नीतिवचन 25:13
जैसे कटनी के समय बर्फ की ठण्ड से, वैसे ही विश्वासयोग्य दूत से भी, भेजनेवालों का जी ठण्डा होता है।
क्या आप उन सभी के लिए ठण्डी और ताज़ी हवा का झोंका हैं जो आप पर भरोसा करते हैं? क्या आप उन लोगों का प्राण तरोताज़ा करते हैं जो आप पर निर्भर हैं, जैसे कि तपती धुप में ठण्डी ठण्डी लस्सी? क्या आप अपने नियोक्ता के लिए किसी खास आनंद का झरना हैं? विश्वासयोग्यता एक महान सद्गुण है, लेकिन आज यह सद्गुण एक दुर्लभ चीज़ है। ऐसे लोग हैं जो आप पर भरोसा करते हैं और आप पर निर्भर हैं, और आप अपनी विश्वासयोग्यता के माप के आधार पर उनके लिए राहत और आनंद हैं। इस नीतिवचन का सबक वह आनंद है जिसे एक विश्वासयोग्य मनुष्य किसी के लिए ले आता है।
इज़राइल में पतझड़ के समय कटनी हुआ करती थी। तपती धुप और खलिहानों और भण्डारों में फ़सल काटकर लाने की सारी मेहनत के बाद, कटाई करने वाले, फटकानेवाले और दूसरे सब मज़दूर प्यासे और थके हुए हुआ करते थें। ऐसे में ठंडे मौसम का आना एक अद्भुत राहत और खुशी हुआ करती थी, और वैसे ही पास के पहाड़ों में जमी बर्फ के कारण ठंडा जल भी राहत और सुकून देता था (नीतिवचन 25:25)। कटनी के समय बर्फ़ अपने आप में अच्छी नहीं होती है; परन्तु यह ठंडा मौसम या बर्फ़ का ठंडा माहौल हुआ करता था जो सुकून और तसल्ली देता था। सुलैमान ने अपने उपमा के लिए ठंडे मौसम या ठंडे पेय के इस ताज़ा प्रभाव को प्रयुक्त किया।
सुलैमान ने इस पाठ के लिए संदेशवाहक या राजदूत को प्रयुक्त किया, जबकि यह मिसाल सभी नौकरियों और कर्तव्यों पर लागू होता है। संदेशवाहक को किसी निरंतर निगरानी वाले काम सौपने के बजाय, उसे समाचार, वाचाएँ या अंतिम चेतावनी का सन्देश लेकर अन्य स्थानों पर भेजा जाता था। प्रस्थान में देरी करना, रास्ते में देर करना, भटक जाना, संदेश का विवरण भूल जाना, इसे गलत तरीके से प्रस्तुत करना, ज़रूरत से ज़्यादा बताना, प्रतिक्रिया को गलत तरीके से समझना या अन्य तरीकों से विफल होना बड़ा आसान खतरा होता था (नीतिवचन 13:17)।
विश्वासयोग्यता एक आदमी के चरित्र का एक बड़ा माप है (नीतिवचन 11:13; 14:5; 27:6; 28:20)। ज़्यादातर पुरुष विश्वासयोग्य होने का दावा करते हैं। बस उनके बायोडाटा को पढ़ें या उनकी बातें सुनें! लेकिन किसी भी पीढ़ी में केवल कुछ ही सच्चे विश्वासयोग्य पुरुष होते हैं (नीतिवचन 20:6)। विश्वासयोग्य मनुष्य उस पर भरोसा रखनेवाले या उस पर निर्भर रहनेवाले लोगों की अपेक्षाओं के बराबर, बल्कि उससे बढ़कर हर कर्तव्य को सावधानीपूर्वक पूरा करता है।
आप कितने विश्वासयोग्य हैं? क्या आप अपने काम के स्थान पर और किसी से मिलने की जगह पर जल्दी पहुँचते हैं? क्या आप समय की पाबंदी के लिए जाने जाते हैं? क्या आप आपको सौंपे प्रोजेक्ट पर अपनी पूरी लगन और मन की स्थिरता से काम करते हैं? क्या आप टाल-मटोल करते हैं? क्या आप हमेशा डेडलाइन पर काम पूरा करते हैं? क्या आपका ध्यान आसानी से भटक जाता है? क्या आप तुरन्त ही विचलित हो जाते हैं? क्या आप हमेशा प्रोजेक्ट पूरा करते हैं? क्या आप दूसरों की ज़रूरत के हिसाब से उन्हें जानकारी देते हैं? क्या आप एक बेहतरीन वार्ताकार हैं जिससे सभी पक्षों को पता चल जाता है कि क्या ज़रूरी है? क्या आपकी गुणवत्ता और मात्रा अपेक्षा से ज़्यादा है?
विश्वासयोग्य लोग आज दुर्लभ हैं। आप अपने काम में विश्वासयोग्यता दिखाकर खुद को भीड़ से अलग कर सकते हैं (नीतिवचन 22:29; लूका 2:52)। अपने कर्तव्यों को इस तरह से निभाएँ कि जो लोग आप पर भरोसा करते हैं और आप पर निर्भर हैं, वे आपके बेहतरीन प्रदर्शन से उत्साहित हो जाएँ। और यह बात देश प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से लेकर किंडरगार्टन की कक्षा में एक बेहतरीन छात्र होने तक सभी पर लागू होती है!
परमेश्वर के संदेशवाहकों को सबसे विश्वासयोग्य लोग होना चाहिए। पास्टर के पदों पर केवल उन्हीं अत्यंत विश्वासयोग्य लोगों को ही नियुक्त किया जाना चाहिए जो वास्तविक कर्तव्यों से परखे गए हों (1 तीमुथियुस 3:1-7)। वह चर्च में सबसे मेहनती और विश्वासयोग्य व्यक्ति हो और बिना किसी बाधा के अपने परमेश्वर-प्रदत्त कर्तव्यों पर ध्यान केंद्रित करता हो (फिलिप्पियों 2:19-22; 1 तीमुथियुस 4:12-16; 2 तीमुथियुस 2:3-4; तीतुस 1:5-11)। यह बड़ी घृणास्पद और शर्म की बात है जब अधिकांश सेवकों के कर्तव्य के प्रति लापरवाही के कारण सेवकाई को “गैर-लाभकारी पेशा” के रूप में संदर्भित किया जाता है।
आपका शेष जीवन अब शुरू होता है। क्या कोई है जो आप पर भरोसा कर रहा है और आप पर निर्भर है जिसे ठंडे पानी की ताज़गी या ठंडी हवा की राहत की आवश्यकता है? अपने कर्तव्यों को पूरा करें और हर कर्तव्य को अपेक्षा से बेहतर तरीके से पूरा करें। बच्चे, अपना बिस्तर ठीक करो और अपने कमरे को अच्छी तरह से साफ करो। पत्नी, आज रात अपने परिवार के लिए अच्छा खाना बनाओ। पति, आज रात अपने परिवार को प्रशिक्षित किए बिना आराम न करें और न सोएँ। आदरणीय प्रधानमंत्रीजी, हमारी राष्ट्रीय सामुदायिक एकता और सफलता के लिए पूरी तरह से योगदान दें।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।