नीतिवचन 16:30

आँख मूँदनेवाला छल की कल्पनाएँ करता है, और ओंठ दबानेवाला बुराई करता है।

उपद्रवी लोग जो भी बुराई की युक्तियाँ करते हैं या योजनाएं बनाते हैं वे सब उनके अपने धोखेबाज़ और दुष्ट मनों से उपजती हैं (यिर्मयाह 17:9), और इतना कि ध्यान भात्कानेवाली आस-पास की किसी भी बातों के प्रति वे अपनी आँखें बंद कर लेते हैं; और वे अपने मुँह का उपयोग भोले-भाले लोगों को अपने सुझावों को स्वीकार करने और उनका पालन करने और अपने पीड़ितों को फुसलाकर कुमार्ग पर चलाने के लिए करते हैं कि अन्त में उनका विनाश कर दें।

यह नीतिवचन इससे पहले वाले नीतिवचन से जुड़ा हुआ है जहाँ ऐसा लिखा है: “उपद्रवी मनुष्य अपने पड़ोसी को फुसलाकर कुमार्ग पर चलाता है” (नीतिवचन 16:29)। ये उपद्रवी लोग दूसरों को अपने समान बुरे काम करने के लिए राजी करके अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए अनैतिक कामों के लिए उनका दुरुपयोग करते हैं।

इस दुनिया में सारी हिंसा और बुराई कहाँ से आती है? मनुष्य के हृदय और उसके बुरे विचारों से, जैसा कि यीशु ने स्पष्ट रूप से सिखाया (मत्ती 15:16-20; 12:33-35)। यह इस तरह की पापी कल्पना है जिस के कारण नूह के दिनों में परमेश्वर क्रोधित हुआ और उसने जलप्रलय से पृथ्वी को डुबो दिया और मनुष्य और पशुओं दोनों का विनाश कर दिया (उत्पत्ति 6:5-7)।

ये उपद्रवी लोग जो दूसरों को फुसलाकर कुमार्ग पर चलाते हैं, उनका वर्णन ऐसे लोगों के रूप में किया गया है जो अपनी आँख मूँदकर छल की कल्पनाएँ करते हैं। वे अपने खिलाफ़ परमेश्वर या मनुष्य की किसी भी चेतावनी को अनदेखा करने के लिए अपनी आँखें बंद कर लेते हैं ताकि वे अपनी बुरी युक्तियों पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

मूर्खता का विचार भी पाप है (नीतिवचन 24:9), और हर पाप दिल और दिमाग से उपजता है (याकूब 1:13-16)। दुष्ट लोग उस किसी भी सलाह या चेतावनी का प्रतिरोध करते हैं जो उनकी जीवनशैली के खिलाफ़ जाती हैं ताकि वे पापपूर्ण सुखों की अपनी वासना की पूर्ति के लिए दूसरों को बहकाने और नुकसान पहुँचाने की अपनी योजनाओं पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

छल की कल्पनाएँ क्या हैं? वह कोई भी चीज जो सत्य और न्याय के विपरीत है, वे चीजें जो बुरी, गलत और विकृत हैं। क्योंकि उनमें परमेश्वर का कोई डर नहीं होता, स्वाभाविक रूप से जन्में मनुष्यों की पापी इच्छाएँ और आचरण हमेशा छल और कपट के होते हैं। वे लगातार पृथ्वी पर परमेश्वर के मार्ग को बिगाड़ देते हैं।

ये उपद्रवी लोग जो दूसरों को फुसलाकर कुमार्ग पर चलाते हैं, उनका वर्णन ऐसे लोगों के रूप में किया गया है जो बुराई को अंजाम देने के लिए अपने ओंठ दबाते हैं। अपने ओंठ इसलिए दबाते हैं ताकि दूसरों को उनकी अधार्मिक और गैरकानूनी महत्वाकांक्षाओं में शामिल होने के लिए राजी करने का उनका यह मौखिक प्रयास होता है।

यही वजह है कि प्रेरित पौलुस ने चेतावनी दी कि बुरी बातचीत निश्चित रूप से अच्छे शिष्टाचार को भ्रष्ट कर देती है (1 कुरिन्थ 15:33)। यदि आप मूर्खों की बात सुनते हैं, तो आप खुद भी मूर्ख बन जाएँगे (नीतिवचन 13:20)। आपको इस दुनिया की राय और दार्शनिकता को ठुकराना और उससे बचना ज़रूरी है, चाहे वह किसी भी स्रोत से आये, और उसका स्थान परमेश्वर के वचन की सम्मति को देना है (भजन 1:1-2; 119:113,128; 1 यूहन्ना 2:15-17)।

बॉलीवुड और हॉलीवुड अपनी हर फ़िल्म या संगीत में इस चेतावनी को पूरा करते हैं। क्या आपको आश्चर्य होता है कि वे बार-बार ऐसे बेतुके और बेहद दुष्ट विषयों पर फ़िल्में कैसे बना पाते हैं? वह इसलिए क्योंकि उन्होंने अपने दिल और दिमाग में भरी पापी वासनाओं को पूरा करने के लिए सभी तर्क और धार्मिकता का प्रतिकार कर दिया है, और फिर वे आपको भी बहकाकर अपने साथ शामिल करने के लिए एक साउंडट्रैक और मौखिक संवाद (फ़िल्म कहानी) बनाते हैं।

उनका शिकार होने से बचने का एकमात्र मार्ग है कि आप दाऊद की सम्मति को कान लगाकर सुनें और अमल करें: “किसी ओछे काम पर चित्त न लगाऊँगा। मैं कुमार्ग पर चलनेवालों के काम से घिन रखता हूँ; ऐसे काम में मैं न लगूँगा” (भजन 101:3)। ऐसे कौन-से OTT शोज़, टेलीविज़न और फ़िल्मों हैं, और ऐसे कौन-से दोस्त या झूठे शिक्षक हैं, जिनसे आपको बचने की ज़रूरत है? हर दिन वे आपका विनाश करने की कोशिश कर रहे हैं।

पौलुस ने अपनी ईश्वर-प्रेरित सलाह को देते हुए एक शानदार विकल्प दिया: “इसलिये हे भाइयो, जो जो बातें सत्य हैं, और जो जो बातें आदरणीय हैं, और जो जो बातें उचित हैं, और जो जो बातें पवित्र हैं, और जो जो बातें सुहावनी हैं, और जो जो बातें मनभावनी हैं, अर्थात् जो भी सद्गुण और प्रशंसा की बातें हैं उन पर ध्यान लगाया करो” (फिलिप्पियों 4:8)।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।