नीतिवचन 15:18
क्रोधी पुरुष झगड़ा भड़काता है, परन्तु जो विलम्ब से क्रोध करनेवाला है, वह मुक़द्दमों को दबा देता है।
कुछ लोग लड़ने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। और उसकी शुरुआत अक्सर वे ही करते हैं। लड़ने की यह भावना मनुष्य को आदम से विरासत में मिले भ्रष्ट स्वभाव से आती है (तीतुस 3:3; रोमियों 1:29-31; 3:13-18)। यह मनुष्य के अहंकार और स्वार्थ के कारण होता है जो दूसरों पर प्रभुता करना चाहता है (नीतिवचन 13:10; फिलिप्पियों 2:3-4)। यह आवेगशील आत्मा के शीघ्र क्रोध के कारण होता है, जो बेइज्ज़त होने पर तुरंत प्रतिक्रिया करता है, या सामने वाले पर हावी होता है और किसी भी अपराध या गलती के लिए बदला लेता है (याकूब 4:1-5)।
एक क्रोधी व्यक्ति को बहुत जल्द क्रोध आ जाता है। थोड़े से उकसाव पर भी, वह उस व्यक्ति के विरुद्ध तुरंत प्रतिक्रिया व्यक्त करता है जिसने उसे क्रोधित किया होता है। निःसंदेह यह अक्सर सामने वाले पक्ष को भी अधिक क्रोध के लिए उकसाता है। इस कारण जो बात आसानी से हल की जा सकती है या जो सरलता से खत्म हो सकती है, वह एक बड़े झगड़े में बदल जाती है। क्रोधी मनुष्य बात को पूरी तरह से बिगाड़ देता है। वह जहाँ कहीं भी जाए उसका आवेगपूर्ण क्रोध झगड़े ही बढ़ाता है। ऐसा व्यक्ति एक खतरनाक मूर्ख होता है।
परन्तु जो व्यक्ति विलंब से क्रोध करता है वह आवेग को शांत कर सकता है और झगड़ों को खत्म कर सकता है। आवेगपूर्ण या हिंसात्मक रीति से प्रतिक्रिया व्यक्त करने के बजाय, वह नरमी और धीरता से उकसाने वालों के अपराधों को भुला देता है और उनके क्रोध को शांत करता है। एक तकिए से लड़ना नामुमकिन होता है। यदि लड़ने के लिए दो लोगों की आवश्यकता होती है, जो कि वास्तव में होती ही है, तो विलंब से क्रोध करने वाला व्यक्ति बढ़ते आवेग और हमले को शांत करके झगड़ों को खत्म कर देता है। क्रोध न करने की उसकी यह खूबी उन झगड़े को शुरू होते ही खत्म कर देती है।
क्रोधी लोग मूर्ख होते हैं, क्योंकि वे भावनात्मक प्रतिक्रिया के द्वारा बुद्धि का अनादर करते हैं (नीतिवचन 14:17, 29; सभोपदेशक 7:8-9)। उनके आस-पास रहना भी खतरनाक हो जाता है, क्योंकि वे लोगों के बीच में लड़ाईयाँ कराते और बढ़ाते हैं (नीतिवचन 17:14, 19; 19:19; 29:22)। आपको ऐसे लोगों से बचना चाहिए, क्योंकि वे झगड़ों से घृणा करने वाली आपकी शुद्ध आत्मा को भ्रष्ट कर देंगे (नीतिवचन 14:17; 22:24-25; 1 कुरिन्थियों 15:33)।
बुद्धिमान लोग अपनी आत्माओं पर प्रभुता करना सीखते हैं और क्रोध करने से दूर रहते हैं (नीतिवचन 14:29; याकूब 1:19-20)। सुलैमान ने कहा है कि ऐसा व्यक्ति उस मनुष्य से भी जो अकेले ही नगर को जीत लेता है, अधिक महान होता है (नीतिवचन 16:32)। एक महान व्यक्ति विलंब से क्रोध करता है और दूसरों के अपराधों को भुला देता है (नीतिवचन 19:11)। वह लड़ने की इच्छा नहीं रखता। कोमल शब्द, क्रोधित मनुष्यों पर अद्भुत रीति से काम करते हैं (नीतिवचन 15:1)।
यीशु मसीह ने सिखाया कि दूसरा गाल आगे करना क्रोध भड़कने के विरुद्ध एक ईश्वरीय प्रतिक्रिया है (मत्ती 5:38-42)। उसने बिना किसी कारणवश क्रोधित होने की बहुत निंदा की (मत्ती 5:21-26)। धन्य हैं वे लोग जो मेल कराने वाले हैं; न कि लड़ने वाले (मत्ती 5:9; याकूब 3:17-18)। वे मन के दीन लोग हैं जो पृथ्वी के उत्तराधिकारी होंगे, जो हमेशा दूसरों को देने में प्रसन्न होते हैं।
बैर से तो झगड़े उत्पन्न होते हैं, परंतु प्रेम मनुष्य के बीच होने वाले सब अपराधों और पापों को ढाँप देता है (नीतिवचन 10:12; 1 पतरस 4:8)। जब यीशु पर अपमानजनक मुक़दमा चला और जब उसे सूली पर चढ़ाया गया उस दौरान उसने विलंब से क्रोध करने का सर्वोत्तम उदाहरण दिया (1 पतरस 2:19-23; मरकुस 15:5)। पौलुस कुरिन्थियों से प्रेम करता था, जबकि वे उसके बलिदानों का आदर नहीं करते थे (2 कुरिन्थियों 12:15)। क्या आप यीशु और पौलुस के समान हैं?
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।