नीतिवचन 3:4

तो तू परमेश्वर और मनुष्य दोनों का अनुग्रह पाएगा, तू अति बुद्धिमान होगा।

क्या ही अद्भुत वर्णन है! क्या महान महत्वाकांक्षा है! क्या कोई पुरुष या स्त्री अपने जीवन में इस स्तर की सफलता प्राप्त कर सकता है? हाँ! प्रिय पाठक, क्या आप यहाँ आशीष को देख पा रहें हैं? इस तरह का अनुग्रह और सम्मान हासिल करना सीखना एक अविश्वसनीय विशेषाधिकार है। यह इन्सान के जीवन के लिए सर्वोच्च माप और मानक है। आप अभी सीख सकते हैं कि इसे कैसे प्राप्त किया जाए।

आपको सबसे पहले परमेश्वर और मनुष्य की दृष्टि में अनुग्रह पाना है। और यदि आप अच्छी समझ के लिए भी जाने जाते हैं, तो यह और भी अच्छा है। यह नीतिवचन इस बात का वर्णन करता है कि कैसे परमेश्वर और मनुष्यों से आशीष और अनुग्रह हासिल किया जाता है और कैसे अपनी पहचान एक प्रतिष्ठित बुद्धिमान और समझदार व्यक्ति के रूप में बनानी है। ये महान लक्ष्य हैं, और नीतिवचन की पुस्तक आपको सिखाती है कि इन लक्ष्यों को कैसे प्राप्त किया जाता है (नीतिवचन 3:1-3)।

कुछ लोग सोचते हैं कि दूसरें मनुष्यों से अच्छी प्रतिष्ठा या प्रेमपूर्ण अनुग्रह प्राप्त करना इतना ज़रूरी नहीं है, जब तक कि परमेश्वर उन्हें स्वीकार करता है। लेकिन परमेश्वर ने सुलैमान को इसके विपरीत लिखने के लिए प्रेरित किया। दूसरें मनुष्यों से अच्छी प्रतिष्ठा और प्रेमपूर्ण अनुग्रह धन की प्राप्ति से अधिक महत्वपूर्ण और मूल्यवान है। पुरुष धन-संपत्ति अर्जित करने के लिए बहुत परिश्रम करते हैं और बहुत समय लगाते हैं, लेकिन दूसरें मनुष्यों की दृष्टि में स्वीकृत, सम्मानित और उन्नत होना एक बेहतर विकल्प है (नीतिवचन 22:1)।

शमूएल और यीशु दोनों ही परमेश्वर और मनुष्यों के अनुग्रह में बढ़े (1 शमूएल 2:26; लूका 2:52)। उन दोनों की दृष्टि में यह एक महत्वपूर्ण लक्ष्य था, और उन्होंने अपने जीवन को उसी के अनुसार समायोजित किया। आपको इन दो पवित्र आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए। यदि आप दो महान आज्ञाओं – परमेश्वर से प्रेम और अपने पड़ोसी से प्रेम – का ध्यानपूर्वक पालन करते हैं, तो आप दोनों लक्ष्यों को प्राप्त करेंगे। इसका मतलब है कि आप सुनहरे नियम का पूरी तरह से पालन करेंगे, दूसरें लोग आपसे वास्तव में जो चाहते हैं उसके मद्देनज़र खुद को ढालना (मत्ती 7:12)।

इसकी शुरुआत मन से होती है। अपने स्नेह और केन्द्रस्थान के रूप में परमेश्वर को सबसे ऊपर ठान दें (1 पतरस 3:15; यशायाह 8:13)। फिर दूसरों को अपने से अधिक महत्वपूर्ण बनाने के लिए पूरी तरह और ईमानदारी से चुनाव करें (फिलिप्पियों 2:3-4; याकूब 3:17)। इन शुद्ध इरादों के साथ, आपकी वाणी अनुग्रहपूर्ण होगी, और राजा जैसे महत्वपूर्ण व्यक्ति भी आपको अपना मित्र बनाना चाहेंगे (नीतिवचन 22:11)।

यदि आप अनुग्रहपूर्ण व्यक्ति बनना चाहते हैं, तो आपको आत्म-चेतना का बुद्धिमानी से उपयोग करना सीखना होगा। आपको अपने आस-पास के सभी लोगों के प्रति नए और गहरे तरीके से संवेदनशील बनने की आवश्यकता है ताकि आप अपनी वाणी और आचरण को उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप ढाल सकें और उन्हें प्रसन्न कर सकें। यदि ऐसा करने में परमेश्वर की आराधना पर कोई पाबंदी न हो, तो यह समझौता नहीं है; यह विवेक और दानिय्येल के समान एक उत्तम आत्मा है। करियर में उन्नति के लिए कहा गया है कि ऐसी आत्म-चेतना प्रतिभा से भी बड़ी है।

क्या ये आज आपके लक्ष्य हैं? क्या आप ऐसा व्यवहार करेंगे कि परमेश्वर और मनुष्य दोनों आपके शब्दों और कार्यों से प्रसन्न हों? अधिकांश लोग दूसरों की मदद करने और उन्हें प्रसन्न करने के लिए अपने आचरण को समायोजित नहीं कर सकते और न करेंगे, क्योंकि वे अपनी आदतों से प्यार करते हैं। चरित्र और बुद्धि के इन दो महान चिह्नों को अर्जित करने का अवसर और विशेषाधिकार आपको जकड़ लेना चाहिए। ये आपके जीवन के लिए अद्भुत लक्ष्य हैं।

यूसुफ ने इतना अच्छा व्यवहार किया कि उसे खरीदनेवाले उसके मिस्र मालिक पोतीफर ने अपनी सारी संपत्ति पूरी तरह से उसकी देखभाल में रख दी (उत्पत्ति 39:1-6)। जब उसे अन्यायपूर्वक बंदीगृह में डाला गया, तो उसने बंदीगृह के अधिकारी से भी यही अनुमोदन प्राप्त किया (उत्पत्ति 39:21)। और जब फिरौन को पूरे राष्ट्र की रक्षा की देखरेख के लिए एक बुद्धिमान और विवेकशील मनुष्य की आवश्यकता पड़ी, तो वह केवल यूसुफ के बारे में सोच सकता था (उत्पत्ति 41:38-45)।

दाऊद ने इतना अच्छा व्यवहार किया कि सारा इस्राएल उससे प्रेम रखता था और उसका नाम बहुत प्रसिद्ध हुआ (1 शमूएल 18)। राजा दारा ने दानिय्येल को उसकी उत्तम आत्मा के कारण पूरे साम्राज्य में अधिकारी ठहराया (दानिय्येल 6:3); यहाँ तक कि उसके शत्रु भी उसमें कोई दोष या गलती नहीं ढूंढ सके (दानिय्येल 6:4)। मोर्दकै यहूदियों में कुलीन मनुष्य था, राजा क्षयर्ष ने उसे आगे बढ़ाया और उसके भाइयों ने उसे स्वीकार किया (एस्तेर 10:3)।

ईसाई जीवन छोटे-मोटे नियम और अभिमानी स्वतंत्रता नहीं है। यह इससे कहीं बढ़कर है – धार्मिकता, शांति और पवित्र आत्मा में आनंद। और जो व्यक्ति ऐसे काम करता है, वह परमेश्वर द्वारा स्वीकार किया जाता है और मनुष्य द्वारा स्वीकृत होता है (रोमियों 14:16-19), जैसा कि प्रारंभिक चर्च था (प्रेरितों के काम 2:44-47)। परमेश्वर द्वारा स्वीकार किया जाना और मनुष्यों द्वारा स्वीकृत होना एक सफल जीवन की उत्कृष्ट महत्वाकांक्षाएँ हैं।

करूणा और सच्चाई पूर्ववर्ती संदर्भ हैं (नीतिवचन 3:3); आप अक्सर उन्हें एक साथ पाएंगे (नीतिवचन 14:22; 16:6; 20:28)। जीवन के हर क्षेत्र में अपने विचारों के विरुद्ध पूरे मन से परमेश्वर पर भरोसा करना आगे आनेवाला संदर्भ है (नीतिवचन 3:5-6)। इस पुस्तक की बुद्धि को सीखना ही है कि आप इन लक्ष्यों को कैसे प्राप्त करते हैं (नीतिवचन 2:1-9; 3:1-2; यहोशू 1:7-9; भजन 111:10)। परमेश्वर आपको आशीष दें।

मसीही भाई, आपका जीवन कैसा है? क्या आप केवल काम कर रहे हैं, परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं, बूढ़े होते जा रहे हैं, और अणि कब्र की ओर बढ़ रहे हैं? या यह इस खेदजनक विवरण से भी कम है? या क्या इस नीतिवचन के उच्च आदर्श आपका ध्यान अपनी ओर खीँच रहें हैं? आज ही इन आदर्शो पर खुद को लगा दें। सच्ची महानता आपके सामने है।

परमेश्वर का वचन आपके जीवन की हर खामी को दूर कर सकता है, बशर्ते आप इसे पढ़ते हैं और इसका पालन करते हैं (भजन 19:7-11; याकूब 1:21-25)। आज ही परमेश्वर और मनुष्य का अनुमोदन और आशीष पाना अपने आप में बहुमूल्य है, परन्तु अभी परमेश्वर का अनुमोदन प्राप्त करने से बाद में भी उसका अनुमोदन प्राप्त होगा, जो कि कहीं बेहतर है।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।