नीतिवचन 28:1

दुष्ट लोग जब कोई पीछा नहीं करता तब भी भागते हैं, परन्तु धर्मी लोग जवान सिंहों के समान निडर रहते हैं।

एक स्पष्ट़ विवेक बहुत अनमोल और अद्भुत होता है। प्रचारक की बात को सुनो! उसका मोल पृथ्वी पर मापा नहीं जा सकता। इसके बिना, आपकी आत्मा निरंतर इस घबराहट में इधर-उधर देखती है कि कौन उसे देख रहा है या घात लगाए बैठा है। परंतु इसके साथ, आपको किसी दुष्टता का कोई भय नहीं होता। आप किसी भी विरोधी का सामना कर सकने में सक्षम होते हैं। भय खाने की क्या आवश्यकता है? जब आप जानते हैं कि आप धर्मी हैं; जब आप जानते हैं कि प्रभु आपके साथ है।

यह अंतर कितना विशाल है! पाप मनुष्य को कायर बना देता है। दुष्ट लोग छाया से भी डरते हैं और भाग जाते हैं। वे इस संसार और आने वाले संसार में न्याय से डरते हैं, ठीक वैसे ही जैसे दुष्टातमाएँ यीशु से डरती हैं (मत्ती 8:29)। पवित्र परमेश्वर उनकी आत्माओं को संदेह और भय द्वारा कष्ट पहुंचाता है (अय्यूब 15:20-25)।

वे शत्रुओं की कल्पना करते ही छिप जाते हैं। वे आसानी से डर जाते हैं। उनके हृदयों में यह डर रहता है कि यही वह समय है जब वे पकड़े और उघाड़े जाएंगे, वे दंडित होंगे और उनका न्याय किया जाएगा। साहस के लिए, वे अपने विवेक को शोर, मनुष्य की प्रशंसाओं, कुछ गतिविधियों, मिथ्या धर्म, मदिरा या नशीले पदार्थों द्वारा दबा देते हैं।

धर्मी लोग किसी बात से नहीं डरते। धार्मिकता लोगों को साहस से भर देती है और महान बनाती है। वे उस निडर सिंह के समान होते हैं, जो किसी के डर से नहीं हटता (नीतिवचन 30:30; गिनती 23:24; यशायाह 31:4)। वह अपने अद्भुत आत्मविश्वास और साहस के कारण खुले में भी उतनी ही आसानी से सो जाता है, जितना कि किसी झाड़ियों में।

प्रिय पाठक, महानता आपके सामने है। क्या आप इसे देखते हैं? इस पर विश्वास करें; इसे समझें; इसे अपना लें। इस नीतिवचन को तब तक न छोड़ें जब तक आप इसे दोनों हाथों से पकड़ न लें, और इसे कभी न छोड़ें। एक शुद्ध विवेक आपको महान बनाएगा। आपको किसी चीज़ का भय नहीं होगा। प्रभु आपकी तलवार और ढाल बनेगा। कोई भी शत्रु आपके सामने टिक नहीं पाएगा। कोई भी परीक्षा आपको उघाड़ या दोषी नहीं ठहरा पाएगी। महानता आपके लिए है!

प्रभु ने प्रत्येक मनुष्य के विचारों और कार्यों की जांच करने और उनका न्याय करने के लिए उसमें एक दीपक रूपी आत्मा को रखा है (नीतिवचन 20:27)। जिसे विवेक कहते हैं। परमेश्वर की ओर से यह आंतरिक ज्योति प्रत्येक मनुष्य के कार्यों को सही या गलत ठहराती है (रोमियों 2:14-15; 1 कुरिन्थियों 2:11)। यदि आप उसके विरुद्ध पाप करेंगे, तो प्रभु इस भयानक आंतरिक शत्रु के साथ आपका पीछा करेगा (लैव्यव्यवस्था 26:17,36; भजन संहिता 53:5)।

जब दुष्ट फरीसियों ने व्यभिचार की दोषी स्त्री के कारण यीशु को फँसाने का प्रयास किया, तो उसने उस व्यक्ति को पहला पत्थर मारने के लिए कहा जो निष्पापी हो (यूहन्ना 8:1-11)। बड़े से लेकर छोटे तक, प्रत्येक के विवेक ने उन्हें दोषी ठहराया, और उन्होंने यीशु और उस स्त्री को अकेला छोड़ दिया।

क्या दाऊद गोलियात का सामना एक दोषी विवेक के साथ कर सकता था? कैसे? अपने विवेक पर पाप के बोझ के साथ, उसमें परमेश्वर द्वारा इस उद्धार का निष्पादन करने के लिए कोई आत्म-विश्वास न होता, बल्कि निश्चित न्याय की एक भयावह प्रतीक्षा होती। परंतु उसका हृदय और मन प्रभु की नज़र में शुद्ध था। यदि पूरी पलिश्ती सेना भी उससे लड़ती, तो भी वह डरता नहीं (भजन संहिता 3:6; 27:1-6; 46:1-5)।

इतिहास के महान लोगों, अर्थात परमेश्वर के महान लोगों का विवेक हमेशा से शुद्ध था। परमेश्वर की सामर्थ के साथ वे किसी भी शत्रु या परिस्थिति के विरुद्ध साहसपूर्वक आगे बढ़ सकते थे (भजन संहिता 112:7)। वे किसी मनुष्य से नहीं डरते थे। वे जानते थे कि यदि उन पर मुकदमा चलाया जाए, तो उनके विरुद्ध कोई भी दोष नहीं लगाया जा सकता था। उनके विश्वास में कोई कमी नहीं थी; वे जानते थे कि प्रभु उनके साथ है, उनके विरुद्ध नहीं (यशायाह 26:3-4)।

पौलुस ने किसी भी गलत काम करने का दोष लगाए जाने के भय किए बिना, महासभा का सामना किया (प्रेरितों के काम 23:1)। खतरे की किसी भी धमकी से वह विचलित नहीं हुआ (प्रेरितों के काम 20:24)। दानिय्येल और उसके तीनों मित्रों को मृत्यु की धमकियों का कोई भय नहीं था (दानिय्येल 3:16-18; 6:10)। और न ही मूसा राजा के क्रोध से डरता था (इब्रानियों 11:27)। ये उन लोगों द्वारा किए गए कार्य हैं जो अपने परमेश्वर को जानते थे (दानिय्येल 11:32)।

परंतु कैन, जो कि एक अपवित्र हत्यारा था, अनदेखे खतरे के भयावह भय से भरा हुआ था (उत्पत्ति 4:13-15)। उसने अपने पिता आदम के समान प्रतिक्रिया की, जो परमेश्वर द्वारा केवल उसका नाम पुकारे जाने पर ही बारी के पेड़ों के बीच डर से काँप उठा था (उत्पत्ति 3:9-10)। यूसुफ के भाइयों का विवेक उसे गुलामी में बेचने के 22 साल बाद भी उनका पीछा कर रहा था (उत्पत्ति 42:21)। परंतु यूसुफ, जिस पर बलात्कार के प्रयास का झूठा आरोप लगाया गया था और दोषी ठहराया गया था, तब भी मिस्र और उसके परिवार के रक्षक के रूप में, फिरौन और उसके पिता के सामने साहसपूर्वक खड़ा हो सका। प्रभु को महिमा मिले!

युवा पाठक, क्या आप प्रचारक की बात को सुनते हैं? महानता को पकड़े रहें! अपने विवेक को स्पष्ट, शुद्ध, आत्मविश्वासी और साहसी बनाए रखें। पाप, या निजी पाप, यहाँ तक कि अपने विचारों में भी पाप करके इसे भ्रष्ट न करें। यहोवा का दीपक कामुक विचारों और गुप्त कल्पनाओं के निजी पापों को नज़रअंदाज़ नहीं करती। जहां आप बाहरी रूप से धार्मिकता और साहस का दिखावा करने की कोशिश कर रहे होंगे, वहीं यह आपको दोषी ठहराएगी और आपके पूर्ण साहस को छीन लेगी।

वयस्क पाठक, एक मलिन विवेक आपके जीवन को बर्बाद कर देगा। जीवनसाथी का सामना करना, पास्टर से मिलना, या बच्चों को अनुशासित करना, पाप आपके जीवन में इन सभी को भ्रष्ट करेगा। यह आपके वैवाहिक जीवन में बाधाएं लाएगा, चूंकि आप अपने सबसे करीबी मित्र से बातों को छिपा रहे होंगे। प्रचार, बुद्धि प्राप्त करने के एक अवसर के बजाय, आपको भयभीत और परेशान करने वाला लगेगा, क्योंकि आपको यह प्रतीत होगा कि प्रचारक आपके पीछे पड़ा है और आपसे लड़ना चाहता है। एक ढोंगी या एक पापी पिता को अपने बच्चों को अनुशासित करने में कठिनाई होगी, क्योंकि वह जानता है कि वे उसकी तुलना में अधिक धर्मी हैं।

यदि आप उतने आत्मविश्वासी और साहसी नहीं हैं जितना आपको होना चाहिए, तो आज ही स्वयं को महान परमेश्वर के सामने विनम्र करें, अपने पापों का अंगीकार करें और उनका परित्याग करें! वह क्षमा करने में विश्वासयोग्य और न्यायी है, और अपनी आत्मा और अनुग्रह से वह आपके विवेक और साहस को बहाल कर सकता है। प्रिय पाठक, ऐसा शीघ्र करें। परमेश्वर और मनुष्यों की दृष्टि में महानता के इस अवसर को अपने हाथों से जाने न दें।

खरे दाऊद ने लिखा, “हे परमेश्वर, मुझे जाँचकर जान ले! मुझे परखकर मेरी चिंताओं को जान ले! और देख कि मुझ में कोई बुरी चाल है कि नहीं, और अनन्त के मार्ग में मेरी अगुवाई कर” (भजन संहिता 139:23-24)। भजन संहिता 19:12-14 को भी देखें। दाऊद और पौलुस की तरह, परमेश्वर और मनुष्यों की ओर अपना विवेक सदा निर्दोष रखने के लिए यत्न करें (प्रेरितों के काम 24:16)। परमेश्वर के सिंहासन के सामने, प्रार्थना और स्वयं को जाँचने के द्वारा आज ही इस लक्ष्य के लिए यत्न करें।

पुराने नियम के किसी भी संत से अधिक, यह महान संपत्ति आपकी हो सकती है; आपके पास यीशु मसीह के बारे में और पापों की क्षमा के बारे में उनसे कहीं अधिक पूर्ण ज्ञान है। आप विश्वास के पूर्ण आश्वासन के द्वारा परमेश्वर के समीप साहस के साथ आ सकते हैं (इब्रानियों 10:22), और यीशु मसीह के माध्यम से उसके प्रति विश्वासयोग्य आज्ञाकारिता दर्शाकर, आप महिमामय रूप से आश्वस्त हो सकते हैं (1 यूहन्ना 3:18-22)। यदि आपके पास यह भला विवेक है, तो क्या आपने पानी का बपतिस्मा लेकर परमेश्वर को इसका उत्तर दिया है (1 पतरस 3:21)?

पिछले दो हज़ार सालों से यीशु मसीह के शिष्य पृथ्वी पर के सबसे महान पुरुष और महिला रहे हैं। उनका विवेक शुद्ध था, उनका जीवन पवित्र था, उनमें पीड़ा, यातना और मृत्यु का सामना करने का साहस और आत्मविश्वास था। और उनके शत्रु भी उनके इस महान साहस से जान लेते थे कि वे स्पष्ट रूप से यीशु के साथ रहे हैं (प्रेरितों के काम 4:13)। उनके विरुद्ध कौन खड़ा हो सकता था? “यदि परमेश्वर हमारी ओर है, तो हमारा विरोधी कौन हो सकता है?” (रोमियों 8:31)। परमेश्वर को महिमा मिले!

ऐसा कोई भी व्यक्ति नहीं है जो प्रभु यीशु मसीह के समान रहा हो और उसके समान जीया हो। किसी भी व्यक्ति का विवेक उसके समान पापमुक्त नहीं रहा है। जब उसकी मृत्यु का समय निकट आया, तो वह दृढ़ता से यरूशलेम की ओर आगे बढ़ा (लूका 9:51)। उसका साहस हमेशा से अद्भुत था: जिसने पिलातुस तक को आश्चर्यचकित कर दिया (मरकुस 15:5)। मुकदमे के दौरान उसे कुछ भी कहने की कोई आवश्यकता नहीं थी। वह जानता था कि वह पूर्ण रूप से निर्दोष है, और वह जानता था कि परमेश्वर उसके साथ है। परमेश्वर को महिमा मिले! प्रिय पाठक, क्या आप परमेश्वर के पुत्र पर विश्वास करते हैं? आज ही उस पर विश्वास करे!अभी से ही उस पर विश्वास करें!

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।