नीतिवचन 29:5

जो पुरुष अपने पड़ोसी से चिकनी चुपड़ी बातें करता है, वह उसके पैरों के लिये जाल लगाता है।

चापलूसी मीठी होती है। यह आपके अहंकार को सहलाता है और आपके अहम् का पोषण करता है। लेकिन इसका सबसे बड़ा अंधकारमय पहलु यह है कि यह चापलूसी करनेवाले के चरित्र या इरादों के प्रति आपकी आंखें बंद कर देता है – आप नहीं देख सकते कि आपके लिए जाल बिछाया जा रहा है। चाहे चापलूसी से भरी चिकनी चुपड़ी बातें सुनना कितना भी सुखद और मधुर क्यों न हो, आप सावधान रहें और ऐसों से बचें, क्योंकि कोई है जो आपका ग़लत फायदा उठाने की सोच रहा है।

चापलूसी करना भी बड़ा अच्छा लगता है। यह सुननेवालों में सकारात्मक और गर्मजोशी भरी प्रतिक्रिया उत्पन्न करता है। परन्तु जो झूठी अहसास आप दूसरों को देते हो वह परमेश्वर और सज्जन पुरुषों की दृष्टि में पाप है। हालाँकि दूसरों की सराहना और प्रशंसा करना अच्छी बात है, लेकिन अपने स्वार्थ को अंजाम देने के उदेश्य से किसी की अत्यधिक प्रशंसा करना या ग़लत फायदा उठाना अधर्म है।

चापलूसी करना झूठी, निष्ठाहीन या अत्यधिक प्रशंसा करना है जिसका उपयोग किसी व्यक्ति के घमंड या आत्मसम्मान को संतुष्ट करने के लिए किया जाता है। यह उनका शोषण करना है, उनकी अच्छी विशेषताओं को बढ़ा-चढ़ाकर बताना है, और उनकी गलतियों को नज़रअंदाज़ करना है। लोग अपने लिए पक्ष हासिल करने या अपने स्वयं के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए दूसरों की चापलूसी करते हैं (दानिय्येल 11:21,32,34)। आत्म-सम्मान और अभिमान, जो इस विनाशकारी समय में सांसारिक ख्रिश्चन लोगों के कमज़ोर लक्षण हैं, मनुष्य के भ्रष्ट हृदय के पापपूर्ण लक्षण हैं (2 तीमु 3:1-2)।

परमेश्वर और सत्पुरुषों की दृष्टि में चापलूसी पाप है। यह झूठ बोलना है, क्योंकि यह या तो सत्य नहीं है या बेईमानी से की जाती है (भजन 12:2-3; 36:2; 78:36; यहेजकेल 12:24)। कपटपूर्ण उद्देश्य से किसी की प्रशंसा करना अशुद्ध और विकृत बात है : चापलूसों से दूर रहो (नीतिवचन 20:19)। चापलूसी बेईमानी भी है और जीभ का दुष्ट उपयोग है जो बर्बादी का काम करता है (नीतिवचन 26:28; भजन 5:9-10)। डांटना वास्तव में कहीं बेहतर है, क्योंकि इसका नेक और लाभदायक उद्देश्य दूसरों की मदद करना होता है (नीतिवचन 28:23)।

चापलूसी एक ऐसी चीज है जो करनेवाले और सुननेवाले दोनों ही के लिए खतरनाक है। जो व्यक्ति चापलूसी करता है यह उसके लिए इसलिए खतरनाक है, क्योंकि परमेश्वर इसके लिए उसका न्याय करेगा, और वह झूठ बोलनेवाले के रूप में जाना जाएगा (अय्यूब 17:5; भजन 12:1-3)। यह चापलूसी सुननेवाले के लिए भी उतनी ही खतरनाक है, क्योंकि यह उसे वह करने के लिए उकसा सकती है जो उसे नहीं करना चाहिए, जैसे कि एक व्यभिचारी स्त्री के मामले में (नीतिवचन 2:16; 6:24; 7:5,21)। युवा पाठकों, आपसे पाप करवाने की इच्छा रखने वाले व्यक्ति की किसी भी रोमांटिक शब्दों या चिकनी चुपड़ी बातों पर विश्वास न करें। चापलूसी पर विश्वास करना, चाहे आप कितनी भी इच्छा क्यों न करें कि काश यह सच हो, अपने दुश्मन के जाल में जानबूझकर फंसना है और खुद ही को धोखा देना है (नीतिवचन 26:24-25)। चापलूसी से घृणा रखें!

नेता, सेल्समैन और आज के ज्यादातर पास्टर्स चापलूस हैं। वे सार, तथ्य और सच्चाई प्रस्तुत करने के बजाय, चापलूसी, दिखावा और खोखली प्रशंसा, निष्ठाहीन मित्रता और विकास के व्यर्थ वादे करते हैं। एक बुद्धिमान व्यक्ति इन आम अपराधियों को पहचान लेगा, जो आपके वोट, आपकी खरीदारी या आपके दशमांश की लालसा रखते हैं। परमेश्वर के सेवक चापलूसी नहीं करते (1 थिस्स 2:5)। एक बुद्धिमान व्यक्ति लोगों को अपने गुणों के बारे में भी झूठ नहीं बोलने देगा (नीतिवचन 14:15)। वह साफ़ साफ़ दिखाई देनेवाले जाल से बच जाएगा, और वह चापलूसी के सुखद आत्म-धोखे से बचकर रहेगा।

अच्छे चरित्र या आचरण वाले लोगों की सच्ची प्रशंसा और सराहना बहुत अच्छी और उपयोगी हो सकती है। पौलुस ने रोमियों के अध्याय 16 के एक बड़े हिस्से में ऐसे लोगों की एक लंबी सूची लिखी जिसमें वह फ़ेबे से शुरूआत करते हुए कई प्रारंभिक ईसाइयों की प्रशंसा करता है। बुद्धिमानी से प्रशंसा और सराहना करना दूसरों को प्रेम और अच्छे कार्यों के लिए उत्साहित करने का एक नेकनीयत तरीका है (इब्रा 10:24)। दाऊद ने शाऊल की जो स्तुति कीं उसमें उच्च प्रशंसा और उस व्यक्ति के कई दोषों से पूरी तरह नज़रअंदाज करना शामिल है (2 शमू 1:17-27)। यदि आप कभी भी दूसरों की सराहना या प्रशंसा नहीं करते हैं, क्योंकि हर व्यक्ति के जीवन में ऐसे लोग होते हैं जो सच में सराहना या प्रशंसा के योग्य होते हैं, तो आप विपरीत खाई में गिर गए हैं।

बुद्धिमान व्यक्ति चापलूसी नहीं करेगा, क्योंकि वह जानता है कि यह ऐसा पाप है जो परमेश्वर और मनुष्य की दृष्टि में तुच्छ जाना जाता है (नीतिवचन 6:16-19)। यदि वह ऐसा उद्द्योग या नौकरी करता है जिसमें उसे ग्राहकों, पक्षों, रोगियों या चर्च के सदस्यों से व्यवहार करना होता है, तो वह तथ्यों और वास्तविकता से निपटने में बहुत सावधान रहेगा। इस मुस्कुराती, तुच्छ, सतही पीढ़ी के लिए चापलूसी करना एक प्रलोभन है। सभी मनुष्यों को अपनी मित्रता और पड़ोसी संबंधों की रक्षा करनी चाहिए, ऐसा न हो कि वे अत्यधिक या निष्ठाहीन प्रशंसा का प्रयोग करें। क्या आप जानते हैं कि आजकल आमतौर पर इस्तेमाल की जाने वाली चापलूसी भरी उपाधियां भी निंदनीय है (अय्यूब 32:21-22; मत्ती 23:5-12)? इस नीतिवचन का पाठ सीखें और सभी प्रकार की चापलूसी से नफरत करें, करने से भी और सुनने से भी।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।