नीतिवचन 24:26

जो ठीक उत्तर देता है उसके होंठ चूमे जायेंगे।

मीठी वाणी, उचित उत्तर और सत्य के वचन ये अद्भुत चीजें हैं। भले लोग वाणी के ऐसे बुद्धिमानीपूर्ण उपयोग के महत्व को समझते हैं और ऐसों की इज्ज़त करते हैं। वे उस व्यक्ति से प्रेम करते हैं जो अपने कुलीन होठों का उपयोग किसी भी मसले का अच्छा उत्तर देने के लिए करता है। यहाँ विवेकशील पुरुषों के सामने एक मकसद रखा गया है – उत्तम वाणी।

जीभ और होंठ – जिनका उपयोग बोलने के लिए किया जाता है – अच्छे या बुरे के शक्तिशाली माध्यम हैं। कई नीतिवचनों और बाइबल में अन्य कई जगहों पर, लोगों को जीभ के दुरुपयोग के खिलाफ़ कड़ी चेतावनी दी गई है और इसका बुद्धिमानी से उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है (नीतिवचन 10:19; 12:18; 15:4; 18:21; याकूब 1:19; 3:2-10)।

बुद्धि और भक्ति के लिए सबसे सीधे मार्गों में से एक है उत्तम वाणी सीखना। दुष्ट या मूर्खतापूर्ण वाणी इस बात का सबसे तेज़ और स्पष्ट प्रमाण है है कि बोलनेवाला मूर्ख है (नीतिवचन 17:28; 18:7; सभोपदेशक 5:3)। लेकिन एक नेक इंसान के अच्छे वचन और उत्तर, एक बेहतरीन कला के समान ही सुन्दर होते हैं (नीतिवचन 10:20; 25:11)।

एक बुद्धिमान व्यक्ति अपने मुँह के सद्गुणी इस्तेमाल से बहुतों का पोषण कर सकता है (नीतिवचन 15:4,23; 10:21)। और अच्छे लोग भी उन लोगों से जो अच्छी बातें करते हैं, प्रेम रखते हैं (नीतिवचन 12:14; 16:13; 22:11; अय्यूब 6:25)। इस नीतिवचन के नज़दीकी संदर्भ के आधार पर, न्यायियों द्वारा सही उत्तर देने की सुंदरता पर जो ज़ोर दिया गया है उस पर ध्यान दें (नीतिवचन 24:23-25)।

आप उत्तम वाणी को तभी आत्मसात कर सकते हैं जब आप सुलैमान के नियमों पर परिश्रम से अमल करेंगे। उत्तम वाणी सीखने के लिए तैयारी (नीतिवचन 15:28), संकोच (नीतिवचन 25:8), अपमान के लिए सहनशीलता (नीतिवचन 26:12), सीमा (नीतिवचन 17:27), विवेक (नीतिवचन 26:4-5), सत्य के वचन (नीतिवचन 22:21), और अनुग्रह (नीतिवचन 22:11) की आवश्यकता होती है।

व्यावसायिक सफलता के लिए बुनियादी नियमों में से एक है शुद्ध मन से आने वाली अनुग्रहपूर्ण वाणी (भजन 22:11), क्योंकि बुद्धिमान लोग अनुग्रहपूर्वक बोलते हैं (सभोपदेशक 10:12)। यहाँ तक कि उच्च और शक्तिशाली लोग भी उस व्यक्ति का सम्मान करते हैं जो धर्मपूर्वक बोलता है (नीतिवचन 16:13)। क्या आप अपनी वाणी में सुधार कर सकते हैं?

अनुग्रहपूर्ण वाणी संबंधों में सफलता के लिए बुनियादी नियमों में से एक है। जो स्त्री अपने शब्दों में अनुग्रहपूर्ण होना सीखती है, उसे हमेशा दूसरों से सम्मान मिलता है (नीतिवचन 11:16; 31:26)। यह कोमल और मीठे शब्द ही हैं जो दूसरों का दिल जीत लेते हैं, तब भी जब वे क्रोधित होते हैं (नीतिवचन 15:1; 25:15)।

पौलुस ने कहा, “तुम्हारा वचन सदा अनुग्रह सहित और सलोना हो कि तुम्हें हर मनुष्य को उचित रीति से उत्तर देना आ जाए” (कुलुस्सियों 4:6)। उन्होंने समझ लिया कि वाणी का उद्देश्य और लक्ष्य सुननेवाले को दयालु और अनुग्रहपूर्ण तरीके से प्रोत्साहित करना होता है (इफिसियों 4:29)। क्या आपके शब्द सुननेवालों को चंगा करते हैं, या आप उन्हें लहूलुहान कर देते हैं (नीतिवचन 12:18; 16:24)?

प्रभु यीशु सही उत्तर देने में माहिर थे (मत्ती 22:46)। जब यहूदियों ने उन्हें अपने शब्दों में फँसाने का प्रयास किया तो उन्होंने कैसे उत्तर दिया, इस पर बड़े आनंद के साथ विचार करें, क्योंकि वे उन्हें मौके पर ही भ्रम में डाल देते थे। जब वे आम तौर पर बोलते थे, तो लोग चकित हो जाते थे (मत्ती 7:28-29)। उनके शत्रुओं ने कहा, “किसी मनुष्य ने कभी ऐसी बातें नहीं कीं” (यूहन्ना 7:46)!

उन्होंने अपने शिष्यों को भी बुद्धि और मधुर वाणी की आशीष दीं, ताकि वे बिना किसी तैयारी के भी अपने शत्रुओं को हक्काबक्का कर सकें (लूका 21:12-15)। जब कलीसिया के सेवक स्तिफनुस ने मसीह की आत्मा में होकर अपनी बुद्धिमान वाणी से यहूदियों की बातों का उत्तर दिया और वे उसका विरोध न कर सकें तो वे उस पर अपने दांत पिसने लगे थें (प्रेरितों के काम 6:10)। चूँकि उनके प्रचारकों को सुहावने पैरों वाला कहा जाता है (यशायाह 52:7: रोमियों 10:15), तो क्या उन्हें होठों पर चुंबन के योग्य नहीं होना चाहिए, यह जानते हुए कि वे अच्छी बातों का शुभ समाचार लाते हैं?

एक ख्रिश्चन होने के नाते, सुसमाचार की सच्चाई को सिखाने और उसका बचाव करने की क्षमता में उन्नति करना आपका कर्तव्य है। पौलुस ने इब्रानी पवित्र जनों को शिक्षा की दिशा में उन्नति न कर पाने के कारण फटकार लगाई (इब्रानियों 5:12-14)। और पतरस ने अपने पाठकों को भावुक होने के बजाए, यीशु मसीह में अपनी आशा के लिए उचित उत्तर देने के लिए तैयार रहने के लिए प्रोत्साहित किया (I पतरस 3:15)। प्रिय पाठक, क्या आप होठों पर चुंबन के योग्य हैं?

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।