नीतिवचन 30:28
और मकड़ी जो अपने पाओं से पकड़ती है, तौभी राजभवनों में रहती है।
मकड़ी परमेश्वर के बनाए कुछ छोटे जीवों में से एक है, लेकिन वह अत्यन्त बुद्धिमान होती है (नीतिवचन 30:24)। यहां वह चौथा छोटा जीव है जो बुद्धि पर हमें एक ठोस और वस्तुगत सबक देता है। मकड़ियों में एक विशेषता होती है जिसे सफल होने के लिए आपको सीखना चाहिए। भविष्यवक्ता आगुर हमें मकड़ी की बुद्धिमत्ता की समझ देना चाहता है (नीतिवचन 30:1)। मकड़ियों से केवल डरने या उनकी घिन करने के बजाय, उनकी बुद्धिमत्ता सीखना ज्यादा अच्छा होगा।
क्या आप इतने घमण्डी हैं कि आपको एक इतने छोटे से जीव से, जिसे आप बड़ी आसानी से कुचल कर नष्ट कर सकते हैं. सीखने में शर्म महसूस होती है? सुलैमान ने नीतिवचन की पुस्तक का आरम्भ इन शब्दों के साथ किया, “बुद्धिमान सुनकर अपनी विद्या बढ़ाए” (नीतिवचन 1:5)। कुछ बातों पर गहराई से विचार करें। क्या आपके हाथ मकड़ी से कम ताकतवर हैं? क्या राजभवन आपकी पहुँच से इतना दूर है जितना मकड़ी के लिए नहीं? इस पर विचार करें।
कई लोग सोचते हैं कि मकड़ियाँ खतरनाक, और ज़हरीली होती हैं, या वे किसी भी समय अचानक हमला कर सकती हैं। यह सच नहीं है। दुनिया में सबसे ज्यादा खतरनाक मकड़ियाँ भूरी एकांतवासी मकड़ी और एक अन्य काली अमरीकी ज़हरीली मकड़ी हैं। भूरी एकांतवासी मकड़ी आम नहीं है, खासकर इन्सानों की आबादी वाले स्थानों में; काली अमरीकी ज़हरीली मकड़ी शायद ही कभी काटती है, और वह बिना उकसावे के नहीं काटती। अधिकांश क्षेत्रों में, मकड़ियाँ फायदेमंद होती हैं क्योंकि वे कीड़ों और अन्य मकड़ियों को खाती हैं। उनके इस काम के लिए उनकी सराहना करें।
मकड़ियाँ अपृष्ठवंशी जीव हैं – उनकी रीढ़ की हड्डी नहीं होती है। वे संधिपाद जीव भी हैं – उनके शरीर के बाहर एक कंकाल होता है, और उनके पैर जुड़े हुए होते हैं।
मकड़ियों के शरीर के दो भाग होते हैं – एक सिर और एक पेट। उनके सिर में आठ आँखें होती हैं; और उनके पेट पर चार जोड़ी पैर होते हैं, जो उनके सिर से बड़े होते हैं।
मकड़ियों को ज्यादातर जटिल जाल बुनने के लिए जाना जाता है जिसमें वे कीड़ों को फंसाती हैं। मकड़ियां अलग-अलग स्पिनरेटों की सहायता से विभिन्न रेशम ग्रंथियों से निकले रेशम को मिलाकर मकड़जाल बनाती हैं. मकड़ी अपने पैरों से इसे बाहर खींचती है और साइकिल के पहियों की तीलियों जैसा फ़्रेम तैयार करती है। फिर उसी पर गोल-गोल घूमकर जाल बना लेती है । ये रेशम तरल रूप में स्रावित होता है, जो हवा के संपर्क में आने पर जमकर कठोर हो जाता है। अगर आप आज एक जाल मिटा दो, तो कल वहाँ एक नया जाल होगा। कुछ प्रजातियाँ लंबी दूरी तय करने के लिए पैराशूट घुमाती हैं। जाले का सरल प्रारुप, ढांचा और संरचना उन्हें परमेश्वर से मिली अविश्वसनीय बुद्धिमत्ता को प्रकट करती है।
बुद्धिमान भविष्यवक्ता आगुर, हमारे सृष्टिकर्ता परमेश्वर की प्रेरणा से लिखाकर, यह चाहता था कि आप मकड़ियों के बारे में दो बातें जानें। वे अपने पाओं से पकड़ती है (सभी आठ पाओं से), और राजभवनों में रहती हैं। हालाँकि मकड़ियों को महलों से दूर रखने के लिए बहुत मेहनत की जाती है, फिर भी वे वहाँ पाई जाती हैं। इन दो अवलोकनों से, आप उनसे परमेश्वर की बुद्धि का सबक सीख सकते हैं ताकि आप जीवन में सफलता प्राप्त कर सकें। किसी कार्य में निष्ठावान और मेहनती दृढ़ता, बहुत विरोध और कठिनाई के बावजूद भी, अंत में सफलता और बड़ा प्रतिफल दिलाएगी।
जब आपको कोई काम करना हो, तो अपने हाथों का उपयोग करें और उस काम को पूरा करें। जब यह बार बार किया जानेवाला काम होता है तो अपने हाथों का उपयोग करते रहें। रुकें नहीं। एक काम पूरा होते ही तुरन्त दूसरा काम शुरू करें, अर्थात् एक अथक उद्यमी बनें। आलसी की तरह अपनी बांहें मत मोड़ो या अपनी जेबों में हाथ मत डालो (नीतिवचन 6:10; 19:24; 24:33; 26:15; सभोपदेशक 4:5)। ऐसे आलसी मूर्ख अंत में दरिद्र हो जाते हैं।
लोग मकड़ियों की बिल्कुल भी कोई मदद या सहायता नहीं करते हैं, बल्कि लोग उनके काम और जीवन में बाधा डालने के लिए हर संभव कोशिश करते हैं। बाकी जीवों के मुक़ाबले मकड़ियों के साथ लगातार दुर्व्यवहार किया जाता है, और उनके पास निराश होने का हर कारण है। लेकिन वे शिकायत नहीं करती, मुकदमा नहीं करती, और न अपना काम छोड़ती हैं। वे बस अपने पाओं से पकड़ती रहती हैं, और वे कठिनाई, प्रतिरोध या परेशानी के कारण कभी हार नहीं मानती।
एक स्त्री जिस प्रकार से अपने हाथों का इस्तेमाल करती है उस से उसके चरित्र का पता चलता है। सद्गुणी स्त्री के हाथ शायद ही कभी थमते हैं, क्योंकि उन्हें बहुत सारे काम करने होते हैं (नीतिवचन 31:13,19-20)। आप इन स्त्रियों की पहचान उनके अच्छे कपड़े पहने बच्चों, साफ-सुथरे और व्यवस्थित घरों और उत्कृष्ट भोजन से कर सकते हैं। मेहनती हाथों वाली कुलीन स्त्रियों को पुरस्कृत किया जाना चाहिए (नीतिवचन 31:16,31)।
यदि आप अपने हाथों का उपयोग परिश्रम के लिए करेंगे, तो आप भी राजभवनों में पहुँचोगे, क्योंकि राजा और महान लोग ऐसे लोगों की तलाश में रहते हैं जो मेहनती हैं (नीतिवचन 22:29; 1 राजा 11:28)। सुस्त या आलसी हाथ गरीबी की ओर ले जाते हैं, लेकिन मेहनती हाथ अमीरी की ओर ले जाते हैं (नीतिवचन 10:4; 12:14,24; 14:1; 21:25; 26:6; सभोपदेशक 10:18)। यह सरल नियम है कि मेहनती और लगातार काम करने वाले लोग उन्नति करते जाते हैं, यह मकड़ी का नियम है। अगर आप भीड़ से ऊपर उठना चाहते हैं तो मकड़ी की तरह काम करें।
प्रिय पाठक, क्या आप मेहनत में मकड़ी की बराबरी कर सकते हैं? आज आपको कौन-सा काम करना है? उसे पकड़ लो। उसे दृढ़ता से थाम लो, और पूरा करो। यदि आपका पहला प्रयास विफल हो जाता है, तो पुनः प्रयास करें। जैसा कि सुलैमान ने एक अन्य स्थान पर लिखा, “जो काम तुझे मिले उसे अपनी शक्ति भर करना” (सभोपदेशक 9:10)।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।