नीतिवचन 19:28
अधर्मी साक्षी न्याय को ठट्ठों में उड़ाता है, और दुष्ट का मुंह अनर्थ काम निगल लेता है।
यहोवा सत्य का परमेश्वर है (व्यवस्थाविवरण 32:4)। वह आपके सभी व्यवहारों में ईमानदारी और सच्चाई की मांग करता है। अवश्य है कि आप हर समय पूरा सच बोलें और सच के अलावा कुछ न बोलें, खासकर जब आप दूसरों के बारे में बोलते हैं। यह बुद्धि का एक बुनियादी लेकिन महत्वपूर्ण नियम है।
जो लोग गवाहों के रूप में धोखा देते हैं या झूठ बोलते हैं, वे दिखाते हैं कि वे परमेश्वर से बैर रखते हैं, न्याय दिलाने से दूर भागते हैं, और पाप के लिए भूखे हैं। उन्हें अपना प्रतिफल मिलेगा, क्योंकि परमेश्वर और मनुष्य दोनों ऐसे दुष्ट मूर्खों से घृणा करते हैं (नीतिवचन 19:29; 22:10; 24:9; यशा 29:20-21)। झूठ बोलने या झूठी गवाही देने की तुलना में अधिकांश या सभी पापों को अधिक आसानी से माफ किया जा सकता है। कभी भी किसी दूसरे व्यक्ति का गलत चित्रण न करें।
जब आपसे किसी अन्य व्यक्ति के बारे में पूछा जाता है, तो आप उसके विषय में जो बोलते हैं उससे आपके चरित्र का पता चलता है। आप या तो घटना के बारे में सावधानी से सच बताते हैं, या खुद को या किसी मित्र को बचाने, लाभ पाने या बदला लेने के लिए सच्चाई से समझौता करते हैं। यदि आप न्यायिक अधिकारीयों या जो आवश्यक जानकारी चाहते हैं उन्हें गलत उत्तर देते हैं, तो आप स्वयं को न्याय का तिरस्कार करने वाले के रूप में प्रकट करते हैं – क्योंकि आप सोचते हैं कि यह इतनी भी मूल्यवान बात नहीं है, और आप की नज़रों में उसकी कोई क़ीमत नहीं। परमेश्वर न करे।
शैतान झूठा और झूठ का पिता है (उत्पत्ति 3:4; यूहन्ना 8:44)। जब आप किसी अन्य व्यक्ति को भ्रष्ट करते हैं या उसके बारे में मामलों को गलत तरीके से प्रस्तुत करते हैं, तो आप शैतान की आज्ञा मानने वाले एक अधर्मी गवाह हैं (इफिसियों 2:1-3; प्रेरितों 5:3)। आपको लगता है कि न्याय और धार्मिकता मज़ाक हैं, क्योंकि आप अपने कार्यों से इन बातों साथ अधर्म का व्यवहार करते हो। परन्तु जो सत्य का परमेश्वर है उसने अपनी दस आज्ञाओं में घोषणा की, “तू किसी के विरुद्ध झूठी साक्षी न देना” (निर्गमन 20:16; व्यवस्थाविवरण 5:20)।
स्वर्ग और पृथ्वी के परमेश्वर के लिए झूठी गवाही कोई छोटी बात नहीं है। वह झूठे गवाहों से बैर रखता है (नीतिवचन 6:19)। उसने बाइबल में अक्सर उनकी निंदा की (नीतिवचन 10:18; 25:18; निर्गमन 23:1,7; लैव्य 19:11,16)। झूठे गवाहों को यहां और इसके बाद भी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी (नीतिवचन 19:5,9; 21:28; प्रकाशित 21:8,27)। आप सत्य से प्रेम रखनेवाले परमेश्वर के सामने सत्य को हल्के में लेने की मूर्खतापूर्ण और दुष्टतापूर्ण धृष्टता कर रहे हैं।
बुरे वचनों के विरुद्ध परमेश्वर का जो क्रोध प्रकट होता है उसमें विश्वासघात करना, बदनामी करना, पीठ पीछे बुराई करना और कानों में फुसफुसाना शामिल है – ऐसे अपराध जिन्हें सीधे शब्दों में चुगली करना कहा जाता है, लेकिन जिन्हें अब लगभग भुला दिया गया है कि ये बातें पाप हैं। ये पाप झूठ बोलने से कैसे संबंधित हैं? वे दूसरों को नष्ट करने के लिए अपनी जीभ का उपयोग करते हैं (लैव्य 19:16; भजन 15:1-3)। इसके बजाय आपकी वाणी का उद्देश्य दूसरों की मदद करना और उनकी प्रतिष्ठा में व्यापक सुधार लाना होना चाहिए।
परमेश्वर के नागरिक-कानूनों के तहत झूठे गवाहों का क्या होता था? झूठी गवाही देने वाले को मृत्युदंड की सज़ा दी जाती थी। यदि यह हत्या के लिए मृत्युदंड का मुकदमा होता, तो झूठे गवाह को फाँसी दे दी जाती (व्यवस्थाविवरण 19:16-21)। यदि किसी की आंख की पुतली का मुकदमा होता था, तो झूठी गवाही देने वाले की आंख निकाल ली जाती थी। उत्तम! बुद्धिमान लोग तुरंत समझ जाते हैं कि परमेश्वर की कानून-व्यवस्था में गवाह पूरी सच्चाई बताना सीखेंगे। वास्तव में, इससे न्याय पालिका और कानूनी व्यवहार में ईमानदारी बड़े पैमाने पर बढ़ेगी।
जो लोग दूसरों के बारे में झूठ बोलते हैं, उनमें समानता, निष्पक्षता, न्याय या धार्मिकता के प्रति कोई सम्मान नहीं होता है, इसलिए परमेश्वर उन्हें तिरस्कार करने वाला कहता है – एक घृणित प्रकार का विकृत मूर्ख जो सुधार से परे है। वह उनके मुँह का वर्णन करते हुए कहता है कि उनके मुँह आसानी से और बड़ी तेज़ी से दुष्टता और झूठी बातों को उगलते हैं और अधर्म का भक्षण करते हैं। वे विवेकहीन और लालच से भरे पापी हैं, जो अपने फायदे के लिए या बदला लेने के लिए, जब भी मौका मिले, झूठ बोलेंगे जिसपर उन्हें न तो कोई पछतावा होता है और न उन्हें कोई फ़र्क पड़ता है।
पाठक, क्या आपको झूठी साक्षी देने से नफ़रत है? क्या आप हमेशा सच बोलते हैं, पूरा सच, और सच के अलावा कुछ नहीं, तो परमेश्वर आपकी मदद करें? यहाँ प्रमाण है: जब आप किसी को किसी दूसरे व्यक्ति का ग़लत ढंग से प्रतिनिधित्व करते हुए सुनते हैं तो आप क्या करते हैं? क्या आप साफ़ साफ़ क्रोधित होते हैं, उन्हें उनकी दुष्टता के बारे में चेतावनी देते हैं, और उनसे रिश्ता तोड़ देते हैं (नीतिवचन 25:23; भजन 101:5; 1 थिस्स 5:14)? यदि आप ऐसा नहीं करते हैं, तो आप उनके पाप में भागीदार हैं, क्योंकि उनके मुँह से दूसरों के विषय में झूठी या बदनामीपूर्ण बातें सुनना अपने आप में पाप है (नीतिवचन 17:4)।
परमेश्वर के दाहिने ओर विराजमान विश्वासयोग्य और सच्चे गवाह के लिए परमेश्वर की स्तुति करो -जो प्रभु यीशु मसीह है (प्रकाशितवाक्य 3:14; 19:11)। वह जल्द ही आपके जीवन की सच्चाई को प्रकट करेगा, आपके द्वारा किए गए हर भले और बुरे काम का स्मरण करेगा (नीतिवचन 15:3; सभो 12:14; मत्ती 25:31-46; 2 कुरिन्थ 5:10)। परन्तु अगर आपक नाम जीवन की पुस्तक में न पाया जाए, तो आपको आग की झील में डाल दिया जाएगा, जो दूसरी मृत्यु है (प्रकाशितवाक्य 20:11-15)। क्या आपका नाम वहां है? उससे दया की भीख माँगें (लूका 18:14; यूहन्ना 5:24)।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।