नीतिवचन 25:27
बहुत मधु खाना अच्छा नहीं, परन्तु कठिन बातों की पूछपाछ महिमा का कारण होता है।
थोड़ा-सा मधु बहुत काम आता है। इसकी मिठास ज़्यादातर खाद्य पदार्थों से अधिक होती है, इसलिए थोड़ी-सी मात्रा आपके स्वाद और भूख को संतुष्ट कर सकती है। थोड़ा ज़्यादा खाने से मतली और बीमारी होगी (नीतिवचन 25:16)। ठीक उसी तरह, अपनी महिमा को बढ़ाने के लिए लोगों से प्रशंसा की इच्छा करना या टाक में रहना असल में महिमा नहीं है। ऐसी इच्छा या सोच घिनौनी, बददिमाग और शर्मनाक है।
यहाँ एक अद्भुत नीतिवचन है जिसमें एक मूल्यवान सबक है। जैसा कि कई नीतिवचनों में है, यहाँ भी मानवीय आचरण की तुलना एक प्राकृतिक तथ्य से की गई है। सुलैमान ने लोगों की अपनी प्रशंसा पाने की महत्वाकांक्षा और इच्छा की भर्त्सना करने के लिए यहाँ मधु की मिठास के सार्वभौमिक ज्ञान का उपयोग किया। सारगर्भित तरीके से कहे गए ये कुछ वचन दिव्य ज्ञान सीखने की दृष्टि से उपयुक्त, दिलचस्प और शक्तिशाली हैं।
इस अनाड़ी पीढ़ी में, ज़्यादातर लोग मधु के बारे में कुछ नहीं जानते। वे डेक्सट्रोज़, फ्रुक्टोज़, ग्लूकोज़, लैक्टोज़, माल्टोज़, सुक्रोज़, कॉर्न सिरप और अन्य लोकप्रिय मिठास के आदी हैं, जो भूख को संतुष्ट करने के बजाय उत्तेजित करते हैं। आपने आखिरी बार मधु कब खाया था? लेकिन जानकार लोगों के लिए, मधु एक शानदार खाद्य है जिसे परमेश्वर ने आपके स्वस्थ जीवन के लिए बनाया है (नीतिवचन 24:13)।
यहोवा ने इस्राएल से जो देश देने की प्रतिज्ञा कीं, उस कनान देश का वर्णन उसने दूध और मधु से बहने वाली भूमि के रूप में किया (निर्गमन 3:8; व्यवस्थाविवरण 8:7-9)। यहाँ तक कि चालीस वर्षों तक उसने इस्राएल को जो मन्ना दिया, उसका स्वाद मधु के बने हुए पूए का सा था (निर्गमन 16:31)। कोई भी इस बात से इनकार नहीं कर सकता कि मधु मीठा होता है। यह चीनी से दोगुना मीठा होता है। चीनी की आवश्यकता वाले व्यंजनों में, मधु की आधी मात्रा ही काफ़ी है।
अपनी तारीफ़, प्रशंसा या महिमा की खोज करना मधु पर अपना पेट भरने जितनी ही मूर्खता है – यह जल्द ही घृणित हो जाता है। बुद्धिमान लोग प्रशंसा से बचते हैं, भले ही आज अधिकांश लोग इसके प्रति आसक्त हैं (2 तीमुथियुस 3:1-5)। जब आप अपनी महिमा और लोकप्रियता बढ़ाने की कोशिश करते हैं तो इससे आपको देखने वाले अन्य लोग आपसे घृणा करने लगते हैं। जो आपको मीठा लगता था वह अब उबाई और मितली देनेवाला लगने लगता है। आप जिस सम्मान की खोज में थें, वह वास्तव में सम्मान नहीं है, क्योंकि उसमें असलियत नहीं है, और जो लोग ज़बरन सम्मान करते हैं वे भी इससे नाराज ही रहते हैं।
आजकल ज़्यादातर लोग मधु के लालच में रहते हैं – विनम्रता और शालीनता से नफ़रत करते हैं। यह इतिहास की सबसे ज़्यादा आत्म-प्रशंसक, आत्म-केंद्रित, स्वार्थी और बचकानी पीढ़ी है। उन्होंने आत्म-जुनून और आत्म-प्रेम को कला का रूप दिया है। उन्होंने फेसबुक, सेल्फी, ट्वीट, “टिप्पणियाँ”, “फ़ॉलोवर्स”, “लाइक”, “मित्र” आदि जैसे बचकाने खिलौनों का आविष्कार किया है। वे अपने विचार, अपनी पसंदीदा चीज़ें और जीवन के प्रति अपना दृष्टिकोण दुनिया को देते हैं, हालाँकि उनसे कोई भी नहीं पूछता या परवाह नहीं करता। आप आसानी से मानव जाति को अनियंत्रित अहंकार और दंभ की शैतानी मूर्खता की अधोगति में जाते हुए देख सकते हैं।
मूसा इज़राइल के सबसे महान अगुओं में से एक था, लेकिन वह पृथ्वी पर सबसे नम्र व्यक्ति था – उसने कभी अपनी महिमा की खोज नहीं कीं (गिनती 12:3)। परमेश्वर ने इस विनम्र व्यक्ति का बचाव किया और उन लोगों को कठोर दंड दिया जिन्होंने उस पर घमंड का करने का आरोप लगाया था (गिनती 12:1-15; 16:1-40)। बुद्धिमान लोग और सद्गुणी स्त्रियाँ दोनों ही नम्र बनने की कोशिश करेंगे (मत्ती 5:5; याकूब 3:13; 1 पतरस 3:4), जैसा कि पौलुस ने यीशु मसीह का अनुसरण करने में किया था (2 कुरिन्थियों 10:1)। उसने दूसरों के लाभ के लिए केवल तभी घमंड किया जब उसे ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया (2 कुरिन्थियों 12:11)।
क्या आपने कभी किसी व्यक्ति को अपनी ही तारीफ करते सुना है – जब कोई व्यक्ति उसे इतना प्रतिभाशाली बनाने के लिए परमेश्वर का धन्यवाद करता है? क्या आपने कभी खुद की तारीफ कीं है? शर्म की बात है! जब आप समूह में होते हैं तो क्या आप खुद को मुँह खोलने से रोक पाते हैं और तब तक नहीं बोलते जब तक कि दूसरे आपसे बोलने के लिए न कहें? प्रेरितों का नियम है कि अपने लिए महिमा की व्यर्थता की खोज न करें और दूसरों और उनकी चीजों को अपने से अधिक महत्वपूर्ण माने (फिलिप्पियों 2:3-4)।
यदि आप प्रशंसा और महिमा पाने के भूखे हैं, तो दूसरों से प्रशंसा पाने की प्रतीक्षा करें, ताकि आप जान सकें कि यह असली और योग्य है (नीतिवचन 25:6-7; 27:2)। अगर आपको लंबे समय तक इंतजार करना पड़े, तो यकीन मानिए आप इसके लायक नहीं थे। आप प्रशंसा क्यों चाहते हैं, हे अभिमानी और स्वार्थी दुष्ट? किसी और की प्रशंसा करें! लेने की अपेक्षा देने से ज़्यादा आशीर्वाद मिलता है, खासकर इस मामले में।
जब कोई व्यक्ति आपको अपने जीवन की किसी घटना के बारे में बताता है, तो क्या आपकी सामान्य प्रतिक्रिया यह होती है कि आप अपने जीवन से ऐसी ही किसी घटना या संबंध को उठाते हैं, और उस व्यक्ति द्वारा बताई जा रही कीमती बात को नज़रअंदाज़ कर देते हैं? शर्म करें! आप मधु खा रहे हैं, और आपको यह भी नहीं पता। शर्म करें! अपने बारे में चुप रहें। लोगों को आपके बारे में जानने में कोई दिलचस्पी नहीं हैं, अगर होती तो वे पूछ लेते।
एकमात्र वास्तविक स्वीकृति जो मायने रखती है, वह है परमेश्वर की स्वीकृति। परमेश्वर से प्रशंसा के लिए मनुष्यों की प्रशंसा पाने की चाहत छोड़ दें, और यह आपको एक भयानक फंदे से भी बचाएगा (यूहन्ना 5:44; 12:43)। दियुत्रिफेस मनुष्य से सम्मान पाने की लालसा को अस्वीकार नहीं कर सका, इसलिए प्रिय यूहन्ना ने उसे कड़ी फटकार लगाई (3 यूहन्ना 1:9-11)। याद रखें कि जो कुछ भी मनुष्य द्वारा अत्यधिक आदर किया जाता है, वह परमेश्वर के लिए घृणित है (लूका 16:15)।
यदि आप पवित्रशास्त्र के दर्पण में खुद को परखते हैं, तो आपको अपने अंदर बहुत से दोष और विकृतियाँ दिखाई देंगी, जो आपको नम्र बनाए रखेंगी और मनुष्यों से महिमा पाने से बचाएंगी (याकूब 1:21-25)। परमेश्वर के बलवन्त हाथ के नीचे दीनता से रहो, जिस से वह तुम्हें उचित समय पर बढ़ाए (1 पतरस 5:6-7)। यीशु मसीह के चरणों में गिरें, और वह आपको और अधिक महिमा तक उठाएगा (प्रकाशितवाक्य 1:17-20)।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।