नीतिवचन 2:22

दुष्ट लोग देश में से नष्ट होंगे, और विश्वासघाती उसमें से उखाड़े जाएँगे।

अपराध से कुछ हासिल नहीं होता। पापी पाप से बच नहीं सकेंगे। क्या आपको आश्चर्य होता है कि कोई दुष्ट व्यक्ति जीवित है और समृद्ध हो रहा है? एक राजनेता? अभिनेता या अभिनेत्री? धार्मिक अगुवा? अपराध करनेवाला? उन्हें काटकर जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा। परमेश्वर और सुलैमान ने इसकी आश्वस्ति दी।

जो लोग दुष्ट जीवन शैली चुनते हैं, परमेश्वर और मनुष्यों द्वारा उनका पीछा किया जाएगा और वे नाश कर दिए जाएंगे। यह नीतिवचन कड़वा है, किन्तु सच है। चुनाव आपका है -यदि आप दुष्ट पुरुष या पराई स्त्री के पापमय मार्गों का अनुसरण करते हैं (नीति. 2:12-18), तो आपने अपना विनाश चुना है।

सुलैमान ने बुद्धि और हर भले मार्ग की जुनून से भरी खोज का वर्णन किया था (नीति. 2:1-9)। फिर उसने दुष्ट पुरुष (नीति. 2:10-15) और पराई स्त्री (नीति. 2:16-19) से छुटकारा पाने में बुद्धि के लाभ का वर्णन किया। अन्त में, उसने भले मनुष्यों के मार्ग पर चलने और धर्मीजनों के मार्ग का पालन करने में ज्ञान की सकारात्मक आशीष का वर्णन किया (नीति. 2:20)।

बुद्धि प्राप्त करने, दुष्ट पुरुष और पराई स्त्री से दूर रहने, और भले और धर्मी लोगों की जीवन-शैली का अनुसरण करने का क्या प्रतिफल है (नीति. 2:10-20)? यह आपके जीवन पर परमेश्वर और मनुष्य की आशीष है जो सुरक्षा और सफलता की ओर ले जाती है। आप सुरक्षित रहेंगे और आपका एक लम्बा और समृद्ध जीवन होगा (नीति. 2:21)। परमेश्वर और मनुष्य दोनों ही दुष्टों को दण्ड देते हैं, अतः अपराध से कुछ हासिल नहीं होता है।

शान्तचित्त एक अद्भुत बात है। क्या आप इसे समझते हैं? क्या आपके पास यह है? इसका अर्थ है अशान्ति या घबराहट से मुक्त होना; स्थिरता और धीरज का आनन्द लेना; मनशान्ति और सन्तोष का अनुभव करना। शान्तचित्तता धर्मी जीवन के लिए परमेश्वर का अनुग्रहकारी प्रतिफल है (नीति. 1:33; 3:21-26; 4:7-8; भजन 25:12-13; 112:6-8; यशा. 26:3-4; 1 तिमु. 6:6; 1 पत. 3:10-12)।

बेबीलोन का राजा नबूकदनेस्सर विश्व-इतिहास का सबसे महान राजा था। उसके पास किसी भी अन्य राजा की तुलना में अधिक सम्मान, समृद्धि और सफलता थी। परन्तु वह घमण्डी था. और उसने परमेश्वर की न तो प्रशंसा की और न उसे धन्यवाद दिया। वह एक पापी था, और उसने गरीबों पर अत्याचार किया। दानिय्येल ने उसे अपने पापों से फिरने की चेतावनी दी ताकि उसकी शान्तचित्तता को बढ़ाया जा सके। क्योंकि उसने अपने आप को दीन नहीं किया और भले मनुष्यों का मार्ग नहीं चुना, इस कारण उसने अगले सात वर्ष एक पशु के समान बिताएं (दानि. 4:27-33)।

लूत ने इस संसार के मनुष्यों के साथ घुलना-मिलना चुना, परन्तु उसने बाइबल की सबसे भयावह कहानियों में से एक में अपने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया (उत्प. 13:12-13; 19:1-38)। शाऊल ने सोचा कि वह अपने जीवन में मनुष्य का भय, अधीरता और ईर्ष्या को आने दे सकता है; परन्तु उसे और उसके पुत्रों को उसी दिन मार डाला गया, और पलिश्तियों ने शहरपनाह पर उन्हें कीलों से ठोंक दिया (1 शमू. 31:8-13)। मनुष्य और उनके परिवार दोनों पृथ्वी पर से नाश किए गए और उन्हें जड़ से उखाड़ दिया गया। यह नीतिवचन कड़वा है किन्तु सच है।

सिकन्दर महान ने हिंसा का एक अहंकारी जीवन जिया, और वह अपनी आधी आयु भी नहीं जी पाया, जैसी कि परमेश्वर ने ऐसे दुष्टों से प्रतिज्ञा की थी (भजन 55:23)। समय अबशालोम, जेम्स डीन, एली के बेटों, जॉन एफ केनेडी, अम्नोन, जिमी हॉफा, कुरिन्थ के रहिवासी, मर्लिन मुनरो, एक अमीर मूर्ख, राजकुमारी डायना, हामान के बेटे, एल्विस प्रेस्ली, एर, मार्टिन लुथर किंग जूनियर, ओनान, जिम मॉरिसन, जेनिस जोप्लिन, जिमी हेंड्रिक्स और उनके जैसे अन्य दुष्ट व्यक्तियों के विषय में लिखने की अनुमति नहीं देता।

नाश कर दिए जाने और जड़ से उखाड़ दिए जाने की चेतावनी केवल व्यभिचारियों और इसी तरह के विद्रोहियों पर लागू नहीं होती है। प्रभु यीशु मसीह ने अपने समय के धार्मिक अगुवों का वर्णन करते समय ऐसी ही भाषा का उपयोग किया, जिन्होंने उनकी धार्मिकता और सच्चाई के सिद्धान्त के बदले अपनी मानवनिर्मित परम्पराओं और राजनीतिक रूप से सही शिष्टाचारों को चुना। उसने अपने शिष्यों से कहा कि वे जड़ से उखाड़ दिए जाएंगे और वे अन्धों के अन्धे अगुवों से ज्यादा कुछ नहीं थे (मत्त. 15:12-14)।

इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि अभी आपका जीवन अच्छा है या नहीं। यदि आप सांसारिक समझौता या दुष्टता में बने रहते हैं, तो परमेश्वर आपको और आपके परिवार को नाश कर देगा और उन्हें पृथ्वी से जड़ से उखाड़ देगा। यदि आपका जीवन अभी अच्छा है, तो यह अधिक समय तक नहीं चलेगा। यदि आपका जीवन अभी बुरा है, तो यह और भी बदतर हो सकता है, और होगा। एक सीधा और बुद्धिमानी का जीवन चुनकर अपनी शान्तचित्तता को बढ़ाएं (नीति. 2:20-21)।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।