नीतिवचन 19:8

जो बुद्धि प्राप्त करता, वह अपने प्राण का प्रेमी ठहरता है, और जो समझ को रखे रहता है उसका कल्याण होता है।

क्या आप खुद से प्रेम रखते हैं? बेशक! तो आज अपने लिए कुछ अच्छा करें। मैनीक्योर करने या कैंडी के डिब्बे ख़रीदने के बजाय, जिससे आपके पैसे खर्च हो जाते हैं और कुछ ही दिनों में ये चीजें ख़त्म हो जाती हैं, कुछ बुद्धि प्राप्त करें। यह मुफ़्त है और हमेशा के लिए बनी रहती है। जो समझ आप प्राप्त करते हैं उसे बनाए रखें, क्योंकि इससे आपके जीवन में आपको अच्छी सफलता मिलेगी। आगे बढ़ें; किसी ऐसी चीज़ से प्रेम रखें जो वाकई में मूल्यवान है।

खुद से प्रेम रखना और आत्म-सम्मान के लिए लड़ना जैसी लोकप्रिय पुकार मानवतावादी मनोविबुद्धि का झूठ है, जो अंतिम दिनों के विनाशकारी समय का पहला सूचीबद्ध लक्षण है (2 तीमुथियुस 3:1-5)। यह बाइबल के विपरीत है, क्योंकि बाइबल जानती है कि मनुष्य खुद से बहुत प्यार करता है और उसे दूसरों से भी उतना ही प्यार करना सीखना चाहिए और उनका बेहतर सम्मान करना चाहिए (मत्ती 22:39; इफिसियों 5:28-29; रोमियों 12:10; फिलिप्पियों 2:3-4)। बाइबल का अपना सिद्धांत यह है कि आप अपने आप से इनकार करें! दुनिया का सिद्धान्त है, “मैं सबसे पहले हूँ।” बाइबल सिखाती है, “मैं सबसे अन्त में हूँ।”

बुद्धि सबसे बड़ी कमाई है, क्योंकि यह आपके अपने जीवन में शांति और समृद्धि ले आती है। बेशक, आपके आस-पास के सब लोग भी आपकी उत्तम आत्मा और श्रेष्ठ आचरण से लाभान्वित होंगे। लेकिन आप स्वयं इस बुद्धि रूपी कुलीन स्त्री के अनुग्रहपूर्ण निमंत्रण के सबसे प्रथम और सबसे बड़े लाभार्थी हैं (नीतिवचन 8:1-11; 9:1-5)। अच्छा जीवन, भरपूरी का जीवन और सफल जीवन वही है जो बुद्धि उस व्यक्ति को दिलायगी जिसके पास वह होती है (नीतिवचन 16:22; 19:23)। बुद्धि के इस उपहार को अस्वीकार करना मृत्यु से प्रेम करना है (नीतिवचन 8:36)।

बुद्धि सही सही परख करने और निर्णय लेने की शक्ति है – किसी भी स्थिति में क्या करना है यह जानना। केवल कुछ ही लोगों के पास ऐसी बुद्धि होती है, लेकिन यह सभी को मुफ्त में दी जाती है। मूर्ख और बुद्धिमान व्यक्ति के बीच का अंतर बहुत बड़ा है, इसलिए दाऊद ने अपने बेटे सुलैमान को सिखाया, “बुद्धि श्रेष्ठ है इसलिये उसकी प्राप्ति के लिये यत्न कर; जो कुछ तू प्राप्त करे उसे प्राप्त तो कर परन्तु समझ की प्राप्ति का यत्न घटने न पाए” (नीतिवचन 4:7)।

बुद्धि कितनी मूल्यवान है? राजा सुलैमान, जिसके पास इस दुनिया की हर वस्तु थी, वह बुद्धि का किस प्रकार वर्णन करता है उस पर विचार करें,: “वह मूंगे से अधिक अनमोल है, और जितनी वस्तुओं की तू लालसा करता है, उनमें से कोई भी उसके तुल्य न ठहरेगी” (नीतिवचन 3:15)। और उसने यह भी लिखा, “क्योंकि बुद्धि, मूँगे से भी अच्छी है, और सारी मनभावनी वस्तुओं में कोई भी उसके तुल्य नहीं है” (नीतिवचन 8:11)।

आपको बुद्धि कैसे प्राप्त होती है? आप बुद्धि को तब पाना आरम्भ करते हैं जब आप जीवित परमेश्वर के सामने अपने आप को दीन करते हैं और उसका भय मानने लगते हैं (नीतिवचन 1:7; 9:10; यशायाह 57:15; 66:1-2)। फिर आप बाइबल पर और जीवन के उस हर एक विषय के लिए जिसे वह सम्बोधित करती है, उस पर भरोसा करते हैं (नीतिवचन 1:4; भजन 19:7; 119:128,130)। आप सीखने के लिए खुद को समर्पित करते हैं (नीतिवचन 2:1-9; 18:1)। आप इसके लिए परमेश्वर के सामने गिडगिडाते हैं (भजन 119:18; याकूब 1:5)। और आप उन शिक्षकों का उपयोग करते हैं जिन्हें परमेश्वर ने आपके जीवन में दैवीय बुद्धि के साथ रखा है, अर्थात् आपके माता-पिता और पास्टर, दोनों (नीतिवचन 5:1; 23:19; 29:15; यिर्मयाह 3:15; 1 कुरिन्थियों 2:6-13)।

आप समझ को कैसे रखते हैं? आपको जो सिखाया गया है उसे आप याद रखते हैं (नीतिवचन 3:1; व्यवस्थाविवरण 6:6-9; प्रेरितों के काम 17:11)। आप उसे अपने मन में छिपाते हैं और हर परिस्थिति में उसका व्यावहारिक उपयोग करते हैं (अय्यूब 34:3; भजन 119:11; इब्रानियों 5:14)। आप हमेशा उस पर मनन करते हैं (भजन 1:2; 119:98-100,148)। और उस हर बुरी संगती से दूर रहते हैं जो अच्छे आचरण को बिगाड़ देती है (नीतिवचन 9:6; भजन 1:1; 1 कुरिन्थियों 15:33)।

सबसे अच्छी बात जो आप अपने लिए कर सकते हैं वह है बुद्धि और समझ को प्राप्त करना। सबसे बुरी बात यह है कि आप इस नीतिवचन को अपने आज की व्यस्तता और दुनिया के प्रभाव के कारण नज़रन्दाज़ कर दें और अपना जीवन मूर्ख मनुष्य के समान जियें। एक भ्रष्ट स्वभाव और विद्रोही मन के कारण, सब मनुष्य मूर्खता की ओर प्रवृत्त होते हैं। इस नीतिवचन से कायल हो कर अभी परमेश्वर से प्रार्थना करें और बुद्धि को गले लगाएँ।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।