नीतिवचन 6:6

हे आलसी, चींटियों के पास जा; उनके काम पर ध्यान दे, और बुद्धिमान हो।

चींटियाँ अच्छी शिक्षक हैं (नीतिवचन 30:24-28)। कुछ ऐसी बातें हैं जिन्हें आप चींटियों से सीख सकते हैं, और पेशेवर रूप से वे बातें आपकी कॉलेज की डिग्री या टेक्नोलॉजी में पारंगत शिक्षा से कही अधिक बढ़कर आपके लिए कल्याणकारी साबित होगी। चींटियाँ मेहनती और विवेकपूर्ण होती हैं: बिना किसी दबाव के कड़ी मेहनत करती हैं, और जो कुछ वे जमा करके रखती हैं उसे बड़ी चालाकी से बचाकर रखती हैं। सफलता के लिए अनिवार्य इन दो मूलभूत बातों की आज के आधुनिक समाजों में अक्सर उपेक्षा की जाती है, जहां सुखविलासिता पर ज़ोर दिया जाता है और ‘आमदनी अठन्नी, खर्चा रूपया’ को प्रोत्साहित किया जाता है।

आलसी क्या होता है? एक ऐसा व्यक्ति जो धीमा, सुस्त और अनुद्योगी है, और जिसे कड़ी मेहनत करना पसंद नहीं है। जो लोग उस पर भरोसा करते हैं उनके लिए वह परेशानी और जोखिम बन जाता है (नीतिवचन 10:26)। मेहनती पुरुष, या वे जो कठोर परिश्रम करते हैं, सफल होंगे (नीतिवचन 10:4; 12:24; 14:23; 22:29; 28:19), लेकिन आलसी पुरुष, जो कड़ी मेहनत से बचते हैं, असफल हो जाते हैं (नीतिवचन 6: 10-11; 12:24; 19:15; 20:4,13; 24:30-34)। क्या तुम आलसी हो?

आलसी इतने अहंकारी होते हैं कि उन्हें सिखाया नहीं जा सकता (नीतिवचन 26:16), इसलिए सुलैमान ने चींटियों की मिसाल देकर उनका उपहास किया है। यदि वे केवल कुछ मिनटों के लिए भी चींटियों पर निरिक्षण करते, तो ये हठधर्मी सफल होना सीख सकते थे, क्योंकि चींटियाँ आलसी लोगों से कहीं अधिक समझदार होती हैं। हार्वर्ड, या ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय की एमबीए की डिग्री आपके लिए उतनी उपयोगी नहीं है जितनी वह शिक्षा जिसे आप अपने आंगन में की चिंटियों से सिखते हैं। लेकिन आलसी इतने अहंकारी होते हैं कि वे इन अत्यन्त नन्हें शिक्षकों से नहीं सिखना चाहेंगे।

आलसी लोग बिछौने पर पड़े रहते हैं, क्योंकि वे नींद से प्रीति रखते हैं (नीतिवचन 6:9-11; 20:13; 24:30-34)। उनमें बिस्तर पर करवटें बदलने की शक्ति होती है, लेकिन अपने मुंह में खाने का निवाला डालने के लिए उनमें मुश्किल से ही पर्याप्त शक्ति होती है (नीतिवचन 26:14-15)। दूसरों के समान उन्हें भी जीवन की अच्छी-अच्छी चीजें चाहिए होती हैं, लेकिन उन्हें पाने के लिए वे काम नहीं करना चाहते (नीतिवचन 13:4; Ec 10:15)। अपनी सुस्ती में बिस्तर पर पड़े रहना उनके लिए बहुत आरामदायक और सुखद होता है।

चींटियों के बारे में सोचो। आलसी लोगों के विपरीत, उनके पास एक उत्कृष्ट कार्य-नीति है। यदि आप घास में उतर कर इन छोटे जीवों को देखते हैं, तो आप तुरंत ही देख पायेंगे कि बुद्धि और लाभकारी आदते क्या होती हैं। चींटियाँ भोर हो जाने के बाद सोती नहीं रहती हैं, और वे झपकी नहीं लेती हैं, इसलिए उन्हें सुबह या दोपहर में जगाने की चिंता न करें। वे उठती हैं, काम पर लग जाती हैं और अथक रूप से काम पर बनी रहती हैं।

वे हमेशा कामकाज़ी, तेज, और ऊर्जावान होती हैं। वे कुशलता से काम करती हैं। वे अथक परिश्रम करती हैं। वे इधर-उधर खड़ी नहीं रहती, न आस-पास बैठी रहती हैं, और न ही अपने काम में देरी करती हैं। वे फुर्ती से काम करती हैं। वे काम को अंजाम देने के लिए किसी के इजाज़त की प्रतीक्षा नहीं करती हैं: वे खुद से ही काम पर लग जाती हैं और उसे पूरा होने तक कड़ी मेहनत करती हैं (सभोपदेशक 9:10)। वे अपनी भोजन-सामग्री को सामूहिक रूप से ढकेलते हुए ले जारी हैं! जब तक काम पूरा नहीं होगा, वे काम करना नहीं रोकती।

उनपर नज़र रखने के लिए उन्हें किसी निरीक्षक की आवश्यकता नहीं है (नीतिवचन 6:7), क्योंकि वे काम पर जाती हैं और बिना किसी के निर्देश के ही कुछ उद्दम खोज लेती हैं। उन्हें आदेश देने या धमकी देने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें बार-बार यह याद दिलाने की ज़रूरत नहीं है कि उनसे क्या अपेक्षित है। यह आलसी से कितना भिन्न है, जिसे कुछ भी करवाने के लिए हमेशा उकसाना पड़ता है। चींटियों को कड़ी मेहनत करने का यह विवेक परमेश्वर से मिलता है।

जब समय अच्छा होता है, तो वे बुरे समय के लिए बचाकर रखने अतिरिक्त मेहनत करती हैं (नीतिवचन 6:8); वे इसे आसानी से नहीं लेती हैं क्योंकि उनकी आँखों को बहुत जमा किया हुआ दिखाई देता है। वे सारा खाना एक ही बार में खाने के बजाय अतिरिक्त जमा किए हुए को बचाकर रखती हैं। वे खुद को अल्पकालिक सुख से वंचित रखती हैं ताकि दीर्घकालीन समृद्धि का निर्माण कर सकें। वे अपनी बुद्धि का उपयोग करके, जमा किए हुआ दानों को अंकुरित होने से बचाने के लिए उनके सिरों को भी काट कर रखती हैं।

उनके पास संघटन के नियम या स्वार्थी आदतें नहीं हैं जो उन्हें दूसरों की मदद करने से रोकती हैं। वे केंद्रित और अथक प्रयासों से साथ बड़ी उत्सुकता से एक-दूसरे से ज्यादा काम करने की कोशिश करती हैं। अगर कोई चींटी अकेले ही कुछ बहुत भारी वस्तु ढकेलते हुए ले जा रही होती है, तो अन्य उसकी मदद के लिए आती हैं और मिलकर उस वस्तु को उसके गंतव्य तक पहुँचाती हैं। वे अपनी पूरी कॉलोनी को सफल बनाने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध होती हैं। उनमें ‘एकला चलो रे’ की स्वार्थी वृत्ति नहीं होती हैं।

वे सबसे आसान तरीका नहीं चुनती हैं, और अगर काम जल्दी खत्म नहीं हो पाया तो वे निराश नहीं हो जाती हैं। कठिनाइयों का सामना करते समय, वे तब तक ऊर्जावान रूप से बार-बार प्रयास करती रहती हैं जब तक वे सफल नहीं हो जाती। वे अपना भोजन खोजने के लिए घर से काफी दूर निकल जाती हैं। वे मनुष्यों के घरों, कारों और लगभग किसी भी चीज में घुस जाती हैं ताकि उन्हें जो चाहिए उसे हासिल कर सके।

प्रिय पाठक, इन छोटे जिवों के तौर-तरीकों पर विचार करें। क्या आप हर दिन अपने काम पर टूट पड़ने में इस नन्ही चींटी के समान हैं? आप अपनी सारी आमदनी को बचाने के लिए अपने खर्च को अनुशासित करने में उस चींटी के समान हैं? कड़ी मेहनत केवल बातें करने से (नीतिवचन 14:23), अमीर बनने के सपने देखने से (नीतिवचन 28:19), या सोने से (नीतिवचन 6:9-11; 20:13) नहीं होती। व्यस्त हो जाओ! जिसमें आर्थिक बातों को लेकर विवेक है वह अपनी आमदनी को खर्च करने या अपव्यय पर उड़ाने के बजाए बचाकर रखेगा (नीतिवचन 21:20; 18:9)। आज ही कुछ बचत में लगाएं!

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।