नीतिवचन 16:32
क्रोध में धीमा सामर्थी से भला है; और जो अपने मन को वश में रखता है, नगर को जीतने वाले से उत्तम है।
यहाँ व्यक्तिगत महानता को प्राप्त करने का पाठ है। आप कितने सामर्थी हैं? आप ने क्या हासिल किया है? चरित्र की सबसे अच्छी परीक्षा है अपनी भावनाओं को नियंत्रित करना, विशेषकर क्रोध को। आपके पास सबसे बड़ी उपलब्धि यह हो सकती है कि आप अपने आवेग को केवल उन कार्यों तक सीमित रखें जो अच्छे हों।
प्रत्येक असली मर्द पराक्रम का वीर मनुष्य बनना चाहता है। प्रत्येक वास्तविक स्त्री ऐसे पुरुष के योग्य एक महान स्त्री बनना चाहती है। बाइबल में सामर्थी पुरुषों और कुलीन स्त्रियों के कई कारनामे दर्ज हैं। परन्तु यह नीतिवचन व्यक्तिगत महिमा के एक बड़े लक्ष्य की शिक्षा देता है – क्रोध को वश में रखने और अपनी भावना को नियंत्रित करने की सामर्थ। जो व्यक्ति क्रोधित होने या अपनी भावना पर नियंत्रण खोने का प्रतिरोध कर सकता है, वह उन मनुष्यों से जो बड़ी बड़ी सैन्य उपलब्धियां प्राप्त करते हैं, अधिक सम्मानित है।
पराक्रम करनेवाले कुछ वीर पुरुषों पर विचार करें। गिदोन ने केवल 300 पुरुषों को अपने साथ लेकर मिद्यानियों की एक बड़ी सेना को हराया, और यिप्तह ने एक छोटी सेना लेकर अम्मोनियों के 20 नगरों को नष्ट कर दिया। शिमशोन ने गदहे के जबड़े की हड्डी से 1000 पलिश्तियों को मार डाला, और शमगर ने बैल हांकने की लाठी से 600 को मार डाला। योआब ने जबूस का किला ले लिया, जो यरूशलेम बन गया। अदीनो ने अपने भाले से एक ही समय 800 लोगों को मार डाला, और अबीशै ने 300 लोगों को भी ऐसा ही मार डाला। कालेब ने कनान में एक पहाड़ के लिए प्रार्थना की जहां भयानक भीमकाय रहते थे, और उसने उनका विनाश कर दिया और उनके नगरों को ले लिया।
परंतु आप इन मनुष्यों से भी महान बन सकते हो! ऐसा आप क्रोधित होने के विषय में सतर्क रहकर और धीमे होकर और अपने भावना को वश में रखकर उस पर शासन करने के द्वारा बन सकते हैं। एक नगर को जीतने के लिए जितने साहस, अनुशासन, ताकत, और बुद्धि की आवश्यकता होती है, उससे भी अधिक साहस, अनुशासन, ताकत, और बुद्धि क्रोध जैसी आवेगी भावनाओं का प्रतिरोध करने के लिए लगती है।
क्या आप क्रोध की हिंसक भावनाओं को वश में कर सकते हैं, और अपनी आत्मा को स्थिर और विवेकपूर्ण रख सकते हैं? क्या आप ऐसा कर पाएंगे? एक जन्मजात मूर्ख मनुष्य इसी तरीके से बुद्धिमान और गौरवशाली बन सकता है (नीति 14:29; सभो 7:9; याकूब 1:19-20)। यदि आप क्रोध करने में धीमा बन सकते हैं, और दूसरों के दोषों और अपराधों को भुला देते हैं, तो आप पराक्रमी हैं (नीति 19:11)।
परंतु आपकी आत्मा एक प्रबल प्रतिक्रिया के लिए चिल्लाती है। यह प्रतिरोध से बैर रखती है। यह अब ही पूरे रोष में अपना ज़ोर दिखाना चाहती है। आपकी जीभ में कठोर शब्दों की आग लगी है, और उन्हें बाहर निकालना ही है। आप दूसरों को बताते हैं कि आप अपनी ही मदद नहीं कर सकते। आप शायद परमेश्वर पर दोष लगाए कि उसने आपको एक ऐसी बलवान भावना दी जिसे आप अपने वश में नहीं रख सकते।
यह संसार झूठ बोलता है कि क्रोध महावीर पुरुषों का गुण है, स्वतंत्र मनुष्यों का अधिकार और मजबूत नेताओं का हथियार है। वे कहते हैं कि क्रोध को बाहर निकालने से राहत मिलती है, परंतु ऐसी सोच केवल एक महाभ्रष्ट आत्मा की ही हो सकती है। यदि आपका विवेक या ज़मीर कायम रहता है, तो आप जल्द ही उस हिंसा से दुखी होते हैं जो आपके मुंह से फूट पड़ी थी।
अधिकांश मनुष्य अपनी भावनाओं को वश में करने के बजाय अपनी भावनाओं के वश में होकर चलते हैं। वे क्रोध पर विजयी होने के बजाय, अपने भावावेशों के बंदी बन जाते हैं। वे बोलने से पहले सोचने के बजाय बिना सोचे समझे केवल भावावेश में आकर बोलते हैं, जो बेहद खतरनाक और मूर्खतापूर्ण है।
जिस लड़ाई का आप सामना कर रहे हैं, वह किसी भी सैन्य अभियान से बढ़कर है। एक नगर को आप एक ही आक्रमण से जीत सकते हैं, परंतु क्रोध का आवेग ऐसा है जिससे आपको जीवन भर लड़ना है। युद्ध बहुतों के प्रयासों से लड़े जाते हैं, परंतु आपको क्रोध से अकेले ही लड़ना होगा। क्रोध को वश में करने के लिए जिस सतर्कता, मेहनत और धैर्य की आवश्यकता होती है, उसके कारण अधिकांश मनुष्य इस युद्ध को हार जाते हैं और अपनी मूर्खता के दास बन जाते हैं।
संसार उन लोगों के उदाहरणों से भरा पड़ा है जो अपनी भावनाओं को वश में नहीं कर सकें। वे आपके परिवार में भी हो सकते हैं। वे आप के करीबियों में भी हो सकते हैं। सिकंदर महान ने अपने समय के जगत पर विजय प्राप्त की, परंतु वह अपने अंदर के उस क्रूर जानवर को नहीं पराजित कर सका जिसने उसके घर और साम्राज्य को बर्बाद कर दिया। कहा जाता है कि पीटर महान ने कहा, “मैं अपने लोगों पर शासन तो कर सकता हूं, परंतु मैं अपने आप पर कैसे शासन करू?” यदि आप अपने अंदर के इस राक्षस को पराजित कर सकते हैं, तो आप एक ऐसे शत्रु पर विजय पाएंगे जिसने शूरवीरों का नाश कर दिया है। आप एक पराक्रमी व्यक्ति बनेंगे।
क्रोध एक हारे हुए की निशानी है। मैं आपको यकीन दिलाता हूं। क्रोध आपके दिमाग को अंधा कर देता है, जिससे आप परिस्थितियों को सही तरीके से नहीं परख सकते। जिस कारण आप मूर्खतापूर्ण बातें कहने और करने पर विवश हो जाते हैं जिसके नतीजे कभी अच्छे नहीं होते और आपके परिवार और दोस्त आप से हमेशा के लिए दूर हो जाते हैं (नीति 14:17; 15:18; 21:24; 22:24-25; 29:22)। यदि आप क्रोधित हो जाते हैं और अपनी भावनाओं को वश में नहीं करते हैं, तो आप की तुलना एक सैन्य नायक से नहीं की जा सकती; आपकी तुलना एक ऐसे नगर से की जानी चाहिए जिसकी शहरपनाह ध्वस्त हो गई है, और जो अब सब प्रकार की विपत्तियों के लिए भेद्य हो गया है (नीति 25:28; याकूब 3:14-16)।
सभी क्रोध पाप नहीं है। चौकस रहे कि जो मसीही गुमराह किए हुए हैं वे आपको ग़लत न बताने पाए। यीशु ने अन्यायपूर्ण क्रोध की निंदा की (मत्ती 5:22), और पौलुस ने कहा कि क्रोध करो, परंतु पाप मत करो (इफिसियों 4:26)। क्रोध अच्छा है, जब इसे परमेश्वर की महिमा के लिए पाप के विरुद्ध प्रकट किया जाता है। परंतु ट्रैफिक जाम में, या दूध गिरने पर, या किसी ने आप के विरुद्ध कहे शब्दों पर, या आपको अपमानित किए जाने पर, या किसी ग़लत बात का प्रतिरोध किए जाने पर, या इसलिए कि उम्मीद के मुताबिक काम नहीं हुआ है, क्रोध करना ग़लत है।
क्रोध के अलावा और भी बहुत-सी भावनाएं या आवेग हैं। और उन्हें भी अपने वश में करना ज़रूरी है। मनोदशा अर्थात् मूड, एक पराक्रमी वीर मनुष्य की नहीं बल्कि एक अपरिपक्व बच्चे की निशानी है। ऐसे व्यक्ति को तसल्ली देने की नहीं, बल्कि पिटाई की ज़रूरत होती है। कुढ़कुढ़ाना एक बुरे मन की शिकायत है जो शैतानी जीभ को चलाती है, जो कि नहीं होना चाहिए। आलोचनात्मक या कठोर वाणी वह जहर है जो स्वार्थी हृदय से उगता है। महान पुरुषों का मन शुद्ध होता है जिसका परिणाम अनुग्रहपूर्णा भाषण या बोलचाल है (नीति 22:11; Col 4:6)।
और भी भावावेश हैं जिन्हें वश में करने की आवश्यकता है। भय इंसान को कमजोर बना देता है, परंतु इसका मसीही व्यक्ति के जीवन में कोई स्थान नहीं है, क्योंकि परमेश्वर ने आपको भय का आत्मा नहीं दिया (2 तिमु 1:7), और दूसरों से डरना आपको मूर्खतापूर्ण चुनाव करने की ओर ले जाएगा, या पाप में फंसा देगा (नीति 29:25)। लोभ की तुलना, जो दूसरों के पास है या जो आपके पास नहीं है उसकी अभिलाषा करने की प्रवृत्ति, मूर्तिपूजा से की गई है (इफिसियों 5:5)। संतोष, जो वास्तविक आनंद की कुंजी है और जिससे बड़ा लाभ तय होता है, आप को चुनना है (1 तिमु 6:6; Heb 13:5-6)।
परमेश्वर और मनुष्यों की दृष्टि में महान होने के लिए आप क्या क्या कर सकते हैं? अपने क्रोध में धीमा बनो! आवेग से कभी कुछ न कहें और न ही करें। बोलने से पहले बातों को सुनें। अपनी राय देने से पहले हर मसले का बारीकी से अध्ययन करें। जब आप कोई नकारात्मक घटना के विषय में सुनते हैं या अपने ही जीवन में अनुभव करते हैं, तो प्रतिक्रिया देने से पहले ज़रा ठहरे, और स्थिर हो जाए, और प्रतीक्षा करें। अपने शब्दों पर नियंत्रण रखें। अपनी वाणी में हमेशा अनुग्रहपूर्ण रहे, विशेषकर अपने परिवार के साथ। इस नीतिवचन के शब्द आपको पराक्रमी वीर बनने के लिए प्रेरित करेंगे।
परंतु आप बिना सहायता के इस जीत को हासिल नहीं कर सकते, और वह सहायता प्रभु यीशु मसीह, उसका वचन, और उसके पवित्र जनों से आती है। पौलुस ने सीखा कि वह मसीह के द्वारा, जो उसे सामर्थ्य देता है, सब कुछ कर सकता था (फिल 4:13)। पवित्र आत्मा, जो एक पवित्र और आज्ञाकारी जीवन के द्वारा फल को उत्पन्न ना करता है, आपको प्रेम, आनंद, शांति, सहनशीलता जैसी बातों से भर देगा (गला 5:22-23)। बाइबल आपको यह दिखाकर कि क्रोध कितना मूर्खतापूर्ण है, और शांति कितनी महिमा से भरी है, आपकी आत्मा को बदल सकती है। और मसीह में मेरे प्रिय भाइयों और बहनों, जब प्रभु यीशु, पवित्र आत्मा, और बाइबल का वचन अपना-अपना कर्तव्य पूरा कर रहे होते हैं, तो वे आपको आवश्यकतानुसार समय-समय पर प्रोत्साहन दे सकते हैं और चेतावनी भी दे सकते हैं।
इसे पढ़नेवालों में जो वास्तविक पराक्रमी वीर हैं, क्या वे सामने आएंगे? पृथ्वी की वास्तविक कुलीन स्त्रियां, क्या आप सामने आओगी? आपको अपने शत्रु का सामना करने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आपकी आत्मा के शासन का परीक्षण करने के लिए प्रभु आप ही परिस्थितियों को आपके सामने लाकर खड़ा करेगा। जो कुछ भी होता है उससे हैरान या विचलित न हो। आपकी जीभ में और पेट में जो उपद्रवी आग है, उसे धीमा करने, और प्रत्युत्तर देने में सावधान रहने का आज ही प्रण ले। यीशु मसीह, जो हमारा प्रभु है, उसकी कृपा आपको पूर्ण विजय देगी।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।