नीतिवचन 24:19
कुकर्मियों के कारण मत कुढ़, दुष्ट लोगों के कारण डाह न कर;
चाहे बॉलीवुड हो या हॉलीवुड, फ़िल्म इन्डस्ट्री झूठ बोलती है। दुष्टों के चकाचौन्ध जीवन से विचलित मत होइए। पापी लोग फलते-फूलते दिखाई देते हैं। वे खुश नजर आते हैं। उन्हें लगता है कि वे पाप के नतीजों से बच जाएंगे। लेकिन उनका अंत आ रहा है। परमेश्वर उन पर हँसेगा और उनका विनाश कर देगा। उनकी चंद दिनों की सफलता से ईर्ष्या न करें।
स्वर्ग में एक परमेश्वर है, और वह ऐसे पापियों को कड़ी से कड़ी सजा देता है (भजन संहिता 58:6-11)। उसके और उसके वचन के खिलाफ उनके विद्रोह पर वह उनका अन्तिम हिसाब लेगा। उनकी खुशी एक छलावा है; उनकी सफलता एक धोखा है, उनकी दीर्घकालिक समृद्धि एक भ्रम है। उन्हें इसी जीवन में संकटों का सामना करना होता है; वे अक्सर युवावस्था में ही मर जाते हैं; और तत्पश्चात उन्हें क्रोधित परमेश्वर का सामना करना है! उन पर मत कुढ़ों।
आपके सामने जो वचन है, वह इस नीतिवचन का केवल आधा हिस्सा है। नीतिवचन 24:19 में सुलैमान ने कुकर्मियों के कारण न कुढ़ने या उनपर डाह न करने की चेतावनी देने के बाद यह लिखा, “क्योंकि बुरे मनुष्य को अन्त में कुछ फल न मिलेगा, दुष्टों का दिया बुझा दिया जाएगा” (नीतिवचन 24:20)। यह बुद्धि है! इससे आप दुष्टों और कुकर्मियों के कारण असमंजस में पड़ने या निराश होने के बजाय, आप जान लेते हैं कि उनका भयानक विनाश आ रहा है।
टेलीविजन, पत्रिकाओं और इंटरनेट के कारण, आपको दुष्टों के चेहरे, घरों, कारों और पापों को इतना अधिक देखना पड़ता है जितना कि सुलैमान ने भी अपने समय में नहीं देखा होगा। उनके प्रशंसनीय कारनामें हर दिन दुनिया भर में प्रकाशित होते हैं। लेकिन सुलैमान के ये परमेश्वर-प्रेरित वचन आज भी सच हैं। उनसे ईर्ष्या मत करो, क्योंकि तुम उनका भविष्य जानते हो; वे तुम्हारा भविष्य नहीं जानते, और तुम्हारा भविष्य उनसे कहीं बेहतर है!
पापी लोग हत्या के अपराध के दोषी नहीं हैं यह कहना एक सामान्य और मूर्खतापूर्ण अभिव्यक्ति है। लेकिन हत्या के अपराध से कोई नहीं बचता। कैन से पूछो। दाऊद से पूछो। ईज़ेबेल से पूछो। उन यहूदी अगुओं से पूछो जिन्होनें यीशु मसीह को क्रूस पर चढ़ाया। हिटलर से पूछो। मनुष्य मूर्खतापूर्ण बातें करने और ठट्ठा करने जैसी बेकार की बातों के लिए भी दण्ड पाने से नहीं बचेंगे (मत्ती 12:36; इफि 5:3-6)।
आर्थिक और भौतिक समृद्धि कुछ भी साबित नहीं करती है। उन पापियों से ईर्ष्या मत करो जो आर्थिक और भौतिक दृष्टि से समृद्ध प्रतीत होते हैं। परमेश्वर मूर्खों को आर्थिक और भौतिक दृष्टि से समृद्ध होने दे सकता है ताकि वे उनकी मूर्खता में और भी अधिक पनपते रहें (नीतिवचन 1:32; निर्गमन 9:16)। दाऊद ने सिखाया कि यदि आप काफी देर तक संयम से प्रतीक्षा करते हैं, तो वे पूरी तरह से मिट जाएंगे, और आप उन्हें ढूंढ भी नहीं पाएंगे (भजन 37:35-36)। साबुन के बुलबुले से ईर्ष्या न करें। वह जल्द ही फट जाएगा और लुप्त हो जाएगा!
बुद्धिमानों की चाल विश्वास और ज्ञान के अनुरूप होती है। परमेश्वर ने बाइबल में पाप के विरुद्ध जो कुछ कहा है वे उन सब बातों पर विश्वास करते हैं, और वे सांसारिक सलाह या ऐसे उदाहरणों को ठुकरा देते हैं जो दिखावा करते हैं कि पाप लाभदायक हो सकता है। वे बेहतर रीति से जानते हैं। वे जानते हैं कि सब मनुष्य झूठे हैं, खासकर फ़िल्म इंडस्ट्री में, और परमेश्वर ही सच्चा है। वे जानते हैं कि हिसाब का दिन आ रहा है, जिसमें सभी दुष्ट अपने जीवन का हिसाब देंगे और अपनी मूर्खता और कुकर्म के लिए अनन्त पीड़ा का दण्ड पाएंगे (2 कुरिन्थियों 5:9-11)।
विश्वास निरंतर भविष्य की ओर देखता है। यह जानता है कि यहाँ पृथ्वी पर भौतिक दृष्टि से वह जो कुछ देखता है, आनेवाला जीवन उससे कहीं अधिक है। इसलिए, धर्मी लोग बाहरी रूप को देखकर नहीं, विश्वास से चलते हैं (2 कुरिन्थियों 5:7)। वे जानते हैं कि धर्मी और दुष्ट दोनों के लिए एक ऐसा समय आ रहा है जब दोनों की अन्तिम नियती में एक बड़ा उलटफेर होने वाला है। वे जानते हैं कि स्वर्ग का सुख यहाँ की किसी भी पीड़ा से कहीं अधिक बड़कर है (रोमियों 8:18; 2 कुरिन्थियों 4:17-18; इब्रानियों 12:1-4)। मूसा के समान, वे आगे देखते हैं और मिस्र के धन पर हंसते हैं (इब्रानियों 11:24-26)।
परमेश्वर का भय मानना और उसकी आज्ञाओं का पालन करना सबसे बड़ा काम है जिससे आप ही का कल्याण होगा (नीतिवचन 1:7; 8:13; 9:10; 10:27; 19:23; सभोपदेशक 12:13-14)। यही सच्ची बुद्धि है। आप अपने जीवन के लिए परमेश्वर के लिखित प्रकाशन पर पूरा पूरा भरोसा करते हैं। आप जानते हैं कि वह है और उसके वचन परम सत्य हैं, और आप जानते हैं कि उसकी आज्ञा मानने का बड़ा प्रतिफल है (भजन संहिता 19:11; इब्रानियों 11:6)।
मूर्खों की दिखाई देनेवाली ख़ुशी और समृद्धि आपको यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि क्या परमेश्वर और उसके वचन का पालन करने का सचमुच कोई लाभ है। दाऊद और उसके गीत के अगुआ आसाप ने ऐसे मूर्खतापूर्ण और अल्पकालिक विचारों के बारे में लिखा (भजन 49:1-20; 73:1-20)। ये विचार आपके विश्वास और ज्ञान के प्रति प्रतिबद्धता को उखाड़ फेंकने के लिए शैतान की ओर से संदेह पैदा करनेवाले के उग्र तीर हैं (उत्पत्ति 3:1; इफि 6:16)।
ऐसा प्रतीत होता है कि व्यभिचारी मनुष्य बहुत-सी स्त्रियों का उपभोग लेता है, परन्तु परमेश्वर उसका नाश करेगा (इब्रानियों 13:4)। परमेश्वर उसे यह सोचने देता है कि वह व्यभिचार करके भी न्याय से बच रहा है (भजन 50:16-23)। इस बीच, उसके पास कोई प्रतिबद्ध, वफादार, या प्यार करने वाली पत्नी नहीं है जो उसे बच्चों से फलद्रुप परिवार का आनंद दे सकें (नीतिवचन 5:15-23)। ये दुष्ट खिलाड़ी अब अकेलेपन में जीते हैं, और वे जल्द ही हमेशा के लिए मिटा दिए जाएँगे (नीतिवचन 24:20)।
परमेश्वर ने हमें न कुढ़ने की चेतावनी दी (नीतिवचन 23:17-18; 24:1; भजन 49:1-20)। दाऊद ने लिखा, “कुकर्मियों के कारण मत कुढ़, कुटिल काम करनेवालों के विषय डाह न कर! क्योंकि वे घास के समान झट कट जाएँगे, और हरी घास के समान मुर्झा जाएँगे।….. यहोवा के सामने चुपचाप रह, और धीरज से उसकी प्रतीक्षा कर; उस मनुष्य के कारण न कुढ़, जिसके काम सफल होते हैं” (भजन 37:1-2,7)।
दुष्टों को इस संसार का भरपूर आनन्द लेने दो, और आनेवाले अगले जगत में तुम उन पर हँसोगे (भजन 17:13-15; 49:14-15)! आपके पास एक पुरस्कार आने वाला है जो उनके कपटपूर्ण सुखों को शर्मसार कर देगा, और इस पुरस्कार को याद रखना मसीही विश्वासी को आशा से भर देता है, चाहे उसका यहाँ का जीवन कितना भी कठिन और कष्टप्रद क्यों न हो (भजन 73:1-20; रोमियों 8:16-19; 1 कुरिन्थ 15:19)। परमेश्वर अब उनकी विपत्तियों पर हंसेगा और बाद में दण्ड की घोषणा भी करेगा (नीतिवचन 1:23-31; मत्ती 7:21-23)।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।