नीतिवचन 2:20
कि तू भले मनुष्यों के मार्ग पर चले, और धर्मियों के पथों को थामे रहे। (केजेवी)
मनुष्य केवल दो प्रकार के होते हैं – भले मनुष्य और बुरे मनुष्य। इन दोनों समूहों की जीवन शैलियां बिलकुल भिन्न होती हैं : उनकी जीवन शैली और आदर्श एक दूसरे के विरोधी हैं। कुलीन माता-पिता अपने बच्चों से प्रेम करते हैं, इस कारण वे उन्हें बुद्धि सिखाते हैं ताकि वे धर्मी जनों का मार्ग और उनके पथों को अपने लिए चुन ले।
भले और धर्मी जन सदाचार और सत्यनिष्ठा का धर्मपरायण जीवन जीते हैं। तो वही बुरे और दुष्ट जन निष्फल और छल से युक्त मुर्खता का जीवन जीते हैं। मनुष्यों के बीच विद्यमान यह अंतर केवल बुद्धिमान मनुष्य ही देख पाते हैं; केवल बुद्धिमान पुरुष ही उन विकल्पों को समझते हैं जो भले लोगों के कुलीन और सफल जीवन की ओर ले जाते हैं।
नीतिवचन के इस अध्याय के दो उद्देश्य हैं – आपको यह सिखाना कि बुद्धि और समझ को कैसे पाए (नीति 2:1-9) और उन्हें पाने से मिलनेवाला महान प्रतिफल (नीति 2:10-22)। जब कोई मनुष्य बुद्धि, ज्ञान, विवेक और समझ को पा लेता है (नीति 2:10-11), तब वह उन खतरनाक पुरुषों और स्त्रियों से बचेगा, जो दुष्टता के मार्गों और पथों पर चलते हैं (नीति 2:12-19)। राजा सुलैमान ने अपने बेटे को मनुष्यों की इसी बुरी जीवन शैलियों से बचाने का प्रयास किया।
सबसे पहले उसने बुद्धि की प्राप्ति के लिए नकारात्मक कारण को परिभाषित किया – दुष्टों के विनाशकारी चुनाओं और आदतों से बचना (नीति 2:12-19)। फिर उसने इस नीतिवचन से यह स्पष्ट करना शुरू किया की बुद्धि को पाने का सकारात्मक कारण क्या है – महान पुरुषों के चुनाओं और आदतों का अनुसरण करना (नीति 2:20)। परमेश्वर केवल उन्हीं की रक्षा करता है, और उन्ही को समृद्ध बनाता है (नीति 2:21-22)।
भले और बुरे को संस्कृति, व्याख्या और प्राथमिकताओं द्वारा परिभाषित नहीं किया जा सकता है। हमारे महान सृष्टिकर्ता ने इन सरल बातों की समझ बाइबल में दे रखी है। यह स्पष्ट रूप से व्याख्या करती है कि क्या भला और स्वीकार्य है, और क्या बुरा और तिरस्करनीय है। जीवन शैली का कोई बीच का मार्ग नहीं है। आप या तो भला जीवन जी रहे हैं, या आप बुराई का जीवन जी रहे हैं, और इसके लिए आप या तो इनाम पाएंगे या दण्ड।
बाइबल भलाई और बुराई को न केवल परिभाषित करती है; बल्कि वह भले और बुरे मनुष्यों के उदाहरण भी देती है। बाइबल बुद्धिमानों और मूर्खों, सद्गुणी स्त्रियों और घृणास्पद स्त्रियों, पवित्र जनों और पापियों के बीच तुलना कर उनके बीच का फर्क बयान करती है। यह भेद हाबिल और कैन के बीच, अब्राहम और लूत के बीच, दाऊद और शाऊल के बीच, अबीगैल और मीकल, पतरस और यहूदा, पौलुस और देमास के बीच स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। आपको इन बातों का ज्ञान होना चाहिए।
भले मनुष्य पाप तो करते हैं, किन्तु वे अपने पाप में ही लोटकर मज़ा नहीं लेते। वे सात बार गिर सकते हैं, परन्तु वे उठकर सम्भल जाएंगे; दुष्ट गिरेंगे और वही पड़े रहेंगे (नीति 24:16)। दाऊद और पतरस ने भयानक रीति से पाप किया, परन्तु उन्होंने मन फिराया और पूरी रीति से बदला हुआ चरित्र प्रकट किया जो अन्य मनुष्यों से बढ़कर था। शाऊल और यहूदा ने भी पीड़ादायक पाप किया, और वे पाप करते ही गए। उनका पथ अंतिम और सम्पूर्ण विनाश का था।
यह नीतिवचन आपको एक विकल्प देता है (मत्ती 7:13-14)। क्या आप जीने का वह लोकप्रिय मार्ग चुनेंगे जो विनाश की ओर ले जाता है? एक बड़ी भीड़ इसी मार्ग पर चलती है, और यह आसान है, क्योंकि आप वह सब कर सकते हैं जो आप करना चाहते हैं। दूसरा विकल्प है सीधा और संकरा मार्ग जो जीवन की ओर ले जाता है। बहुत थोड़े हैं जो उस मार्ग पर चलते हैं, और यह मार्ग कठिनाइयों से भरा है, क्योंकि यह परमेश्वर, प्रभु यीशु मसीह और स्वर्ग के लिए अपने आप का इन्कार करना है। एक बात तो पक्की है – आप आज और प्रतिदिन चुनाव करते हैं।
बुद्धि वह कुंजी है जो भले मनुष्यों के मार्ग और धर्मियों के पथ का द्वार खोल देती है। बुद्धि पवित्रशास्त्र अर्थात् बाइबल में मुफ्त में वरदान के रूप में दी गई है, और विशेषकर नीतिवचन की इस पुस्तक में। यदि वह आपके मन में प्रवेश करती है, और आपके प्राण को सुखद लगती है, तब आप अपने से पहले के महान पुरुषों और महान स्त्रियों के जीवनों को देख पाओगे और उनका अनुसरण कर पाओगे, जिन में प्रभु यीशु मसीह सबसे महान और सर्वश्रेष्ठ मिसाल है।
आप क्या करेंगे? आपको कैसा जीवन जीना चाहिए यह आपको बताने के लिए क्या आप इस संसार पर भरोसा करेंगे? या आप बाइबल पर भरोसा करेंगे, जो आपको इस संसार की जीवन शैली के ठीक विपरीत जीने के लिए कहती है? फिल्मी जगत अपने विश्वास और कर्मों में न केवल पूरी रीति से बाइबल के विपरीत है, बल्कि फिल्मों के निर्माताओं, सितारों, और उनके पीड़ितों की जीवनशैलियाँ और अंजाम सिद्ध करते हैं कि वे ग़लत और खतरनाक हैं। परमेश्वर आज ही आपको अपने तरीके से जीवन जीने का चुनाव करने साहस और जोश प्रदान करे ऐसी मैं प्रार्थना करता हूँ।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।