नीतिवचन 30:33

क्योंकि जैसे दूध के मथने से मक्खन, और नाक के मरोड़ने से लहू निकलता है, वैसे ही क्रोध के भड़काने से झगड़ा उत्पन्न होता है।

परमेश्वर से बैर रखनेवाले एक प्राध्यापक ने दर्शनशास्त्र की कक्षा में तंज कसते हुए यह कहा, “इस कक्षा में मौजूद कोई भी बाइबल के किसी एक भी कथन को परम/अंतिम सत्य के रूप साबित नहीं कर सकता।” कक्षा में पीछे बैठा एक शांत युवक बोला, “मैं कर सकता हूँ।” प्रोफ़ेसर ने भबका कर प्रत्युत्तर दिया, “ठीक है, तुम्हारे पास अवसर है।” वह युवक उस शिक्षक के पास गया, शिक्षक की नाक को अपने हाथ से पकड़ा और जोर से मरोड़ दिया। उसकी नाक से जमकर खून बहने लगा, और फिर उस युवक ने इसी नीतिवचन को बोलकर इसे परम सत्य के रूप में साबित किया। परमेश्वर की महिमा करो!

धन्य सृष्टिकर्ता परमेश्वर ने अपनी सृष्टि में व्यवस्था को रखा और उसे मनुष्यों पर प्रकट किया। यदि दूध की मलाई को मथनी में ज़ोर ज़ोर से हिलाया जाए तो वह मक्खन बन जाएगी और छाछ अलग हो जाएगा। यह प्रक्रिया जगत के आरंभ ही से जानी-मानी है, और यह उतनी ही पक्की और निश्चित है जितना कि गुरुत्वाकर्षण का नियम। कमज़ोर प्रक्रिया से इसमें अधिक समय लग सकता है, परन्तु दूध को मथने से अंत: मक्खन निकलेगा ही।

नाक की रक्त वाहिकाएं कमज़ोर होती हैं, और सतह के पास होती हैं। यदि नाक पर जोर से मारा या मरोड़ा जाए, तो ये वाहिकाएँ टूट जाएँगी और नाक से रक्त बहने लगेगा। नकसीर, या नाक से खून बहना बहुत आम है, और नाक को अगर हलके से भी मरोड़ जाए तो नाक में से आसानी से खून बहने लगेगा। जिस प्रकार गुरुत्वाकर्षण का नियम निश्चित और निर्विवाद है, ठीक वैसे ही नाक के मरोड़ने से रक्त वाहिकाएं फट जाएंगी और खून बहने लगेगा।

उसी निर्विवाद नियम के तहत, अपने मुक़दमे पर ज़ोर देने या उसका बचाव करने के लिए क्रोधित प्रतिक्रियाएँ देने से झगड़ा उत्पन्न होता है। क्रोध प्रकोप या रोष है, और झगड़ा लड़ाई करना और फूट डालना है। आप जिस प्रकार क्रोध से निपटते हैं उससे तय होता है कि आप झगड़े और कलह का कारण बनते हैं या नहीं। “क्रोधी पुरुष झगड़ा मचाता है, परन्तु जो विलम्ब से क्रोध करनेवाला है, वह मुक़द्दमों को दबा देता है” (नीतिवचन 15:18)। क्रोधपूर्ण कलह शैतान और नरक से है; यह भ्रम और हर प्रकार की बुराई की ओर ले जाता है; इसके विपरीत, बुद्धिमान पुरुष मेल-मिलाप करनेवाले होते हैं (याकूब 3:13-18)।

क्रोध हर किसी को आता है (मरकुस 3:5), परन्तु बुद्धिमान लोग विलम्ब से क्रोध करते हैं और अपने विरुद्ध दूसरों के अपराधों को भूल जाते हैं (नीतिवचन 19:11)। वे प्रतापी पुरुष हैं! बुद्धिमान लोग क्रोध को पाप का कारण नहीं बनने देते, और वे उसे शीघ्र ही दूर कर देते हैं (इफिसियों 4:26)। बुद्धिमान पुरुष कोप करने में धीमे होते हैं (नीतिवचन 14:17,29; याकूब 1:19)। वे अपनी भावनाओं पर क़ाबू रखते हैं और किसी भी प्रकार से क्रोध को अपने ऊपर हावी नहीं होने देते हैं (नीतिवचन 16:32)। वे महान पुरुष हैं! वे जानते हैं कि क्रोध उन्हें हर प्रकार की बुराई के प्रति संवेदनशील बना देता है (नीतिवचन 25:28)।

क्रोधी पुरुष प्राण-घातक मूर्ख होते हैं। वे हमेशा किसी न किसी झगड़े या लड़ाई में शामिल रहते हैं। उनसे बचें! यदि आप क्रोधी पुरुषों की संगति करते हैं, तो आप उनके पापपूर्ण तरीकों को सीखेंगे और उनके समान झगड़ा और कलह में शामिल होंगे (नीतिवचन 22:24; 29:22)। क्रोध परमेश्वर को प्रसन्न नहीं करता, और यह परमेश्वर की धार्मिकता के विरुद्ध है (याकूब 1:20)। विश्वासयोग्य और सिद्ध पुरुषों में से अपने लिए मित्र चुनना भला है (भजन 101:6)। जीवन इतना छोटा है कि अनावश्यक क्रोध में अपना एक दिन भी बर्बाद करना मूर्खता है।

क्रोधपूर्ण लड़ाई या क्रोधपूर्ण झगड़ा उत्पन्न करना हत्या का कारण बन सकता है। यीशु ने सिखाया कि अनावश्यक क्रोध छठी आज्ञा का उल्लंघन है – तू हत्या न करना (मत्ती 5:21-22)। ऐसा कड़वा क्रोध स्वयं शैतान का लक्षण है, और यदि आप अपने क्रोध को वश में करके उससे छुटकारा नहीं पा लेते हैं, तो आप उसे अपने जीवन में स्थान देते हैं कि वह आपका नाश करे (इफिसियों 4:26-27; याकूब 3:14-16)

क्रोध मूर्ख की पहचान है (सभोपदेशक 7:9)। क्रोध क्रूर है, और प्रकोप से उपद्रव मचता है (नीतिवचन 27:4)। वे दोनों झगड़े की ओर ले जाते हैं। क्रोधित होने के बजाय अपमानित होना, या कपटपूर्ण रीति से धोखा खाने का चुनाव करें (1 कुरिन्थियों 6:7)। अपने शत्रुओं से प्रेम रखो, और उनके साथ अच्छा व्यवहार करो (मत्ती 5:43-48)। आपको अपना बचाव करने की आवश्यकता नहीं है; परमेश्वर आप ही आपका मुक़दमा लड़ेगा (रोमियों 12:19-21)। मेल-मिलाप और दीनता से प्रीति रखो (याकूब 3:17-18)। अपने आस-पास के सभी लोगों के लिए आनंद, शांति, प्रेम और एकता की मिसाल बनो और प्रभावशाली बनो।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।