नीतिवचन 18:5
दुष्ट का पक्ष करना, और धर्मी का हक़ मारना, अच्छा नहीं है।
न्याय करते समय अवश्य है कि न्याय करनेवाला न्यायी हस्तियों, रिश्तों या उपहारों को नजरअंदाज करे (नीतिवचन 17:15; 24:23; 28:21)। सुलैमान ने अपने बेटे को न्यायपूर्वक शासन करने के लिए एक मूल्यवान नियम दिया – उचित न्याय करने के लिए उसे इस बात की अनदेखी करना ज़रूरी है कि मुक़द्दमा किस पर चल रहा है। यह शर्म की बात है कि कई लोग व्यक्तित्वों या रिश्तों के कारण अपने न्याय, अपने मानकों या अपने निर्णयों को बिगाड़ देते हैं, जैसा कि आज हमारे देश में हो भी रहा है। सच्चा न्याय और बुद्धि सभी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं और परमेश्वर के अचूक वचनों के प्रकाश में मौजूदा मुक़द्दमे पर उचित फैसला सुनाते हैं।
जो लोग अधिकार और शासन के पदों पर बैठें हैं उनके लिए इस नीतिवचन का पाठ अत्यंत महत्वपूर्ण है (2 शमू 23:3)। शासक और उसके पद की इमानदारी को बनाए रखने के लिए न्याय न्यायसंगत और निष्पक्ष रूप से किया जाना चाहिए। चाहे कोई व्यक्ति अपने घर में न्याय करे, कोई नियोक्ता अपने व्यवसाय में न्याय करे, कोई नेता सरकार में न्याय करे, या कोई पास्टर किसी चर्च के मामले में न्याय करे, उसका एकमात्र मानदंड यह होना चाहिए, “यहोवा परमेश्वर यों कहता है” या “यहोवा परमेश्वर की यह वाणी है।” किसी अन्य शक्ति या कारक को न्याय की प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
मूसा ने इस्राएल को भी यही पाठ सिखाया (निर्गमन 23:2; लैव्य 19:15; व्यवस्थाविवरण 1:16-17; 16:19)। और यहोशापात ने भी ऐसा ही किया (2 इति 19:7)। न्यायियों को न तो अमीर और न ही गरीब का अन्यायपूर्ण पक्ष लेना होता था। बड़े और ताकतवर लोगों का पक्ष नहीं लिया जा सकता था। उन्हें डराने वाले लोगों से डरना नहीं था। रिश्वत को अस्वीकार किया जाना था। जनता की राय को नजरअंदाज किया जाना होता था। न्याय को प्रभावित करने वाले बाहरी कारकों के बिना, परमेश्वर के नियमों को सही ढंग से लागू किया जाना होता था। इज़राइल इस कर्तव्य के निर्वहन में कई बार विफल रहा (मिका 7:3)।
इतिहास और वास्तविकता साबित करते हैं कि बहुत से लोग छोटी छोटी और मामूली बातों के लिए सत्य से भटककर झूठ से समझौता करते हैं। पीलातुस ने अपने और अपनी पत्नी की सूझबूझ से भरी परख के ख़िलाफ जाकर महिमा के प्रभु को क्रूस पर चढ़ाया, क्योंकि वह यहूदियों और कैसर के साथ शांति चाहता था। हमारे देश के राजनेता उपस्थित भीड़ को ऐसी बड़ी बड़ी बातों के वादें करते हैं जिन्हें सुनकर लोग खुश हो जाएं और आवश्यक वोट प्राप्त होंगे। समाज के अल्पसंख्यक वर्गों के लोगों को डराया और धमकाया जाता है। अंधभक्त धर्म की सनक के गुलाम हैं।
लोकप्रिय राय अप्रासंगिक है, और बहुमत का अनुसरण करना गलत है (निर्गमन 23:2; 32:21-24; 1 शमू 15:24)। फिर भी आधुनिक राजनेता भीड़ को खुश करने के लिए, समाज के सबसे मूर्ख वर्ग – यहां तक कि छात्रों के भी सर्वेक्षण के आधार पर जीते हैं। लोकतंत्र आज पागलपण बन गया है। परमेश्वर ने नेताओं को कौशल देकर उनके पद निर्धारित किये ताकि वे समाज के अल्पसंख्यक वर्गों के लोगों को बहुसंख्यकों के अत्याचार से बचायें। नेताओं को अपने लिए धार्मिकता, सत्य और बुद्धि का चयन करना चाहिए। क्या किसी भी बहुसंख्यक समाज ने- मानवता का सबसे निचला सामान्य विभाजक – कब अपने पेट, डर या अंधविश्वास के ऊपर न्याय को चुना है?
परमेश्वर किसी का पक्षपात नहीं करता, और न ही आपको करना चाहिए (अय्यूब 34:19; भजन 82:1-5)। आपसी लगाव, धर्म, रिश्तेदारी या किसी ख़ास पार्टी से लाभ के लिए लोगों के साथ भेदभाव किया जाना सत्य से भटककर झूठ से समझौता करना है। आपके कार्यों और न्याय में क्या सही है यह केवल पवित्रशास्त्र को निर्धारित करने दें (भजन 119:128)। पौलुस ने तीमुथियुस को आज्ञा दी कि वह व्यक्तिगत प्राथमिकताओं या पक्षपात के बिना अपने पद का निर्वहन करे (1 तीमु 5:21)। यहां तक कि चर्च के सदस्य भी मेहमानों के बीच कोई भेदभाव नहीं कर सकते (याकूब 2:1-13)।
अपने लिए पूर्ण निष्पक्षता की प्रतिष्ठा प्राप्त करना हरेक ख्रिश्चन व्यक्ति का सबसे बड़ा लक्ष्य होना है। इसका मतलब है कि वह हमेशा व्यक्तित्व या रिश्तों को नजरअंदाज कर धार्मिकता को चुनता है। यह निष्पक्षता घर पर बच्चों के साथ, ऑफिस में सहकर्मियों या अधीनस्थों के साथ, चर्च के कामों और आतिथ्य में, और दूसरों के साथ अपने सभी व्यवहारों में अपनाई जानी चाहिए। यद्यपि कुछ लोग आपके शत्रु हो, उन्हें यह भरोंसा होना चाहिए कि आप उनके साथ न्यायपूर्ण ही व्यवहार करेंगे। क्या आपके बच्चे आत्मविश्वास से आपके पास आ सकते हैं, भले ही उन्होंने गलती की हो, यह जानते हुए कि आप पूरी तरह से निष्पक्ष होंगे?
यदि कोई व्यक्ति व्यक्तित्वों या रिश्तों को अपने न्याय को प्रभावित करने देता है, तो उसके पास कोई चरित्र या ईमानदारी नहीं है। वह रोटी के एक टुकड़े के लिए न्याय को भ्रष्ट कर देगा (नीतिवचन 28:21)। बहाना चाहे जो भी हो, वह परमेश्वर के लिए घृणित है, न्याय के लिए रोड़ा है, समाज के लिए खतरा है, अधिकार पर धब्बा है, पवित्रता में बाधा है, पाप को बढ़ावा देने वाला है और शैतान का मित्र है। उसे किसी भी प्रभावशाली पद, ताकत या सम्मान के पद का कोई अधिकार नहीं है। भले लोग उसका तिरस्कार करते हैं (भजन 15:4)।
लोगों के बीच भेदभाव करने के मामले में आपका दिल कैसा है? क्या आप व्यक्तिगत भावनाओं या लाभ के लिए न्याय और निर्णय को भ्रष्ट करने के विचार से पूरी तरह नफरत करते हैं? क्या आप सही सोचने, सही बोलने और सही करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, चाहे मुक़द्दमा किसी का भी हो? निष्पक्षता और समानता के प्रति आपकी प्रतिष्ठा कैसी है? क्या यह परमेश्वर और मनुष्यों के सामने उत्तम और उल्लेखनीय है (1 शमू 18:28-30)? इससे थोडा भी कम घिनौना है (सभोपदेशक 10:1)!
पाठक, आप जल्द ही यीशु मसीह का सामना करेंगे। हो सकता है कि आपने अपने जीवन के दौरान अपने जैसे अन्य कमजोर लोगों पर अत्याचार किया हो और उनके साथ भेदभाव किया हो। परन्तु परमेश्वर ने यीशु को एक ऐसे दिन सिद्ध न्याय के साथ संसार का न्याय करने के लिए नियुक्त किया है जो तेजी से निकट आ रहा है (प्रेरितों 17:29-31)। उसका न्याय शुद्ध समता और धार्मिकता में होगा; उसका दण्ड का फैसला पूर्ण और अंतिम होगा। आप उसे आंसुओं, बहानों, धमकियों, तुलनाओं या विनती से जरा भी प्रभावित नहीं कर पाएंगे। आज ही उसके सामने खुद को विनम्र करें और इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, दया की भीख मांगें।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।