नीतिवचन 22:20

मैं बहुत दिनों से तेरे हित के उपदेश और ज्ञान की बातें लिखता आया हूँ,

बाइबल पृथ्वी की सबसे उत्तम पुस्तक है। इसमें किसी भी अन्य पुस्तक की तुलना में कहीं अधिक उपदेश और ज्ञान है। इसके बजाय कुछ और पढ़ना, इसकी तुलना में व्यर्थ और अप्रीतिकर है। इसमें सर्वाधिक शुद्ध कविताएँ, मधुर गीत, गहन दार्शनिकता (तत्वज्ञान), सच्चा सिद्धांत, उत्तम शैली की विविध विषय-वस्तु, यथार्थ इतिहास, अद्भुत रहस्य, कई महान व्यक्तित्व, हितकारी उपदेश और महान मूल्य हैं। हर एक वचन सबके सृजनहार, प्रभु यहोवा द्वारा प्रेरित हैं। यह आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना पहले था, क्योंकि परमेश्वर ने इसे आरम्भ से अन्त तक की सब पीढ़ियों के लिए रचा है।

सुलैमान ने अपने पुत्र से दीन होने और उसके लिए लिखे गए वचनों को अपने जीवन में लागू करने के लिए कहा (सभोपदेशक 12:8-12)। वह चाहता था कि उसके बेटे को सत्य का सुखद प्रतिफल प्राप्त हो (भजनसंहिता 19:7-11)। वह चाहता था कि ये वचन उसके पुत्र के मुँह पर और मन में वास करें। वह चाहता था कि ये उसके मन में रहें, ताकि वह प्रभु पर भरोसा रखे। वह चाहता था कि ये उसके मुँह पर रहें, ताकि वह उन लोगों को सत्य के साथ जवाब दे जो कभी उससे प्रश्न करेंगे (नीतिवचन 22:17-21)। यह नीतिवचन केवल सुलैमान के लेखन पर ही नहीं, बल्कि पूरी बाइबल पर लागू होता है (यशायाह 8:20, 2 तीमुथियुस 3:16-17)।

मानव शरीर में रहने वाले प्रभु यीशु मसीह के बाद, सुलैमान ही इस दुनिया में रहने वाला सबसे बुद्धिमान व्यक्ति था (कुलुस्सियों 2:9)। सुलैमान पेड़ों और अन्य विषयों के बारे में इतनी गहराई से चर्चा करने में योग्य था कि दूर-दूर देशों के राजा अपने बुद्धिमान लोगों को उसकी बातें सुनने के लिए भेजते थे (1 राजाओं 4:29-34)। वह अपने अथाह ज्ञान, समझ, धन और युक्तियों के लिए व्यापक रूप से प्रसिद्ध था। लेकिन परमेश्वर ने उसे बाइबल के 40 लेखकों में से एक होने के लिए भी प्रेरित किया। उसने बाइबल की 66 पुस्तकों में से तीन पुस्तकें लिखीं – नीतिवचनों का संग्रह, सभोपदेशक की पुस्तक और श्रेष्ठगीत।

पाठक, क्या आपने अपना मन दीन किया और क्या आपने बाइबल की बातों को अपने व्यावहारिक जीवन पर लागू किया हैं? क्या आप बाइबल का उत्तम ज्ञान रखते हैं? क्या वह आपके हृदय में छिपी हुई है? क्या वह आपके होठों पर बैठी हुई है? क्या आप इसमें से कुछ सत्य वचन उन्हें दे सकते हैं जो आपसे प्रश्न पूछते हैं? क्या आप जानते हैं कि यह उपदेश और ज्ञान में कितनी हितकारी है? या क्या यह आपके लिए केवल मसीह धर्म की एक बेजान, पवित्र पुस्तक है? क्या आप यह गलत सोच रखते हैं कि बाइबल केवल प्रभु के दासों या धर्मशास्त्रियों के लिए है? या आप डिज़्नी द्वारा बनाया गया इसका एक ऐनिमेटेड संस्करण अधिक पसंद करते हैं? बाइबल के अलावा कहीं और कोई भी प्रकाशन या सत्य नहीं हैं। आप इसे अनदेखा करके स्वयं को धोखा दे रहे हैं।

निश्चय ही, आपके देश के स्कुल-कॉलेजों में पढ़ाने वाले शिक्षक नियमित रूप से आपको फुसलाने के लिए आपको यह मानने पर मजबूर करेंगे कि गैर-धार्मिक या धर्म-निरपेक्ष लेखकों द्वारा लिखी गई पुस्तकें बाइबल से कहीं बेहतर हैं। बाइबल लेकर चलने, बाइबल उद्धृत करने या बाइबल को एक स्रोत के रूप में उपयोग करने को वे अवैध बना देंगे। वे सत्य से अवगत छात्रों या नागरिकों का जोखिम नहीं उठा सकते, क्योंकि ऐसा करने से उनकी झूठी बातें सबके सामने आ जाएँगी। शैतान और शिक्षकों ने मिलकर सत्य से ईश्वर-प्रेरित वचनों का उपहास करने और लोगों को भ्रम में रखने की साज़िश रची है (उत्पत्ति 3:6; यूहन्ना 8:44; 2 कुरिन्थियों 11:3; 1 तीमुथियुस 6:20-21)।

धार्मिक स्कूल भी इनसे कुछ कम नहीं हैं। रोमन कैथोलिक समुदाय अपने अनुयायियों को यह मानने पर मजबूर करता है कि अविवाहित पुरुषों का एक साथ रहना, लैटिन भाषा में मंत्र पढ़ना और मोतियों की माला जपना बाइबल पढ़ने से अधिक बुद्धिमानीपूर्ण है। कई प्रोटेस्टेंट कॉलेज भी यह दावा करते हैं कि केवल मूल हस्तलिपियों पर ही भरोसा किया जा सकता है, इसलिए आपको इब्रानी या यूनानी भाषा का अर्थ बताने के लिए उन्हीं के विद्वान शिक्षकों पर भरोसा करना चाहिए। तीन माध्यमिक भाषाएँ! यहाँ फिर से, अंग्रेज़ी भाषा की किंग जेम्स बाइबल में परमेश्वर के प्रेरित और संरक्षित वचनों में विश्वास को कम करने के द्वारा लोगों को भ्रम में रखने की साज़िश की गई है।

स्वर्ग के परमेश्वर ने किसी भी विषय पर सत्य को जानने आपको एक लिखित दस्तावेज़ दिया है, ताकि वह आपको मूर्तिपूजक और अपवित्र स्वप्न देखनेवालों के मतिभ्रम से बचाए। चूँकि इसकी व्यापक स्वीकृति शिक्षकों को एक वास्तविक नौकरी ढूँढने, मनोरंजन उद्योगों को बंद करने, और राजनेताओं को बुद्धिमानी से रहने और शासन करने के लिए मजबूर करती है, इसलिए हर तरफ से इसका उपहास और निंदा की जाती है। लेकिन कोई भी पुरुष, स्त्री या बच्चा बाइबल पर विश्वास करने और उसका पालन करने के द्वारा, समाज के इन तीनों वर्गों से अधिक बुद्धिमान बन सकता है (भजन संहिता 119:98-100, 104, 113, 128)।

यदि आप सृष्टि की उत्पति के विषय में जानना चाहते हैं, तो चार्ल्स डार्विन की भ्रष्ट कल्पनाओं वाली पुस्तकों को बेच डालें और एक बाइबल खरीद लें। उत्पत्ति 1-3 को पढ़ने में लगने वाले कुछ ही मिनटों में आप स्वर्ग, पृथ्वी, समुद्र, सागर, सभी पौधौं, सभी स्वर्गीय निकायों, सभी पशुओं, पक्षियों और मछलियों के सृजन तथा आपके आदि माता-पिता के नामों की उत्पत्ति के विषय में सब कुछ जान लेंगे (इब्रानियों 11:1-3)। परमेश्वर की महिमा हो! क्या इसका मतलब यह है कि केवल पांच मिनटों में मैं चार्ल्स डार्विन से भी अधिक बुद्धिमान बन सकता हूँ? बड़ी आसानी से!

क्या आप भूगोल या भूविज्ञान में रुचि रखते हैं? कोलोरेडो नदी की ग्रैंड कैन्यन घाटी का निर्माण कैसे हुआ? क्या आप साइबेरिया में दबे हुए उन मैमथ (प्राचीन हाथी) के बारे में जानना चाहते हैं जिनका पेट उत्कट वनस्पतियों से भरा हुआ था? तो और आश्चर्य न करें! उत्पत्ति 6-9 पढ़ें, और आप उस विश्वव्यापी बाढ़ के विषय में जान पाएंगे जिसमें नूह, उसके परिवार और जहाज़ पर उसके द्वारा आपके लिए बचाए गए पशुओं को छोड़कर, सभी जीवित प्राणी डूब गए थे।

क्या आप पृथ्वी भर की भाषाओं की विशाल विविधता से भ्रमित हैं, विशेषकर तब जब आपके शिक्षकों ने आपको बताया है कि सभी मनुष्य एक सैलामैंडर से विकसित हुए हैं, जो दो पैरों पर चलना चाहता था और एक अंतरिक्ष यात्री बनने के लिए प्लाइट स्कूल में जाना चाहता था? यह जानने के लिए आपको केवल उत्पत्ति 11 को पढ़ने की आवश्यकता है जिसमें परमेश्वर ने बाबेल की मीनार के पास मानव जाति की इकलौती भाषा को विविधता में बदलकर लोगों में गड़बड़ी डाली, जब वे पृथ्वी भर में फैलने और संख्या में बढ़ने की परमेश्वर की आज्ञा का पालन नहीं कर रहे थे।

क्या आप मृत्युदंड के विषय में अनिश्चित हैं? तो निश्चित हो जाएँ (उत्पत्ति 9:6)! समलैंगिक मिलन के विषय में आप क्या सोचते हैं? सही सोचें (लैव्यव्यवस्था 18:22)! पुरुष-गामिता की उत्पत्ति कैसे हुई? यहाँ से जानें (रोमियो 1:18-28)! क्या एक अच्छा जीवनसाथी पाने और एक सुखी विवाह की कोई गारंटी होती है? बिलकुल (नीतिवचन 31:30)! क्या बच्चों को जो सही है केवल वही करने के लिए प्रशिक्षित किया जा सकता है? निश्चत रूप से (नीतिवचन 22:6, 15; 29:15)! क्या दाखमधु और मदिरा पीना सही है? हाँ, यदि सही और उचित मात्रा में पी जाएँ (नीतिवचन 31:6-7; भजन संहिता 104:14-15)! क्या परमेश्वर यौन क्रिया का समर्थन करते हैं? उन्होंने ही इसे बनाया है (नीतिवचन 5:19; उत्पत्ति 2:25; सुलैमान का श्रेष्ठगीत; 1 कुरिन्थियों 7:1-5; इब्रानियों 13:4)!

बाइबल बुद्धि के इन कुछ उदाहरणों से कहीं बेहतर है। इसमें यीशु मसीह के विषय में ऐसे गुप्त रहस्य हैं जो इस संसार के तत्वज्ञानियों से छिपे हुए हैं (मत्ती 13:1-17; 1 कुरिन्थियों 2:16)। विश्व का सबसे गहन तथ्य यीशु और उसके जीवन के बारे में है (1 तीमुथियुस 1:15; 3:16)। वह जगत की ज्योति है, और उसके बिना दुनिया अंधकार में आशाहीन रूप से अंधी है (यूहन्ना 8:12)। वह विश्व का सृजनहार और न्यायी है, और हर एक घुटना उसे प्रभु मानने के लिए झुकेगा।

मृत्यु का कारण और उत्पत्ति, और उसका उपाय और उसकी पराजय, दोनों ही बाइबल में पाई जाते हैं। विकासवादियों को इनमें से किसी भी विषय में कोई भी जानकारी नहीं है – इसके विषय में सोचें! यीशु अपने चुने हुओं को मृत्यु और नरक से बचाने के लिए, उनके बदले में मरा और आप इस निश्चयता के साथ उस पर विश्वास कर सकते हैं कि आप उसके चुने हुए लोगों में से एक हैं। यह संसार वर्तमान के विश्व के भयानक विनाश और सभी अन्य मनुष्यों के लिए आने वाली अनंत पीड़ा से बर्बाद होने वाला है (2 थिस्सलुनीकियो 1:7-10; 2 पतरस 3:1-18)।

परमेश्वर ने बाइबल में उपदेशों और ज्ञान के विषय में उत्तम बातें लिखी हैं। वह अपना वचन सिखाने के लिए हर पीढ़ी में लोगों को भेजता है, जैसे सुलैमान किया करता था (सभोपदेशक 12:8-14)। यह लोग उन कलीसियाओं के पास्टर होते हैं, जहाँ बाइबल पर ज़ोर दिया जाता है; गहनता से उसका प्रचार किया जाता है, और स्पष्ट रूप से उसे समझाया जाता है। आज ऐसे लोग मुश्किल से मिलते हैं, क्योंकि अधिकांश मसीही सत्य के बजाय कल्पित कहानियाँ सुनना चाहते हैं (2 तीमुथियुस 4:1-4)। अपने लिए एक निष्ठावान चर्च और पास्टर ढूंढना आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।