नीतिवचन 7:10

और देखो, उससे एक स्त्री मिली, जिस का भेष वेश्या का सा था, और वह बड़ी धूर्त थी।

कुछ औरतें खतरनाक होती हैं! क्योंकि आप उनके मनों के अन्दर झाककर नहीं देख सकते, फिर आप उन्हें कैसे पहचान पाएंगे? उनका भेष, उनके कपड़े पहनने का तरीका देखो। उन्हें पहचानने के कुछ और तरीकें भी हैं, लेकिन एक स्त्री का अशोभनीय भेष, वह जिस तरह के कपड़े पहनती है, सतर्कता का संकेत है। अगर आप सुलैमान द्वारा औरत का किया गया पूरा विवरण पढ़ेंगे, तो आपको घातक स्त्री के बाकी सब चरित्र-लक्षण दिखाई देंगे।

इस नीतिवचन के भोले युवक का उस स्त्री से मिलना कोई इत्तेफ़ाक नहीं है (नीतिवचन 7:6-9)। वह अपनी मूर्खता में खुद होकर एक चरित्रहीन औरत की तलाश में चला जाता है कि उसके साथ अपनी भड़की हुई शारीरिक भूक को तृप्त कर सके, और इस शिकारी को यह शिकार घर बैठे मिल जाता। जैसे बैल कसाई–खाने को वैसे वह उसे विनाश करने को ले जाती है (नीतिवचन 7:21-23)। इस चेतावनी पर ध्यान दें – बुरे इरादों वाली कामुक स्त्री इतनी शक्तिशाली होती है कि उसके सामने बड़े बड़े बलवान भी गिर जाते हैं (नीतिवचन 7:24-27)।

व्यभिचारी स्त्री पुरुषों का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए भड़काऊ कपड़े पहनती है। यौनाचार के पाप में कपड़े उतारने की आवश्यकता होती है, लेकिन यह पराई स्त्री उनका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए पहले कपड़े पहनती है। फिर उनकी आँखों में अपने जलवों का आँकड़ा फंसाकर, वह पहले तो अपनी मीठी मीठी बातों, फिर चुंबन और आलिंगन देकर इस नापाक रिश्ते की पहल करती है (नीतिवचन 7:11-21)। यहां सुलैमान अपने बेटे को उस पराई स्त्री के गंभीर खतरों के बारे में चेतावनी देना जारी रखता है (नीतिवचन 7:1-27)।

पराई स्त्री वह औरत होती है जिससे आपका विवाह नहीं हुआ है – जिसका बिस्तर आपका बिस्तर नहीं है, और जिसके शरीर पर आपका कोई अधिकार नहीं है। वह वैवाहिक और प्रेम-प्रसंग की परिभाषा के अनुसार आपके लिए पराई या अजनबी है। उस के साथ आपका कोई भी अंतरंग सम्बन्ध नहीं होना है। केवल विवाहसंस्था ही यौन सुख को सम्मानजनक बनाती है (इब्रानियों 13:4)। बिना शादी के उसके साथ यौन सुख वर्जित है।

‘वेश्या का सा भेष’ क्या है? यह पुरुषों की आंखों को उसके शरीर की ओर आकर्षित करने और यौन पापों के लिए उनके शरीर की लालसा को उत्तेजित करने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया हुआ और पहना जाने वाला कपड़ा होता है। यह ऐसी उपयुक्त सामग्री और परिधान है जिसे इस मकसद डिज़ाइन किया जाता है कि उसे पहननेवाली स्त्री पुरुषों का ध्यान खींचने और उनकी देह-वासना को भड़काने में सफ़ल हो जाए। किस प्रकार के कपड़े पहनने है यह इस पर निर्भर करता है कि स्त्री यौन रूप से कितनी वांछनीय दिखाई देना चाहती है। बुद्धिमान पुरुष ऐसी किसी भी स्त्री से या ऐसे किसी भी स्थान से जहां ऐसी स्त्रियाँ एकत्र होती हैं, दूर रहेंगे ।

ख्रिश्चन स्त्रियों, क्या तुम वेश्या की तरह कपड़े पहनती हो? हो सकता है तुम्हारा ऐसा इरादा न हो, लेकिन अगर आपके कपड़े किसी पुरुष का ध्यान आपके शरीर की ओर खींचते हैं, तो आप इस दुष्टता के दोषी हैं। आप मनुष्यों की आत्माओं के विनाश में भागीदार हैं, भले ही आप उनके साथ नहीं सोते। घर से बाहर निकलने से पहले आप अपने परिधान को लेकर कितनी सावधानी बरतती हैं? क्या आप दर्पण में अपना पिछला भाग देखती हैं? क्या आप जानती हैं कि शरीर के कौन-से भाग की जाँच करनी है? क्या आप इस मामले में अपने पिता, भाई या पति से मदद मांगती हैं?

अगर आपको लगता हैं कि वेश्याएँ पाँच इंच ऊँची एड़ी की सैंडल, फिशनेट वाली टॉप, छोटी काली चमड़े की स्कर्ट और तंग, चमकीला लाल स्वेटर पहनती हैं, तो आप इस विषय पर अपनी अज्ञानता साबित करते हैं। महँगे एस्कॉर्ट्स सर्विसेज देनेवाली दलाली कम्पनियाँ भी अपनी लड़कियों को ऐसे आकर्षक व्यावसायिक पोशाक पहना सकती हैं जो आपके दिमाग में मौजूद छवि से बिल्कुल अलग है। सुलैमान वास्तव में यहाँ एक कुलीनता का दिखावा करनेवाली, धनवान और धार्मिक विवाहित स्त्री का वर्णन कर रहा है।

गौर करें। यह व्यभिचारी औरत मन की धूर्त है। इसका मतलब है कि वह फांसने के अपने तौर-तरिकों में बड़ी चालाक और भरमाने वाली है। वह अचानक आपके सामने आकर नहीं कहती, “मैं एक वेश्या हूँ, और मैं चाहती हूँ कि तुम मेरे साथ पाप करो।” वह इतनी मूर्ख, घटिया, या नीच नहीं है कि सड़क पर चलने वाले की तरह कपड़े पहने। वह उच्च वर्ग के पुरुषों का ध्यान आकर्षित करने के लिए अपनी एक उच्च स्तरीय छवि और पहचान बनाना चाहती है।

परमेश्वर ने आदम और हव्वा की नग्नता को ढकने के लिए चमड़े के वस्त्र बनाए। उन्होंने अपनी कमर को अंजीर के पत्तों की लुंगी से ढँक लिया था, परन्तु परमेश्वर ने उनके शरीर को खाल के लबादे से अच्छी तरह ढँक दिया (उत्पत्ति 3:7,21)। वस्त्र ढकने और छुपाने के लिए होते हैं, आकर्षित करने और शरीर के अंग दिखाने के लिए नहीं। स्त्री को अपने शरीर का डील-डौल दिखाने के लिए जो पुरुषों की आंखों और दिमाग को यौन वासना की ओर ले जाती है, त्वचा को दिखाने की जरूरत नहीं होती। स्त्री के चिपचिपे या तंग कपड़े ही उसकी खुली त्वचा के समान शक्तिशाली होते हैं।

वस्त्र-उद्योग स्त्रियों के शरीर को छुपाना नहीं चाहता, बल्कि उसे निखारना, प्रकट करना और सबके सामने खुला करना चाहता है। हर साल नए नए फीचर्स डिज़ाइन किए जाते हैं जिसका उद्देश्य स्त्री के शरीर को पहले से भी अधिक आकर्षक तरीके से दिखाना होता है। प्रत्येक ख्रिश्चन स्त्री को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि उसकी पोशाक अत्यंत शालीन हो। चूँकि एक स्त्री किसी पुरुष के मन को नहीं समझ सकती है, इसलिए उसे कपड़ों की कामुक विशेषताओं के बारे में पिता, भाई या पति की बात सुननी चाहिए और ऐसे वस्त्र पहनने से बचना चाहिए।

छोटी स्कर्ट में बहुत अधिक पैर दिखते हैं, कम ब्लाउज में बहुत अधिक छाती दिखाई देती है। हर पवित्र और विनम्र स्त्री को पता होना चाहिए कि कपड़ों का ऐसा चुनाव गलत है। बारीक़ पट्टियों वाली स्लीवलेस ब्लाउज़, बेम्बी के भी दो इंच निचे साड़ी, तंग सलवार, और तंग जींस और नेट-टॉप भी सद्गुणी स्त्रियों के लिए सीमा से बाहर हैं। बेशक, एक पति को ये सब पसंद आ सकता है! ये शील स्त्री पर तब लागू नहीं होते जब वह अपने पति के साथ बंद कमरे में होती है, और उसे यौन रूप से बहकाना चाहती है (इब्रानियों 13:4)। जब पति को बहकाने की बात आती है तब प्रत्येक विवाहित स्त्री को इस मामले में एक कामोत्तेजक खिलाड़ी होना चाहिए (उत्पत्ति 26:8)।

लेकिन लंबी स्कर्ट भी अगर तंग और पतले, चिपचिपे कपड़े की हो तो पुरुषो को बहका सकती हैं। यही साड़ी और ब्लाउज़ पर भी लागू होता है। लंबी आस्तीन वाले ब्लाउज़ भी अक्सर अनैतिक हो सकते हैं।

ऊँची एड़ी की सैंडल का आविष्कार आरामदायक चाल के लिए नहीं किया गया था, बल्कि इसलिए किया गया था कि चलते समय स्त्री की कमर और जांघों में लचक पैदा हो। मटक-मटक कर और नख़रेबाज़ चाल व्यभिचारी चाल है (यशायाह 3:16 )। सामजिक शालीनता की दृष्टि से स्त्रियों को विवेकपूर्ण होना ज़रूरी है।

बेशक, आधुनिक स्त्रियाँ अपने परिधान पर सुझावों या प्रतिबंधों पर विद्रोह करती हैं। लेकिन कुछ साल पहले की स्त्रियाँ इन नई शैलियों को अयोग्य और अनुचित मानती थीं। पर अब ऐसा क्या हुआ है? दुनिया नैतिकता की अपनी अपनी परिभाषा में स्वतंत्र होकर कामुकता की गहरी खाई में गिरती जा रही है। सच्चे मसीही विश्वासी सकेत फाटक और सरल मार्ग की खोज करते हैं।

धन्य परमेश्वर, जिसने स्त्री की रचना की और यौन सुख का आविष्कार किया, उसने घोषणा की कि उसकी दृष्टि में नम्रता और मन की दीनता की अविनाशी सजावट का मूल्य बड़ा है (1 पतरस 3:3-4)। उसकी दृष्टि में? हाँ, उसकी दृष्टि में! एक दयालु और धर्मपरायण स्त्री देखने में सुंदर होती है, लेकिन उसके शरीर के बजाय उसकी आत्मा और मन देखा जाता है। एक कुलीन स्त्री अपने बालों, या पोशाक से अधिक अपने पवित्र आचरण और विनम्र और दयालु भावना पर ज़ोर देती है। वह सबसे पहले स्वयं को भक्ति से सुशोभित करेगी।

बाइबल यह नहीं सिखाती कि स्त्रियाँ अपने रूप-रंग में भद्दी, बेडौल या कुरूप दिखे या अपने श्रुंगार में लापरवाह हो जाए। वस्तुतः नीतिवचन 31 की कुलीन और सद्गुणी पतिव्रता स्त्री देखने में खूबसूरत थी। लेकिन वह ऐसा श्रुंगार अपने परमेश्वर और अपने पति को प्रसन्न करने और उनका सम्मान करने के लिए करती थी (नीतिवचन 31:10-12,22,30)। सारा, रिबका, राहेल, अबीगैल और अन्य पवित्र स्त्रियाँ देखने में सुन्दर थीं। यह प्राथमिकता है जो मायने रखती है। एक स्त्री को अपनी शारीरिक बनावट या कपड़ों के चयन पर पवित्र और दयालु भावना पर ज़ोर देना चाहिए।

ख्रिश्चन पुरुषों, चूँकि किसी पराई स्त्री के साथ यौन पाप उसे वासना की नज़रों से देखने से ही शुरू होता है, इसलिए जितना संभव हो सके उसकी उपस्थिति से बचने में ही आपकी सुरक्षा है। आप ऐसी जगहों को चुनने में मूर्खतापूर्ण पाप करते हैं जहाँ औरतें अनैतिक तरीके से कपड़े पहनती हैं (रोमियों 13:14)। यदि आप उसकी उपस्थिति से पूरी तरह बच नहीं सकते, तो कम से कम उसकी ओर देखने से तो आप बच ही सकते हैं। अपनी वासना को भड़काए ही क्यों (1 यूह 2:16; याकूब 1:13-16)। यदि आप अभद्र कपड़े पहने स्त्रियों से दूर रहते हैं और उनकी ओर देखने से बचते हैं, तो लड़ाई लगभग जीत ली जाती है।

जैसे-जैसे समकालीन चर्चों में दिखावटी आराधना बढ़ती जाएगी, वैसे वैसे वहां भी वेश्याओं की सी पोशाक अधिक दिखाई देगी, वहाँ भी जहाँ परमेश्वर की आराधना की जाती है। यह एक शर्मनाक बदनामी और महा पाप है, लेकिन कुछ ही लोग इसके खिलाफ बोलेंगे क्योंकि उन्हें उन स्त्रियों के ज़ोरदार विरोध का सामना करना पड़ेगा जो मौजूदा फैशन के वस्त्र पहनना चाहती हैं और ग़ैर मर्दों का ध्यान आकर्षित करना चाहती हैं। ख्रिश्चन स्त्रियों, तुम खुद को शालीन वस्त्रो और भले कामों से सवारों, और अपने को सद्गुणी और कुलीन व्यक्ति के रूप में स्थापित करों।

यदि आप एक पति या पिता हैं, तो सुनिश्चित करें कि आपकी पत्नी या बेटियाँ शालीन कपड़े पहनें, अन्यथा आप अन्य पुरुषों को बहकाने में अप्रत्यक्ष रूप से भागीदार हैं। परमेश्वर के बच्चों को चाहिए कि वे एक-दूसरे के लिए पवित्र और विनम्र साथी बने और पवित्रता की सहभागिता दें, जहाँ अनैतिक पोशाक के कारण किसी को भी यौनाचार की परीक्षा का सामना न करना पड़े। ऐसे शुद्ध और सदाचारी पुरुषों और स्त्रियों द्वारा, इस व्यभिचारी पीढ़ी में भी, प्रभु यीशु मसीह की प्रशंसा हो।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।