नीतिवचन 15:24
बुद्धिमान के लिये जीवन का मार्ग ऊपर की ओर जाता है, ताकि वह अधोलोक में पड़ने से बचे।
आपने अब तक कई निर्णय लिए हैं और आगे भी लेंगे। परमेश्वर की संप्रभुता में, आपका प्रत्येक चुनाव या तो आपके जीवन को अभी या बाद में, परमेश्वर के अनुग्रह की ओर ऊपर उठाता है; या अभी विनाश और नरक में एक अनंत काल की ओर ले जाता है। बुद्धिमान लोग किसी भी समस्या और परमेश्वर के क्रोध से बचने के लिए और उनसे अनुग्रह और आशीष पाने के लिए सांसारिक और अनंत जीवन के परिणामों को ध्यान में रखते हुए सावधानी से निर्णय लेते हैं।
मनुष्य प्रत्येक दिन जो चुनाव करते हैं वह इस दुनिया में और आने वाली दुनिया में उनके जीवन की सफलता या असफलता को निर्धारित करते हैं। अधिकांश लोग इतने घमण्डी होते हैं कि वे अपने आचरण पर पुनर्विचार करने से इनकार करते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि वे सही हैं। कुछ आलसी होते हैं, इसलिए अपने खिलौनों से खेलना जारी रखते हैं। कुछ लोगों को कोई फर्क नहीं पड़ता, वे परिणामों के प्रति अंधे होते हैं। अन्य लोग बहुमत का अनुसरण करते हैं। और कुछ अपने मन की सुनते हैं।
लेकिन निर्णय लेने के ये सभी मापदंड मूर्खतापूर्ण है! घमंड निश्चित रूप से पीड़ा और परेशानी लाएगा (नीतिवचन 16:18; 18:12)। आलस्य मूर्खों की पहचान है (नीतिवचन 18:1-21)। लापरवाही भी मूर्खों की पहचान है (नीतिवचन 1:22; 17:16)। बहुमत सदैव गलत होता है (इफिसियों 2:1-3; मत्ती 7:13-14; निर्गमन 23:2)। और सबसे अधिक महत्वपूर्ण, अपने धोखेबाज मन की मत सुनो (नीतिवचन 14:12; 16:25; यिर्मयाह 17:9)।
अपनी चाल-चलन पर विचार करें। अपने को जांचे। परमेश्वर से सहायता के लिए प्रार्थना करें (भजन संहिता 139:23-24)। क्या करना है और क्या नहीं, इसका चुनाव और निर्णय आप कैसे करते हैं? क्या आपका मार्गदर्शक परमेश्वर का वचन है? या आप अपने मन का, दुनिया के सिद्धांतों का, या किसी अन्य मूर्खतापूर्ण प्रभावक का अनुसरण करते हैं? एक बुद्धिमान व्यक्ति जीवन को अपनी तरह से नहीं जीता, वह स्वयं को परमेश्वर की ओर और जीवन की ओर ऊपर उठाता है।
सच के ख़िलाफ जाकर कभी झूठ न बोलें। अपने चुनावों पर सिर्फ इसलिए घमंड न करें क्योंकि आप काफ़ी लंबे समय से उनके अनुसार चल रहें हैं। यदि आप परमेश्वर के वचन के विपरीत जी रहे हैं, तो आप सांसारिक, शारीरिक और शैतानी बुद्धि के पीछे चल रहे हैं (याकूब 3:14- 16)। यह अब आपको भ्रम और प्रत्येक बुरे कार्य की ओर ले जाएगी, और इसके परिणाम स्वरूप शीघ्र ही न्याय के दिन आपको एक क्रोधित परमेश्वर का सामना करना पड़ेगा।
अपने चुनावों और निर्णयों की जाँच करना भूलकर या उनकी बुराई की उपेक्षा करके, अपने भविष्य को वर्तमान समय की वेदी पर बलिदान न करें। बुद्धि ही सही निर्णय लेने की शक्ति है – यह जानने की योग्यता कि किसी भी स्थिति में क्या करना चाहिए; और आप परमेश्वर का भय मानकर, उनके वचनों को पढ़कर और प्रार्थना करके इस तरह की बुद्धि में सामर्थी रूप से बढ़ सकते हैं (नीतिवचन 1:7; 9:10; भजन संहिता 19:7; याकूब 1:5)।
मसीही पाठक, यह आपका सौभाग्य और कर्तव्य है कि आप अपने मन को इस छोटे से जीवन की सांसारिक वस्तुओं की बजाय, उसे स्वर्गीय स्थानों की चीजों पर लगाएं (कुलुस्सियों 3:1-4; रोमियों 8:4-8)। इसके परिणाम बहुत अद्भुत हैं। आत्मिक सोच जीवन की ओर ले जाती है; और सांसारिक सोच मृत्यु की ओर ले जाती है। पेट के उपासक होने के बजाय, परमेश्वर के आत्मा का अनुसरण करें और ऊपर की ओर उठें (रोमियों 8:9-13; फिलिप्पियों 3:17–20)।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।