नीतिवचन 24:30

मैं आलसी के खेत के पास से और निर्बुद्धि मनुष्य की दाख की बारी के पास से होकर जाता था,

आपके कार्य और संपत्ति आपके चरित्र और बुद्धि को प्रकट करते हैं। आप किसी को धोखा नहीं दे सकते। यदि आप आलसी हैं, तो यह आपके हर कार्य में स्पष्ट रूप से झलकता है। यदि आप मूर्ख हैं, तो यह आपके आस-पास के लोगों को स्पष्ट रूप से दिखता है। सुलैमान एक आलसी या निर्बुद्धि मनुष्य की पहचान उसके खेतों को देखकर ही कर लेता था। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग अपने विषय में क्या सोचते या कहते हैं; उनके कार्य और संपत्ति सच्चाई बयां कर देती हैं।

अपने पुत्र और राष्ट्र को सफलता प्राप्त करने प्रशिक्षित करने के प्रयास में, सुलैमान ने मूर्खता और आलस्य के विषय में चेतावनी दी। दोनों ही ऐसे आत्म-विनाशकारी लक्षण हैं जो मनुष्य को पतन की ओर ले जाते हैं। इस नीतिवचन में उसने अपने पुत्र को दर्शाया कि वह किसी मनुष्य के खेत या दाख की बारी को देखकर उसके आलस्य की आदतों को पहचान सकता है (नीतिवचन 24:30-34)। आप अपने शायनकक्ष की गोपनीयता में अपनी बुरी आदतों को नहीं छिपा सकते।

आलसी और मूर्ख लोग स्वयं के विषय में बहुत ऊंचा सोचते हैं। सच तो यह है कि अहंकार से ही उनका विनाश होता है (नीतिवचन 12:15; 26:12,16)। आलसी मानता है कि वह किसी भी अन्य व्यक्ति से अधिक परिश्रम करता है, और मूर्ख विश्वास करता है कि वह किसी भी अन्य व्यक्ति से अधिक बुद्धिमान है। उनका आत्म-विश्वास और आत्म-सम्मान छली और विनाशकारी होता है। उनके पास हमेशा इस बात का कोई न कोई बहाना होता है कि उन्होंने जीवन में क्यों कुछ नहीं किया। लेकिन आप केवल उनके कार्यों और संपत्ति को देखकर ही उनके आलस्य और मूर्खता का अनुमान लगा सकते हैं।

सुलैमान ने एक खेत और दाख की बारी को कंटीले पेड़ों से भरा देखा, जो बिच्छू पौधों से ढँके हुए थे; और जिनके पत्थर के बाड़े गिरे हुए थे ( नीतिवचन 24:31)। जब उसने आय उत्पन्न करने वाली संपत्ति को ऐसी उपेक्षित हालत में देखा और उस पर ध्यानपूर्वक विचार किया, तो उसे उसके मालिक के विषय में एक महत्वपूर्ण बात पता चली (नीतिवचन 24:32)। उसका मालिक भोर तक बिछौने में सोना पसंद करता है (नीतिवचन 24:33)। सुलैमान बिना किसी संदेह के यह जान गया कि उस व्यक्ति के जीवन में कंगाली और पीड़ा शीघ्र आनेवाली थी (नीतिवचन 24:34)।

अधिकांश लोग मेहनती और बुद्धिमान कहलाना चाहते हैं। वह अपने बारे में अक्सर ऐसा ही सोचते हैं, और यदि किसी और को कुछ संदेह हो तो वे तुरंत उन्हें बताकर उसे दूर करते हैं (नीतिवचन 20:6; 26:16)। यदि उनके पास ऐसा दिखाने के लिए कोई संपत्ति या आय नहीं होती है, तो वे उन्हें रोकने या उनके प्रयासों में रुकावट पैदा करने के लिए दूसरों और परिस्थितियों को दोषी ठहराते हैं। वे इस वास्तविकता को स्वीकार करने से इंकार करते हैं कि मूर्खता और आलस्य के कारण उनके बर्बाद हुए दिनों का परिणाम अब उनके सामने आ गया है।

परंतु मनुष्य अपने शब्दों से अधिक अपने कार्यों से पहचाना जाता है (नीतिवचन 20:11)। और आपकी संपत्ति की स्थिति और समृद्धि आपके कार्यों को सत्यापित करती हैं। (नीतिवचन 24:30-34)। आप अपनी गलतियों और असफलताओं को छिपा नहीं सकते; यह उन लोगों को स्पष्टता से दिखाई देती हैं जो आपकी संपत्ति, उपलब्धियों, मित्रों, शारीरिक स्थिति, रिश्तों, करियर और अन्य यथार्थ संकेतों का पास से अवलोकन करते हैं। हालांकि यह स्वीकार करना कष्टदायक होता है, लेकिन आपका चरित्र भी आपकी संपत्ति की स्थिति और मूल्य से कुछ बेहतर नहीं है।

एक परिश्रमी व्यक्ति शीर्ष पर पहुँच जाता है (नीतिवचन 22:29), पदोन्नति प्राप्त करता है (नीतिवचन 12:24), और धनी बन जाता है (नीतिवचन 10:4)। जो मनुष्य रागरंग से प्रीति रखता है या खर्चीला होता है, वह गरीब हो जाएगा (नीतिवचन 21:17, 20)। जो व्यक्ति जल्दी धनी बनने की योजनाएं अपनाता है, वह गरीब हो जाएगा (नीतिवचन 28:19, 22)। जो व्यक्ति नींद से प्रेम करता है, वह गरीब हो जाएगा (नीतिवचन 20:13)। जो व्यक्ति हमेशा व्यवसाय के विषय में बकवाद करता रहता है, वह गरीब हो जाएगा (नीतिवचन 14:23)। जो व्यक्ति धन को लेकर औरों की गवाहियों पर विश्वास करता है, वह गरीब हो जाएगा (नीतिवचन 14:15; 19:2)। मूर्ख लोग दंड भोगेंगे (नीतिवचन 22:3)।

अनुग्रही लोगों की प्रशंसा की जाती है और उनके कई मित्र होते हैं (नीतिवचन 11:16, 18:24; 22:11)। एक बलवान व्यक्ति धन नहीं खोता (नीतिवचन 11:16)। एक घृणित स्त्री को तुच्छ जाना जाता है (नीतिवचन 21:19; 27:15; 30:21-23)। लज्जाजनक बच्चे घटिया परवरिश को प्रमाणित करते हैं (नीतिवचन 29:15,17)। एक भली प्रतिष्ठा बुद्धिमत्तापूर्ण प्राथमिकताओं को दर्शाती है (नीतिवचन 22:1)। वफादार कर्मचारी बुद्धिमत्तापूर्ण प्रबंधन को सत्यापित करते हैं (नीतिवचन 29:21)। एक भली स्त्री को छिपाया नहीं जा सकता (नीतिवचन 12:4), लेकिन एक झगड़ालू स्त्री को भी छिपाया नहीं जा सकता (नीतिवचन 27:15-16)।

मूर्ख यह कहकर स्वयं का बचाव करते हैं कि “आप मेरे हृदय को नहीं जानते” जैसे कि उसमें कोई महान चीज़ है जिसे दूसरे लोग देख नहीं पाते (नीतिवचन 10:20)। हा! हा! किसी के हृदय को जानना आसान होता है – बस उस व्यक्ति के कार्यों और परिणामों को देखने की ज़रूरत होती है। एक परिश्रमी और बुद्धिमान व्यक्ति धनी और सफल होगा। एक ईमानदार और अनुग्रहपूर्ण व्यक्ति के पास प्रेमपूर्ण रिश्ते होंगे। एक मूर्ख या आलसी व्यक्ति इन चीजों के निकट भी नहीं पहुँच पाएगा। वह मूर्खता से स्वयं को नष्ट कर देता है (नीतिवचन 13:15; 15:19; 22:5।)

मूर्ख यह कहकर भी स्वयं का बचाव करते हैं कि, “आप मेरे जीवन में परमेश्वर के कार्यों को नहीं जानते”, जैसे कि उनकी परिस्थितियाँ उनकी विफलता का कारण थी। कुछ लोग निर्धन माता-पिता या जाति के होने को एक बहाने के रूप में प्रयोग करते हैं, जिसका कोई मतलब नहीं हैं (नीतिवचन 14:35; 17:2)। सभी लोगों को बाधाओं का सामना करना पड़ता है, लेकिन मूर्ख और आलसी लोग इनका सामना करने से पीछे हटते हैं (नीतिवचन 20:4; 22:13; 26:13)। संसार के इतिहास में केवल एक ही अय्यूब रहा है, चाहे मूर्ख और आलसी लोग अपने जीवन में उस ही के समान आज़माँइशों के होने का कितना भी दावा करें।

यदि किसी पुरुष या स्त्री के कुछ ही मित्र हों, तो यह दूसरों की गलती नहीं है। यह उनकी गलती है (नीतिवचन 11:16; 18:24)। यदि किसी व्यक्ति के पास कोई संपत्ति नहीं है, तो यह दूसरों की गलती नहीं है। यह उसकी गलती है (नीतिवचन 11:16; 21:20)। यदि कोई पुरुष एक घृणित स्त्री से विवाहित है, तो यह उस स्त्री की गलती नहीं है। यह उस पुरुष की गलती है (नीतिवचन 11;16, 22; 30:21-23; 31:30)। न तो मूर्ख लोग और न ही आलसी व्यक्ति सुलैमान को गलत साबित कर सके। उसने संपन्नता या निर्धनता, मित्र या शत्रु, सफलता या असफलता, और खुशी या दर्द के कारण-और-प्रभाव को पहचान लिया था|

पाठकगण, आपका चरित्र कैसा है? इसका इस बात से कोई लेना-देना नहीं है कि आप अपने बारे में क्या सोचते हैं या क्या कहते हैं। यह सबसे छली और मूर्खतापूर्ण मापदंड है, और अन्य लोग इस पर विश्वास नहीं करते (नीतिवचन 14:12; 16:25; 21:2; यिर्मयाह 17:9)। इंसान कि पहचान शब्दों से अधिक, उसके कार्यों और परिणामों से होती है। आप अपनी संपत्ति, शरीर, मित्रों, विवाहित जीवन और करियर से जाने जाते हैं। आपके जीवन को देखकर सुलैमान आपके हृदय और आदतों के विषय में क्या जानेगा? आप अपनी कहानी बदल सकते हैं!

आपके घर की साफ-सफाई और सुव्यवस्था से; आपके चेकबुक की समयनिष्ठा और सटीकता से; आपके दराजों, कोठरियों, बेसमेंट, या कार की डिग्गी की अव्यवस्था से; आपके कार की यांत्रिक मरम्मत से; आपके करियर की प्रगति से; आपके शरीर के भार और फिटनेस से; आपके हाथ मिलाने के तरीके से; आपके फ्रिज के निचले दराज़ के पीछे रखे सामान से, आपके क्रेडिट की रेटिंग से; आपके बचत खाते की स्थिति से और ऐसी अन्य चीजों से आपके चरित्र और बुद्धिमत्ता का पता चलता हैं।

आपके बच्चों के चरित्र से; उस सम्मान से, जो आपको दूसरों से मिलता है; आपके मित्रों की संख्या से; आपके जीवनसाथी की प्रसन्नता और समर्थन से; विभिन्न क्षेत्रों में आपकी प्रतिष्ठा से; आपके माता-पिता की राय से; आपके बच्चों की राय से; आपसे परामर्श लेने वाले लोगों की संख्या से; उस सम्मान और आभार से, जो आपको पड़ोसियों और व्यवसायिक सहयोगियों से मिलता है; अगुवाई की भूमिकाओं को लेने के लिए आपसे किए गए अनुरोधों की संख्या से, और एसी कई अन्य चीजों से आपके चरित्र और बुद्धिमत्ता का पता चलता है।

आपकी संपत्ति और परिणामों से आपकी आत्मिक स्थिति का भी पता चलता है। क्या आपको आत्मा का फल प्राप्त हुआ है (गलातियों 5:22-23)? आपके प्रयासों के द्वारा कितनी आत्माएं बदली हैं (याकुब 5-19-20)? क्या आपके बच्चे परमेश्वर का भय मानते हैं (भजन संहिता 34:11; इफिसियों 6:4)? क्या आप शिक्षण देने में सक्षम हैं, या क्या आप अभी भी प्रारंभिक ज्ञान के बल पर ही चल रहे हैं (तीतुस 2:3-5; इब्रानियों 5:12-14)? पिछले वर्षों की तुलना में क्या और अधिक लोग आप में यीशु मसीह को देख पाते हैं (इफिसियों 4:13)? क्या आप दूसरों के दोषों को अनदेखा करने में कृपालु हैं (नीतिवचन 19:11)? या क्या आप आदतन शिकायत करते रहते हैं और लड़ते रहते हैं (फिलिप्पियों 2:14-16)?

एक आलसी या मूर्ख व्यक्ति आर्थिक स्थितियों में गरीब रहेगा। एक आलसी या मूर्ख व्यक्ति आत्मिक स्थितियों में अज्ञानी और निष्फल होगा। परंतु सही तरीके को थाम करके और उस कार्य को भली प्रकार से करके, इन दोनों स्थितियों को बदला जा सकता है। इसी समय! एक और क्षण की देरी न करें! इसी समय कुछ अच्छा और उपयोगी करें। आप अपने परिश्रमी और बुद्धिमान प्रयासों पर परमेश्वर की आशीष के होने के द्वारा, अपने जीवन की परिस्थिति बदल सकते हैं। आगे बढ़ें!

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।