नीतिवचन 6:27

क्या हो सकता है कि कोई अपनी छाती पर आग रख ले; और उसके कपड़े न जलें?

संयोगवश यौन संबंध बनाना आपको जलाकर रख देगा। इसके विरूद्ध कोर्इ सुरक्षा नहीं है। विवाह यौन आनंद को सम्मानजनक बनाता है, लेकिन परमेश्वर व्यभिचारियों और परस्त्रीगमन करने वालों का न्याय करेगा (इब्रा 13:4)। परंतु इसके पहले कि परमेश्वर आपका न्याय करे, जो आपको जानते हैं वे और आपकी अपनी आत्मा भी आपको दंडित करेंगे।

आप नीतिवचन के इस प्रश्न का उत्तर जानते हैं। उत्तर सुस्पष्ट और दृढ़ है, नहीं! एक पुरुष आग को अपने कपड़ों के करीब ले जाए और फिर भी अपने कपड़ों को सुरक्षित रखे, यह असम्भव है। इतने पास रखी आग, न केवल उसके कपड़ों को झुलसा देगी अपितु बुरी तरह जला देगी। और यह भी उतना ही सच है कि एक पुरूष, दूसरे पुरूष की पत्नी के संग यौन संबंध बना रहा हो, तो वह अपना संपूर्ण जीवन जला बैठेगा। यौन पाप को लेकर कुछ भी संयोगवश नहीं है।

सुलैमान ने अपने पुत्र को पराई स्त्री -वेश्यावृत्ति करनेवाली या व्यभिचारिणी स्त्री- के खतरे के विषय में चेतावनी दी (नीति. 6:23-35)। वह चाहता था कि उसका पुत्र जान ले कि व्यभिचार के गम्भीर परिणाम होंगे, ठीक उसी तरह जैसे आग को गले लगाने से पुरुष के कपड़े निश्चित रूप से जल जाएंगे। परस्त्रीगमन का पाप आपके जीवन को वैसा ही जला देगा जैसा कि आपके सीने पर लगी आग आपके वस्त्रों को जला देगी।

व्यभिचार एक पुरुष को कैसे जलाता है? यहां चेतावनी में मुख्य मुद्दा व्यभिचारी की प्रतिष्ठा है -वह निर्दोष नहीं होगा, क्योंकि इस पाप को आसानी से क्षमा या अनदेखा नहीं किया जा सकता है (नीति. 6:29)। मनुष्य एक चोर को तुच्छ नहीं जानता, यदि वह भूख के कारण चोरी करता है -उसका अपराध समझनेयोग्य होता है, भले ही उसे दण्डित किया जाएगा (नीति. 6:30-31)। परन्तु पुरुष अपनी पत्नियों के साथ व्यक्तिगत अन्तरंग सम्बन्ध रखने के रूप में चोरी करने वाले बाहरी व्यक्ति को न तो समझेंगे और न ही स्वीकार करेंगे (नीति. 6:32-35)।

यह नीतिवचन एक सरल प्रश्न पूछता है: आप इसका स्वाभाविक उत्तर जानते हैं। एक अलंकारिक प्रश्न प्रेरक और यक़ीन दिलानेवाले तर्क का एक शक्तिशाली साधन है। जब आप एक मनुष्य को अपने सीने से आग को लगाते हुए देखते हैं, तब आपको इसमें कोई सन्देह नहीं है -उसके कपड़े निश्चित रूप से जल जाएंगे! इस तस्वीर का रूपान्तरण व्यभिचार में करना है -अन्य पुरुष की पत्नी के साथ यौन सम्बन्ध स्थापित करने वाला पुरुष निश्चित रूप से जल जाएगा। दूसरे पुरुष का विवाह-विच्छेद करने के लिए उसे गम्भीर और निश्चित परिणाम भुगतने होंगे।

आप इस नीतिवचन का उत्तर जानते हैं, और आप इसके अनुप्रयोग को जानते हैं। परन्तु कई लोग इस स्पष्ट सबक के विषय में झूठ बोलते हैं! हॉलीवुड और बॉलीवुड यौन वासनाओं और कल्पनाओं को आकर्षित करके फिल्में बेचते हैं, इसलिए वे कभी भी व्यभिचार के परिणाम नहीं दिखाते; इसके विपरित वे इसे अपने द्वारा निर्मित हर फिल्म में काम में लाते हैं। वे चाहते हैं कि आप विश्वास करें कि आग आपके कपड़ों को नहीं जलाएगी। वे लालची झूठे हैं जिन्हें शैतान द्वारा निर्देशित किया जाता है कि वे अपने लालची बटुए को भरने की पापी वासनाओं को सन्तुष्ट करें।

कुछ मनोवैज्ञानिक कहते हैं कि विवाहबाह्य-सम्बन्ध विवाह को मज़बूत कर सकता है। जीवन शैली और गीतों द्वारा संगीत उद्योग इसे एकमात्र रोमांचक प्रेम के रूप में सुझाता है। इसके बिना टेलीविज़न धरावाहिकों का अस्तित्व नहीं होता। प्रेम-क्रिड़ाओं पर आधारित उपन्यास इसके लिए कामुक कल्पनाएं पैदा करते हैं। नाइटक्लब इसे शुरू करने के लिए जगह बनाते हैं। “प्रेम-सम्बन्ध होना”, “अपना कोई प्रेमी या अपनी कोई प्रेमिका होना”, या “व्यभिचार करना” जैसी प्रेयोक्तियां इसके परिणामों को छिपाती हैं। वे झूठ बोलते हैं! व्यभिचार आपको उतनी ही हानि पहुंचाएगा जितनी आग कपड़ों को जला देगी। इससे भागें!

व्यभिचार के विषय में सबसे बड़ा झूठा व्यक्तित्व आपके ही अन्दर है -आदम से विरासत में मिला आपका पापी हृदय। यदि आप इसे ज़रा-सी भी स्वतंत्रता देते हैं, तो आपका हृदय आपको बताएगा कि आप व्यभिचार से बच सकते हैं, और यह कि यह आनन्द के योग्य है। क्या आप जानते हैं कि आपका मन इतना दुष्ट है (यिर्म. 17:9)? यदि आप जानते हैं, तो आप आंशिक रूप से सुरक्षित हैं। यदि आप नहीं जानते हैं, तो आपको इसे सीखने की ज़रूरत है। तो फिर आपको उस प्रत्येक मनुष्य या उत्तेजना को अस्वीकार करने की आवश्यकता है जो यह सुझाव देता है या सिखाता है कि व्यभिचार सुरक्षित है। यह सुरक्षित नहीं है (इब्रा. 13:4)।

यदि आपने व्यभिचार किया है, तो आप पहले से ही जानते हैं कि यह नीतिवचन सच है, बशर्ते परमेश्वर ने आपको आपके मन की अभिलाषाओं के अनुसार अशुद्धता के लिए त्याग न दिया हो और आपके विवेक को अंधेरा न कर दिया हो (रोमि. 1:18-32; इफि. 4:17-19)। यदि आप जानते हैं कि आप दोषी हैं, और यदि आप जानते हैं कि आपने पाप किया है, तो प्रभु यीशु मसीह के द्वारा परमेश्वर आपको आसानी से क्षमा कर सकता है। यह कभी न भूलें कि वह पापियों के लिए इस संसार में आया, और उसके अनुयायियों में से कुछ क्षमा-प्राप्त वेश्याएं थीं (1 तीमु. 1:15; मत्ती 21:31)।

यदि अपराध बोध आपको कुचल रहा है, तो बाइबल में पश्चात्ताप करने वाले व्यभिचारियों और व्यभिचारिणियों का स्मरण करें। बतशेबा के साथ व्यभिचार और उसके पति की हत्या के बाद परमेश्वर ने दाऊद को क्षमा कर दिया और सामर्थी रूप से उसका उपयोग किया। प्रभु यीशु ने अपने राज्य में वेश्याओं को स्वीकार किया, उस नगर में सुसमाचार-प्रचार के लिए सूखार की व्यभिचारिणी को चुना, फरीसियों द्वारा व्यभिचार में पकड़ी गई स्त्रीयों को क्षमा कर दिया, और अपने पुनरुत्थान के बाद सबसे पहले मरियम मगदलीनी के सामने प्रकट हुआ। वह उस पाप के प्रति दयालु कैसे हो सकता है जिससे परमेश्वर घृणा करता है? क्योंकि उसने कलवरी के क्रूस पर व्यभिचार का पाप अपने ऊपर ले लिया। यह उन्हें फिर कभी नहीं जलाएगा जो मसीह में पाए जाते हैं (यशा 54:4-12; 1 कुरिं. 6:9-11)।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।