छोटा कर देती है, सरकार की न्याय की तलवार से बचाकर जो अपराधों का बदला चुकाती है, उन दुर्घटनाओं से बचाकर जो अक्सर मूर्खों का जीवन छीन लेती हैं, उन बीमारियों से बचाकर जो कुछ खास तरह के पापों से जुड़ी हैं (जैसे वेश्यागमन के कारण एड्स), और परमेश्वर के सर्वोच्च न्याय से बचाकर, जो हर पापी का न्याय करता है -कभी-कभी उसके जीवन को जल्दी ले कर- आपके जीवन को स्वाभाविक रूप से और व्यावहारिक रूप से सुरक्षित रखने में सक्षम है।
सच्ची बुद्धि के पास अनन्त जीवन भी रखा हुआ है और परमेश्वर के चुने हुओं की बुलाहट और उनके चुन लिए जाने को सुनिश्चित करती है, क्योंकि कभी न समाप्त होने वाले दिन, और कभी न समाप्त होने वाले वर्ष चुने हुओं का भविष्य हैं, जो कि पृथ्वी पर के जीवन में जोड़े गए किसी भी आयु से कहीं अधिक बढ़कर जीवन-विस्तार है (1 तिमु 6:17-19; 2 पतरस. 1:10-11; 1 थिस्सु 4:17)। ख्रिश्चन लोग मृत्यु के वास्तविक कारण का असली इलाज जानते हैं – और वह यह कि, यीशु ने उनके सभी पापों को दूर कर दिया है। और वह समस्त विश्व को भ्रष्टता और सड़ाहट के बंधन से मुक्ति दिलाने जल्द ही फिर से लौटकर आ रहा है।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।