नीतिवचन 22:8

जो कुटिलता का बीज बोता है, वह अनर्थ ही काटेगा, और उसके रोष का सोंटा टूटेगा।

पाप आपको कोई लाभ नहीं देगा। पाखंड काम नहीं आएगा। यदि आप किसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर पाप करते हैं, तो आप उसे कभी हासिल नहीं कर पाएँगे। पाप सिर्फ़ अनर्थ को जन्म देगा – निकम्मापन और अनर्थ। यदि आप अपने पापी मार्ग पर चलने के लिए क्रोध या हिंसा का उपयोग करते हैं, तो इससे कोई लाभ नहीं होगा। आप बुरी तरह असफल होंगे। अपने आप से झूठ न बोलें, क्योंकि केवल भक्ति और धार्मिकता ही सफल होगी और अच्छा प्रतिफल दिलाएगी (नीतिवचन 11:18)।

आप जो बोते हैं, वही काटते हैं। “धोखा न खाओ; परमेश्वर ठट्ठों में नहीं उड़ाया जाता, क्योंकि मनुष्य जो कुछ बोता है वही काटेगा” (गलतियों 6:7)। धोखा न खाओ” यह चेतावनी क्यों दी गई है? क्योंकि इन्सान को लगता है कि वह पाप करके बच सकता है। लेकिन परमेश्वर ठट्ठों में नहीं उड़ाया जाता। आप उसके वचन के विरुद्ध पाप करके उसे हल्के में नहीं ले सकते। वह आपको आपकी बग़ावत के कारण पीसकर चूर्ण बना देगा। पश्चाताप करें!

क्रोध या हिंसा पाप के मार्गों को सफल नहीं बनाएगी। आप दूसरों को कुछ समय के लिए अपने क़ाबू में कर सकते हैं, लेकिन आपके कुटिल मार्ग सफल नहीं होंगे। कोई है जो आपसे कहीं अधिक सामर्थी है, और वह आपके खुद को ऊँचा करने के और अपने पापमय जीवन की रक्षा करने के आपके कमज़ोर प्रयासों को कुचल देगा (सभोपदेशक 5:8)। मूर्ख सन्हेरीब पर विचार करें (यशायाह 10:5-19)। फिरौन पर विचार करें।

सभी प्रकार का रोष गलत नहीं होता। यहाँ जिस रोष की भर्त्सना की जा रही है, वह पाप में जीने वाले व्यक्ति का क्रोध या उसका हिंसा का मार्ग है। पीनहास एक धर्मी कारण से क्रोधित हुआ, और उस कारण परमेश्वर ने उसे आशीष दीं (गिनती 25:1-15)। यीशु क्रोधित हुआ, लेकिन उसकी छड़ी बिल्कुल भी विफल नहीं हुई (मरकुस 3:5)। परन्तु पापपूर्ण क्रोध विफल हो जाता है।

आप परमेश्वर की व्यवस्था से छल करके सफल नहीं हो सकते। वह ऐसा होने नहीं देगा। अगर उसने ऐसा होने दिया, तो उसका न्याय और धार्मिकता का कोई मतलब नहीं है। अगर आप अपने जीवन के किसी भी क्षेत्र में झूठ से समझौता करते हैं, तो आपको इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। चाहे आपके इरादे कुछ भी हों, वे पूरे नहीं होंगे। आप पराजित हो जाएंगे।

दाऊद ने नतीज़ों की परवाह किए बिना बतशेबा से व्यभिचार का आनंद लेने की कोशिश की, लेकिन वह गर्भवती हो गई। उसने अपने पाप को छिपाने के लिए उसके पति को युद्धभूमि में मरवा दिया, लेकिन वह बहुत वफादार था। उसने उसे क्रूरता से मार डाला और उसकी पत्नी से विवाह कर लिया, लेकिन इस के परिणामस्वरूप उनके व्यभिचार से जन्मा उनका बच्चा मर गया और ज़िन्दगीभर उसे दण्ड सहना पड़ा। दाऊद बुरी तरह हार गया।

जो पाखंडी पिता अपने बच्चों पर हावी होने के लिए क्रोध का उपयोग करता है, अंत में बुरी तरह हारेगा – निश्चित रूप से। जो पत्नी अपनी अहंकारपूर्ण नारीशक्ति की रक्षा के लिए अपने पति को यौन सुख से वंचित रखती है, बुरी तरह हारेगी। एक पति जो अश्लील फ़िल्में देखता है और अश्लील किताबे पढ़ता है, वह अपनी पत्नी को वह प्रिय प्रेमिका नहीं बना सकता जैसा वह उसे बनाना चाहता है। अन्यायी बॉस अंत में टिक नहीं पाएगा, चाहे वह अपनी प्रबंधकीय चाल कैसे भी खेले।

लालची लोग जो दान नहीं देते हैं, वे अपनी संपत्ति की रक्षा नहीं कर पाएंगे (नीतिवचन 11:24; 21:13; हाग्गै 1:1-11)। एक विद्रोही बच्चा उन्नति नहीं कर पाएगा, चाहे वह खुद को साबित करने के लिए कितना भी ऊर्जावान क्यों न हो (नीतिवचन 20:20; 30:17)। धार्मिक पाखंडी का आनंद, जो रविवार को दिखावा करता है, बहुत कम समय के लिए होता है (अय्यूब 20:4-29)। जान लों कि आपका पाप आपको लगेगा।

फिर भी जो लोग अपने पापों को मान लेते हैं, अपनी गलतियों से पश्चाताप करते हैं, और धार्मिकता की ओर फिरते हैं, परमेश्वर उन्हें क्षमा करता है (नीतिवचन 28:13; 1 यूहन्ना 1:9)। यदि आप धर्म का बीज बोते हैं, तो आपको निश्चय परमेश्वर की आशीष और अनुग्रह का महान प्रतिफल मिलेगा (नीतिवचन 11:18; भजन 19:11; याकूब 1:25)।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।