नीतिवचन 8:29

जब उसने समुद्र की सीमा ठहराई, कि जल उसकी आज्ञा का उल्लंघन न कर सके, और जब वह पृथ्वी की नींव की डोरी लगाता था,

लोगों को समुद्र का किनारा बहुत अच्छा लगता है। वे किनारे की रेत पर खड़े होकर पृथ्वी की सतह के दो-तिहाई हिस्से पर फैले विशाल महासागरों को देख सकते हैं। यद्यपि समुद्र की गहराई, चौड़ाई और शक्ति महान है, और यद्यपि रेत पानी से केवल कुछ इंच अधिक है, फिर भी हमें कोई खतरा नहीं है। यहोवा ने पृथ्वी की नींव पर रेट की पट्टी ठहराई, और उसने महासागरों और समुद्रों के जल को उस पट्टी से आगे न बढ़ने की आज्ञा दी। और उसने इस शानदार रचना में अपनी बुद्धि का उपयोग किया।

सुलैमान ने ज्ञान और समझ को महिमामण्डित करने के लिए बुद्धि को एक स्त्री के रूप में दर्शाया (नीतिवचन 8:1-36; 9:1-12)। बुद्धि-रूपी स्त्री अपना परिचय देती है (नीतिवचन 8:1-11), अपनी विशेषताएं और प्रतिफल से परिचित कराती है (नीतिवचन 8:12-21), इस जगत के निर्माण में परमेश्वर के साथ अपनी उपस्थिति का वर्णन करती है (नीतिवचन 8:22-31), और मनुष्यों को उपदेश देती है कि वे अपने जीवन की आशिषों के लिए उसे प्राप्त करें (नीतिवचन 8:32-36)। इस नीतिवचन के द्वारा, वह हमें सिखाती है कि जब परमेश्वर ने महासागरों की सृष्टि कीं तब उसने यह सब अपनी बुद्धि से किया (नीतिवचन 8:27-31)।

महासागर और समुद्र पृथ्वी के सबसे महान आश्चर्यों में से एक हैं। बाइबल आपको ठीक-ठीक बताती है कि वे कैसे बने। “पृथ्वी बेडौल और सुनसान पड़ी थी, और गहरे जल के ऊपर अन्धियारा था; तथा परमेश्वर का आत्मा जल के ऊपर मण्डराता था।” फिर लिखा है, “फिर परमेश्वर ने कहा, ‘आकाश के नीचे का जल एक स्थान में इकट्ठा हो जाए और सूखी भूमि दिखाई दे,’ और वैसा ही हो गया। परमेश्वर ने सूखी भूमि को पृथ्वी कहा, तथा जो जल इकट्ठा हुआ उसको उसने समुद्र कहा : और परमेश्वर ने देखा कि अच्छा है” (उत्पत्ति 1:2,9-10)।

यहोवा परमेश्वर चाहता है कि हम महासागरों और उनके लिए उसकी सीमाओं को देखकर प्रभावित हों। उसने अय्यूब से कहा कि उसने जल-धाराओं को बेंड़े और किवाड़ें लगा दिए (अय्यूब 38:8-11)। उसने दाऊद को इस बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया कि वह समुद्र का जल ढेर के समान इकट्ठा कर उसकी सीमा ठहराता है जिसे वे पार नहीं कर सकते (भजन 33:7; 104:9)। और उसने भविष्यवक्ता यिर्मयाह के मुँह से कहा कि उसने “बालू को समुद्र की सीमा ठहराकर युग युग का ऐसा बाँध ठहराया कि वह उसे पार न कर सके, चाहे उसकी लहरें भी उठें, तौभी वे प्रबल न हो सकें, या जब वे गरजें तौभी वे उसको न पार कर सकें,” और इस कारण वे उसके इस अद्भुत काम के लिए उसका भय माने (यिर्म 5:22)। परमेश्वर की महिमा हो!

पृथ्वी का 71% भाग महासागर और समुद्र से भरा है। प्रशांत महासागर का आकार संयुक्त राज्य अमेरिका से 17 गुना बड़ा है। प्रशांत महासागर में स्थित मारियाना ट्रेंच माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई से एक मील अधिक गहरी है। ह्युरिकन और टाइफून जैसे तूफानों, ज्वारभाटा लहरों और सुनामी के बावजूद, समुद्र किनारें और तट वहीं हैं जहां वे पिछले साल थे। परमेश्वर ने महासागरों और समुद्रों को एक आदेश दिया, और वे उसकी सीमाओं को पार नहीं कर सकते। दुष्ट मनुष्य भी ऐसा नहीं कर सकते (भजन 65:7; 76:10)!

पाठ समझने में बिलकुल सरल है। यदि स्वर्ग और पृथ्वी के धन्य सृष्टिकर्ता, परमेश्वर यहोवा, समुद्र और सूखी भूमि का निर्माण करने से पहले बुद्धि से प्रसन्न था, तो बुद्धि निश्चित रूप से एक ऐसी बात है जिसका आपको अपनी पूरी ताकत से पीछा करना चाहिए। यदि सृष्टिकर्ता के पास यह है, तो उसके प्राणियों को इसे और कितना अधिक खोजना चाहिए (नीतिवचन 3:13-18; 4:5-13; 8:32-36)?

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।