नीतिवचन 8:21
जिससे मैं अपने प्रेमियों को परमार्थ का भागी करूँ, और उनके भण्डारों को भर दूँ।
गरीबी एक चुनाव है। मित्रवत बुद्धि सब पुरुषों, परिवारों और राष्ट्रों के लिए पर्याप्त खजाना लेकर आती है। यह स्वर्ग के परमेश्वर द्वारा स्थापित अर्थशास्त्र का नियम है। यह उतना ही निश्चित है जितना कि गुरुत्वाकर्षण और चार मौसमों का नियम। आप चाहे तो इस नियम को नकार सकते हैं, उसे अनदेखा कर सकते हैं, या इस नियम से नाख़ुश हो सकते हैं, लेकिन यह फिर भी सत्य है। इससे केवल आपका ही नुकसान होगा। बुद्धि इंसान के भण्डारों को धन से भर देती है (नीतिवचन 8:18)।
हाँ, परमेश्वर मनुष्यों के जीवन में परीक्षाएँ ले आता है, लेकिन इससे यह नियम नहीं बदलता। वह अपने पवित्र लोगों को कुछ समय के लिए वित्तीय हानि या गरीबी के द्वारा परख सकता है, जैसा कि अय्यूब के मामले में हुआ; लेकिन यह नियम हर बार कारगर सिद्ध हुआ है, जैसे कि बाकी सब नियम हैं। मूर्खता लोगों और राष्ट्रों के लिए केवल दर्द और गरीबी ले आती है; बुद्धि लोगों और राष्ट्रों के लिए शांति और समृद्धि ले आती है (भजन 33:12; 144:15)।
यह नीतिवचन उसी नीतिवचन का भाग है जिसमें सुलैमान बुद्धि का व्यक्तित्वकरण एक स्त्री के रूप में करता है (नीतिवचन 8:1-36)। बुद्धि रूपी यह स्त्री पुरुषों से आह्वान करती है कि वे उसे ग्रहण करें (नीतिवचन 8:1-11), उसके बाद वह बुद्धि के लाभों को सूचीबद्ध करती है (नीतिवचन 8:12-21), विश्व की उत्पत्ति में परमेश्वर ने कैसे उसका व्यापक रूप से उपयोग किया इस का वर्णन करती है (नीतिवचन 8:22-31), और पुरुषों को चेतावनी देती है कि सफलता या विपत्ति इस बात पर निर्भर करती है कि वे उसके इस निमंत्रण को कैसी प्रतिक्रिया देते हैं (नीतिवचन 8:32-36)।
इस नीतिवचन में दो सिद्धांत या शक्तियाँ काम करती हैं। पहला, बुद्धि लोगों को निर्देश देती है कि वे आर्थिक सफलता के लिए विवेकपूर्ण तरीके से श्रम करें और चालाकी से निवेश करें, और वह उन्हें उन गलतियों से बचाती है जो धन को नष्ट करती हैं (नीतिवचन 24:3-6)। दूसरा, स्वर्ग का परमेश्वर उन लोगों को अलौकिक रूप से आशीर्वाद देता है जो उसका भय मानते हैं और उस पर भरोसा करते हैं (नीतिवचन 22:4)। बुद्धि धन लाती है। इस पर विश्वास करें, या ज़िन्दगी से हार जाएँ!
पहले सिद्धांत पर विचार करें। बुद्धि के पास सफलता के नियम हैं। कड़ी मेहनत करना कभी भी व्यर्थ व्यापार या निवेश रणनीति से बेहतर है (नीतिवचन 14:23; 28:19)। पूंजी प्राप्त करने के लिए बचत करना बहुत ज़रूरी है ताकि आप अतिरिक्त कमाई का जरिया बना सकें (नीतिवचन 6:8; 14:4)। बचत करने के लिए खर्च करने में बहुत-सी बातों का त्याग करना ज़रूरी है (नीतिवचन 21:17,20)। अनावश्यक आर्थिक जोखिम से बचना ज़रूरी होता है (नीतिवचन 6:1-5; 22:26-27)। निराशावाद आशावाद से बेहतर है (नीतिवचन 14:15; 19:2)। बुद्धि ताकत से बेहतर है (सभोपदेशक 9:16; 10:10,15)।
बेशक, मूर्ख लोग और कई देश गंदगी में लोटने के लिए इन नियमों को मानने से इनकार करते हैं। आलस्य गरीबी को जन्म देता है (नीतिवचन 10:4; 12:24; तीतुस 1:12)। अहंकार करना आर्थिक विनाश है (नीतिवचन 26:12,16)। आलसी होने के सब बहाने व्यर्थ हैं (नीतिवचन 22:13; 26:13)। आलसी लोग हर तरह की “तुरन्त अमीर बनो” वाली योजना के शिकार हो जाता हैं (नीतिवचन 12:11; 13:11)। अधिकार से नाराज होकर, वे दूसरों के लिए काम करना तुच्छ समझते हैं (नीतिवचन 17:2; 27:18)। वे मूर्खतापूर्ण कर्ज़ पर कर्ज़ लेते हैं (नीतिवचन 11:15; 22:7)। वे हारे हुए हैं!
दूसरे सिद्धांत पर विचार करें। परमेश्वर उन लोगों को आशीष देता है जो उससे प्रेम करते हैं और उसकी आज्ञा मानते हैं। यदि आप पहले परमेश्वर को खोजते हैं, तो वह आपकी ज़रूरतों का ध्यान रखेगा (हाग्गै 1:5-11; मत्ती 6:33)। यदि आप अपने पापों को मान लेते हैं, तो वह आपको समृद्ध करेगा (नीतिवचन 28:13)। परमेश्वर ने भयानक विपरीत परिस्थितियों के बावजूद यूसुफ और दानिय्येल को आशीषित किया था। लेकिन उसने यह भी प्रतिज्ञा की है कि जो देश उसे भूल जाते हैं उनका वह विनाश कर देगा (भजन 9:17; 50:22)।
जब आप परमेश्वर का सम्मान करते हैं और एक भक्तिपूर्ण जीवन जीते हैं, तो वह आपकी कमाई को बढ़ाएगा, आपकी संपत्ति बढ़ाएगा, आपके खर्चों को कम करेगा और अलौकिक रूप से नुकसान से बचाएगा। इन महान आशीषों के सिद्धान्त किसी भी व्यावसायिक स्कूल में नहीं पढ़ाए जाते, और इन्हें प्रभु यीशु मसीह के प्रति पूर्ण समर्पण के बिना प्राप्त नहीं किया जा सकता है। विचार करें! यदि आप अपना पैसा उसके उद्देश्यों के लिए लगाते हैं, तो आप तेज़ी से उन्नति करेंगे (नीतिवचन 3:9-10; 11:24-27; 19:17; लूका 6:38)।
सबसे परमार्थ भण्डार तो अदृश्य हैं। वे यीशु मसीह में आत्मिक और अविनाशी धन हैं। मूसा ने उस धन को पाने के लिए मिस्र के सुख और खजाने को त्याग दिया (इब्रानियों 11:24-26)। यह धन सुसमाचार की ज्योति और सत्य है, जो एक व्यक्ति को इस दुनिया के अंधेरे अज्ञानता और अंधविश्वास से बचा सकता है। उसमें परमेश्वर के आत्मा की व्यक्तिगत उपस्थिति है, जबकि दुनिया स्वार्थी और शैतानी मूर्खता में भटकती रहती है। इस भण्डार में चुने हुए लोगों के लिए स्वयं परमेश्वर की अनन्त विरासत और स्वर्ग में एक महिमामंडित अनंतकाल शामिल है।
नम्र और चतुर पुरुष और स्त्रियाँ सुलैमान के इस पाठ में निहित दोहरा आशीर्वाद देखेंगे – बुद्धि आर्थिक और आत्मिक समृद्धि और सफलता की ओर ले जाती है। ऐसी आशीष और अनुग्रह प्राप्त करने की शर्त क्या है? बुद्धि से प्रेम रखो! बुद्धि क्या है? प्राकृतिक और आत्मिक दोनों चीज़ों के लिए परमेश्वर के वचन से सीखी गई सही निर्णय लेने की शक्ति। क्या आपको परमेश्वर का वचन प्रिय है? क्या आपको इसका प्रचार सुनना प्रिय है? पश्चाताप करें और आज ही परमेश्वर की बुद्धि से प्रेम करें।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।