नीतिवचन 30:1
याकीह के बेटे आगूर के वचन, अर्थात् नबूवत जो उसने एतियाल, अर्थात् एतियाल और यूक़ाल से कही। (केजेवी)
परमेश्वर-प्रेरित शास्त्रलेख ही सब कुछ है। लिखनेवाला कौन है इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। सब से ज्यादा महत्व परमेश्वर के वचन का होता है। उसके वचनों को किसने लिखा इसका शायद ही महत्व हो। सब शास्त्रलेख लाभदायक हैं, जिस में यह वचन भी शामिल है। जब परमेश्वर अपना वचन आप को प्रकट करता है, तो क्या आप इस अवसर को और अपनी ज़िम्मेदारी को समझते हैं?
यहां पर नीतिवचन की पुस्तक का उपान्त्य अध्याय का परमेश्वर-प्रेरित परिचय है। परमेश्वर ही बाइबल का लेखक है जिसने भिन्न भिन्न लेखकों का उपयोग किया। आगूर नबी उसके इन्हीं चुने हुए मनुष्यों में से एक था। उसने इस अध्याय में नीतिवचनों की शिक्षा दी, और लमूएल राजा ने अंतिम अध्याय में अपनी मां के ईश्वर-प्रेरित वचनों को लिखा। इन दो अध्यायों को सुलैमान के चुनिंदा नीतिवचनों में जोड़ दिया गया था (नीति 1:1; 10:1; 25:1)।
इस अध्याय में आगूर के विषय में जो लिखा है उससे ज्यादा उस के बारे में कुछ भी ज्ञात नहीं है। शेष बाइबल और इतिहास में उसके विषय में कोई जानकारी नहीं दी गई है। परंतु क्योंकि परमेश्वर ने ही बुद्धि के इन पाठों के लिए उसे सिद्ध बुद्धि दी, इसलिए उन्हें बाइबल में हम सब के लिए दर्ज किया गया था। यह वचन दिव्य ग्रंथालय का हिस्सा है जिस में परमेश्वर ने अपने लेपालक पुत्रों के समृद्ध जीवन के लिए बुद्धि को सुरक्षित कर रखा है।
इस अध्याय में आगूर के वचन हैं, अर्थात् परमेश्वर ने आगूर को अपने वचन दिए ताकि बाइबल के इस भाग की संरचना कर सके। प्रेरणा परमेश्वर का अद्भुत चमत्कार है, जिसके द्वारा वह अपने वचनों को मनुष्यों के मनों में डालता है ताकि उन्हें बाद की पीढ़ियों के लिए लिखा जाए जिसमें आप भी शामिल हैं (भजन 45:1; यशा 30:8; 2 पतरस 1:21)। ये वचन परमेश्वर से प्रेरित थे, क्योंकि यहां उन्हें नबूवत कहा गया है, जो कि परमेश्वर से आया प्रकाशन होता है।
याकीह आगूर का पिता था। हम इन दोनों ही मनुष्यों के विषय में इससे ज्यादा कुछ नहीं जानते। परंतु नीतिवचन की पुस्तक पिता और पुत्रों के विषय में शिक्षा देती है। पिता अपने पुत्रों को बुद्धि की शिक्षा देते थें (नीति 22:6; 1:8; 4:1-4; 6:20)। और पुत्र अपने पिताओं के वचनों को नम्रता से और दीनता से सुनते थे (नीति 2:1; 3:1; 4:20; 23:26)। पिताओं, क्या आपने अपनी इस भूमिका का निर्वाह किया है? पुत्रों, क्या तुमने अपने-अपने पिता के उपदेश को सुनकर उसे अपने चित्त में रखा है?
आगूर ने ये वचन एतियाल और यूक़ाल से कहें। ये दोनों उसके चेले थे। परमेश्वर ने मौखिक सम्भाषण के द्वारा अपनी बुद्धि को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का चुनाव किया, और यह मौखिक सम्भाषण उसके लिखित वचन से होता है (नीति 10:21; 22:17-21; मलाकी 2:7; रोमि 10:14-15; 1 कुरिं 1:21; 2 तिमु 2:2)। अपनी प्रार्थनाओं में आप को परमेश्वर से यह भी विनती करनी चाहिए कि वह आपके पास प्रचारक भेजें और उनके परिश्रम को आशीष दे (लूका 10:2; 2 थिस्स 3:1-2)।
एतियाल और यूक़ाल इस मामले में बुद्धिमान थे, क्योंकि उन्होंने अपने लिए सत्य के एक शिक्षक की खोज की और उसके वचन सुने। यद्यपि आगूर के वचन सरल और स्पष्ट हैं, फिर भी उन्होंने एक अत्यन्त बुद्धिमानीपूर्ण चुनाव किया। बहुत ही कम लोग हैं जो बुद्धि की खोज में अपने को सांसारिक गतिविधियों से दूर रखते हैं (नीति 18:1; प्रेरितों 17:11)। बहुत थोड़े हैं जिन्हें नहेम्याह जैसे प्रचारकों के अधीन परमेश्वर का वचन सुनने का सौभाग्य और आनंद का लाभ होता है (नहे 8:1-12)।
प्रिय मसीही, क्या आप एतियाल और यूक़ाल के समान हैं? क्या आपने अपने लिए आगूर जैसा कोई प्रचारक खोजने की कोशिश की ताकि वह आपको परमेश्वर के सत्य में शिक्षा और निर्देश दे, जैसा कि कर्नेलियुस ने पतरस की खोज की थी (प्रेरितों 10:1-8, 30-33)? क्या आपने उस शिक्षक की शिक्षा के प्रति अपने को दीन किया, जैसा कि इथोपिया के उस खोजे ने फिलिप्पियुस के प्रति समर्पण किया था (प्रेरितों 8:26-40)? जब आपको परमेश्वर के वचन का ऐसा शिक्षक मिल जाए, तो उसकी शिक्षा को न तो तुच्छ जाने और न उसकी अवज्ञा करें, कहीं परमेश्वर आपको दण्ड न दे दे (लूका 8:18; 1 थिस्स 5:20; यहेज 33:30-33)।
क्या आप आगूर के समान हैं? क्या आपने दूसरों को सत्य के कुछ खास वचन बताएं जैसा कि एलीहू ने अय्यूब और उसके मित्रों को बताए थे (अय्यूब 32:1-22)? सुलैमान राजा ने नीतिवचन के अध्याय 1-29 लिखें ताकि आप उन्हें सीखे, और सत्य के कुछ विशिष्ट वचनों को जान लें कि आप दूसरों को उनका प्रचार कर सके (नीति 22:17-21)। जिस सत्य को आपने जान लिया है, क्या आपको उस पर पूरा पूरा विश्वास है, और दूसरों की सहायता करना चाहते हैं जिस प्रकार लूका ने थियुफिलुस को अपना सुसमाचार लिखा (लूका 1:1-4; प्रेरितों 1:1-5)? क्योंकि यह आपके मसीही कर्तव्य और आपको मिले अवसर का भाग है (1 पतरस 3:15)।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।