नीतिवचन 16:25
ऐसा भी मार्ग है, जो मनुष्य को सीधा जान पड़ता है, परन्तु उसके अन्त में मृत्यु ही मिलती है।
हर इन्सान सोचता है कि उसका मार्ग सही है, क्योंकि वह उसे सीधा जान पड़ता है और सही लगता है। लेकिन परमेश्वर चेतावनी देते हैं कि ऐसी सोच मृत्यु की ओर ले जाती है। ज़्यादातर लोगों को अपनी राय इतनी ज़्यादा प्यारी होती है कि वे उसे बदलना ही नहीं चाहेंगे, भले ही बाइबल उनके विचारों और सोच को पाप और आत्म-विनाशकारी बताती हो। सत्य और बुद्धि के लिए सिर्फ़ एक ही मानदंड है, और वह है बाइबल में प्रकट की गई परमेश्वर की इच्छा।
पाठक, आपके पास इस बारे में अपनी एक दृढ़ राय है कि जीवन कैसे जीना चाहिए और चीज़ें कैसे की जानी चाहिए। आपके विचार जो इतने सही लगते हैं, वे माता-पिता, आदतों, संस्कृति, शिक्षकों, दोस्तों, धर्म, विभिन्न मीडिया, अनुभवों और सबसे बढ़कर, आपके धोखेबाज़ मन और दुष्ट कल्पना से उपजते हैं (उत्पत्ति 6:5; यिर्मयाह 17:9) । लेकिन ये स्रोत, जो ईश्वरीय सत्य से बहुत दूर हैं, आपको सिर्फ़ मृत्यु की ओर ले जाते हैं।
पहला खंड मनुष्य के एक मार्ग का वर्णन करता है। यह किसी खास मामले के बारे में एक इन्सान की निजी राय है। उसे भरोसा है कि उसकी राय अच्छी और सही है, क्योंकि यह विचार सबसे पहले उसके मन में आया था और खुद को सही ठहराने और अपनी सोच का बचाव करने के लिए उसके पास बहुत ज़्यादा पूर्वाग्रह होते हैं, अर्थात् यह कि अगर यह सोच उसके मन में आई है तो वह अवश्य ही सही सोच है। मुद्दे पर उसका अपना विचार है, और वह इस मामले पर अपनी सोच से सहज और संतुष्ट है।
दूसरा खंड मनुष्य के उस मार्ग के अंत या परिणाम को मृत्यु के कई मार्गों के रूप में वर्णित करता है। मनुष्य कई तरीकों से मर सकता है, और प्रत्येक व्यक्ति की अपनी अहंकारी सोच उसे आसानी से और निश्चित रूप से वहाँ पहुँचा सकती है। जब अलग-अलग लोगों के मूर्खतापूर्ण विचारों को मिलाया जाता है, तो उनका नतीजा यह होता है कि उनसे मृत्यु के कई मार्ग बन जाते हैं। अपने विचारों से घृणा करना सीखें (भजन 119:113)।
क्योंकि हर व्यक्ति अहंकारपूर्ण सोच और गलतियों के प्रति बहुत असुरक्षित होता है, इसलिए सुलैमान ने इस नीतिवचन के पाठ के मूल्य पर जोर देने के लिए इसे और एक स्थान पर दोहराया (नीतिवचन 14:12; फिलि 3:1)। उसने एक ही पाठ को अलग-अलग शब्दों के उपयोग से विभिन्न नीतिवचनों में लिखा (नीतिवचन 12:15; 16:2; 21:2; 28:26)। वह जानता था कि आप अपनी मूर्खता में आकर यह ज़रूर सोचोगे कि आपके ही विचार महान और बुद्धि से भरे हैं। इसलिए अब खुद को नम्र बनाओ।
बुद्धिमान व्यक्ति अपनी सोच पर भरोसा न करना और हर मामले में परमेश्वर की इच्छा को जानना सीखता है (नीतिवचन 3:5-6)। उसके बाद वह इस दुनिया के उन सब लुभावने मार्गों से दूर रहता है जो मृत्यु की ओर ले जाते हैं (नीतिवचन 12:26; भजन 1:1-6)। वह विनम्रतापूर्वक अपनी अज्ञानता को मान लेता है, परमेश्वर से प्रार्थना करता है कि वह उसके मंसूबों और विचारों को परखें, और वह हर एक विचार को बाइबल की शिक्षा की ज्योति में परखता है (नीतिवचन 30:2-3; भजन 139:23-24; 119:128)।
खुद को धोखा देना अंधापण और विनाशकारी है। यह आपको विनाश की ओर ले जाता है, लेकिन आप जान भी नहीं पाते कि आपने खुद से झूठ बोला है, इसलिए कि आप अपने विचारों से प्यार करते हैं (नीतिवचन 18:2; 26:12,16)। कोई भी आपको यह यकीन दिलाने के लिए कि आपका मार्ग गलत है, आपसे विवाद नहीं कर सकता, क्योंकि आपकी दृष्टी में उनके विचार आपके विचारों से कमतर हैं। और एक बार जब आप उस मार्ग पर चलना शुरू कर देते हैं, तो आप किसी भी गलती को स्वीकार करने में खुद को छोटा महसूस करने लगते हैं (भजन 36:2)।
सत्य और ज्ञान के मामलों में लोकप्रिय सोच हमेशा गलत होती है। अधिकांश लोग अपने आप से और एक दूसरे से प्यार करते हैं, लेकिन परमेश्वर उनके सबसे अच्छे विचारों को घृणास्पद मानता है (लूका 16:15)। उसने स्पष्ट रूप से घोषणा कीं है कि अधिकांश लोग विनाश के लिए चौड़े द्वार और चौड़े मार्ग पर चलते हैं; केवल कुछ ही लोग जीवन की ओर ले जाने वाले संकरे द्वार और संकीर्ण मार्ग पर चलते हैं (मत्ती 7:13-14)। परमेश्वर जानता है कि मनुष्यों के विचार व्यर्थ हैं – बेकार कचरा (भजन 94:11), और आपको भी उनके बारे में वैसा ही सोचना चाहिए – चाहे विचार आपका अपना हो या किसी और का (भजन 119:113)।
इस्राएल के राजा शाऊल के दिमाग में एक विचार आया, और उसे वह ठीक जान पड़ा। अमालेकियों के सभी अच्छे पशुओं को मारने और बर्बाद करने के बजाय, उसने उन्हें लोगों को दिया कि वे उन्हें यहोवा को भेंट के रूप में चढ़ाएं। लेकिन यहोवा ने पहले ही बता दिया था कि उन्हें मार दिया जाना था। इसलिए शमूएल नबी ने उसकी सोच को जादू-टोना और मूर्तिपूजा कहकर उसकी भर्त्सना कीं (1 शमूएल 15:1-35)।
तरसुस के शाऊल ने भी समझा था कि यीशु नासरी के नाम के विरोध में उसे बहुत कुछ करना चाहिए (प्रेरितों 26:9)। ध्यान दें कि उसने समझा था, जो इस नीतिवचन में वर्णित पाप है, क्योंकि उसके पास अपने झूठे विचारों को परखने की कोई आंतरिक जाँच-प्रणाली नहीं थी। आपको अपनी सोच को सही करने के लिए एक बाहरी राय की आवश्यकता है जो पूरी तरह से सही हो, और बाइबल में परमेश्वर की प्रकट इच्छा ही परिपूर्ण है (भजन 119:128; यशायाह 8:20)।
बाइबल परमेश्वर की ओर से अपने बच्चों को एक अद्भुत उपहार है, क्योंकि इसमें असीम बुद्धिमान परमेश्वर की सच्ची बुद्धि प्रकट हुई है। आप बाइबल में हर विषय पर सिखाई गई बातों को सीखकर अपनी सभी बुरी और मूर्खतापूर्ण सोच को सही कर सकते हैं। यह परमेश्वर के जन को सिद्ध बनाने में सक्षम है (2 तीमुथियुस 3:16-17)। बाइबल आपको किसी भी कठिनाई से बाहर निकाल सकती है (भजन 119:105)। वह शुद्ध सत्य और बुद्धि है।
सही सोच के लिए बाइबल को अपने प्रथम मानक के रूप में उपयोग करने के बाद, आपकी अगली सुरक्षा बुद्धिमान और सफल पुरुषों से परामर्श लेने में है। बहुत से बुद्धिमान सलाहकारों के द्वारा आपको आपके व्यर्थ विचारों से सुरक्षा मिलती है (नीतिवचन 11:14; 12:15; 15:22)। लेकिन अपने विचारों और मतों को दूसरों के सामने जाँचने और आलोचना करने के लिए प्रस्तुत कर सकें ऐसे केवल कुछ ही लोग इतने विनम्र और बुद्धिमान होते हैं।
मनुष्य के पास ऐसे विचार होते हैं जो उन्हें परमेश्वर के वचन में जोड़ना सही जान पड़ता है। ये नियम उनकी उपासना को व्यर्थ बनाते हैं (मत्ती 15:7-9)। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि नियम रूढ़िवादी हैं या उदारवादी, या अवधारणा कितनी रोमांचक है। पौलुस ने उस हर बात की भर्त्सना की जो परमेश्वर के वचन के बाहर की थी, क्योंकि परमेश्वर सब आविष्कारों को ठोकर मारता है (रोमियों 14:1-6; कुलुस्सियों 2:16-23)। परमेश्वर का राज्य धार्मिकता, शांति और पवित्र आत्मा में आनंद है, उसका राज्य किसी रचनात्मक ईसाई की बेहतर सोच से नहीं है (रोमियों 14:17-18)।
परमेश्वर के वे महान लोग कहाँ हैं, जो पवित्र शास्त्र में स्पष्ट रूप से बताई गई बातों के अलावा कुछ भी स्वीकार नहीं करेंगे? वे लोग कहाँ हैं जो विश्वास के सिर्फ प्राचीन मार्गों को ही मानते जो एक ही बार पवित्र लोगों को सौंपा गया था (यिर्मयाह 6:16; यहूदा 1:3)? वे लोग कहाँ हैं जो पवित्र आत्मा से उसके वचन के माध्यम से सुधार के लिए ध्यान से सुनते हैं, “मार्ग यही है, इसी पर चलो” (यशायाह 30:21)? वे लोग कहाँ हैं जो परमेश्वर के वचन में कुछ भी जोड़ने के सभी प्रयासों का विरोध करते और उन्हें कुचल देते हैं?
पाठक, क्या आपको लगता है कि आपने स्वर्ग का मार्ग समझ लिया है? क्या आपका चर्च आपको सिर्फ़ इसलिए सही लगता है क्योंकि वह शानदार, बड़ा है और संख्या में बढ़ रहा है? स्वर्ग जाने का केवल एक ही मार्ग है, और वह है प्रभु यीशु मसीह, जो किसी भी व्यक्ति, याजक, पोप या परम्परा से अलग है। उसने कहा, “मार्ग और सत्य और जीवन मैं ही हूँ; बिना मेरे द्वारा कोई पिता के पास नहीं पहुँच सकता” (यूहन्ना 14:6)।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।