नीतिवचन 15:14
जो मनुष्य समझदार है, उसका हृदय ज्ञान का प्यासा होता है, किन्तु मूर्ख मूर्खतापूर्ण बातों से अपना पेट भरता है।
बुद्धिमान लोगों को शिक्षा अच्छी लगती है और वे ज्ञान के प्यासे होते हैं, लेकिन मूर्ख को मूर्खता के द्वारा अपना मनोरंजन करवाना अच्छा लगता है। जो मनुष्य समझदार है वह अपने मौजूदा ज्ञान में संतुष्ट नहीं रहता; वह और अधिक ज्ञान पाने के लिए प्यासा होता है। परन्तु जो मूर्ख होता है वह कभी अपनी अज्ञानता पर विचार नहीं करता; वह बस अपना मूर्खतापूर्ण जीवन खुशी-खुशी जीता रहता है।
यदि आप दोनों को बोलते हुए सुने, तो आप पाएँगे कि जो मनुष्य बुद्धिमान है वह कम बोलता है, क्योंकि वह जानता है की उसका ज्ञान सीमित है; मूर्ख, जो कि कुछ भी नहीं जानता, फिर भी बकबक करता रहता है, और सब के सामने अपनी ही पोल खोलता है कि वह एक मूर्ख मनुष्य है (सभो 10:3,12-14)। आह, पाठक! इस सम्बन्ध में आप कहाँ है? आप सीखने को प्राथमिकता देते हैं? या आप बस बातें ही करना चाहते हैं? प्रेरित याकूब आपको स्मरण दिलाता कि सुनने में तेज़ और बोलने में धीमे बनो (याकूब 1:19)।
सुलैमान ने इस फ़र्क को स्पष्ट रूप से दिखाया, “जो दूसरों से अलग हो जाता है, वह अपनी ही इच्छा पूरी करने के लिये ऐसा करता है, और सब प्रकार की खरी बुद्धि से बैर करता है। मूर्ख का मन समझ की बातों में नहीं लगता, वह केवल अपने मन की बात प्रगट करना चाहता है” (नीति 18:1-2)। उस नीतिवचन पर हमारी टिका देखें। क्या ज्ञान के लिए आपकी प्यास इतनी गहरी है कि आप अपने जीवन का क्रम उसके अनुसार सुव्यवस्थित करते हैं? क्या आप ज्ञान की खोज को अपने जीवन की बातों में सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं? कही ऐसा तो नहीं कि आप अपने जीवन का उपयोग दूसरों को केवल यह बताने के लिए करते हैं कि आपके मन में क्या क्या कल्पनाएँ हैं?
आपका चरित्र उजाले में है। यदि आप ज्ञान की खोज में हैं, तो आप बाइबल पढ़ेंगे, उपदेश सुनने से प्रीति रखेंगे, बुद्धिमान लोगों की संगति में रहेंगे, और मूर्खता के हर स्वरुप से बचेंगे। यदि आप एक अज्ञानी मूर्ख हैं, तो आप व्यवसाय, स्वास्थ्य, शौक, मनोरंजन और बकवाद करने पर ज़ोर देंगे। आपको ज्यादा क्या प्रिय है? बाइबल या आपका पसंदीदा समाचार पत्र? उपदेश या मौजमस्ती? क्या आप उपदेश सुनकर प्रसन्न होते हैं? क्या आपको लगता है कि आप बहुत सारी बातों का ज्ञान है? या क्या आप और अधिक जानने की लालसा रखते हैं? इन बातों से बहुत फ़र्क पड़ता है!
कुरनेलियुस सत्य को सुनना चाहता था। उसने पतरस के उपदेश को सुनने के लिए अपने कुटुम्बियों और प्रिय मित्रों को इकट्ठा किया (प्रेरितों 10:24)। परमेश्वर ने उससे कहा कि पतरस उसे सत्य का सुसमाचार बताएगा, इसलिए उसने पतरस से कहा, “तब मैं ने तुरन्त तेरे पास लोग भेजे, और तू ने भला किया जो आ गया। अब हम सब यहाँ परमेश्वर के सामने हैं, ताकि जो कुछ परमेश्वर ने तुझ से कहा है उसे सुनें” (प्रेरितों 10:33)।
परन्तु शमौन जादूगर का क्या? उसने पतरस को उपदेश देते हुए भी सुना, लेकिन उसका विश्वास और बपतिस्मा केवल दिखावा था यह देखने कि क्या वह अपने लिए कोई चमत्कारिक शक्ति प्राप्त कर सकता है (प्रेरितों 8:9-24)। वह पवित्र आत्मा को खरीदना चाहता था, ताकि वह सामरिया में एक महत्वपूर्ण जादूगर के रूप में स्थापित हो सके।
नहेमायाह के 8 वे अध्याय में हम देखते हैं कि कैसे इस्राएल ने उपदेश सुनने को प्राथमिकता दीं। उन्होंने एक बड़ा उत्सव मनाया, क्योंकि वे परमेश्वर के वचन की समझ पाकर बहुत आनन्दित हुए थे। और वे और अधिक सुनना चाहते थें, और अगले सात दिनों तक वे उपदेश सुनते और उत्सव मनाते रहें, भले ही इससे उनका कर्तव्य और भी बढ़ गया था।
आज हम अंतिम दिनों के विपत्तिजनक समयों में जी रहें हैं, जब ख्रिश्चन विश्वासियों ने भी दंतकथाओं और मनोरंजन के लिए खरी शिक्षा को त्याग दिया है (2 तीमु 4:3-4)। औद्योगिक क्रांति आई और चली गई, और बहुत-से उद्योग भी आए, और अब हम सूचना युग में रहते हैं, जहां इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से आपको पास पहले से कहीं अधिक जानकारी बस घर बैठे मिल जाती है।
अगर आप बुद्धिमान होना चाहते हैं, तो आपको आज की इस सूचनाक्रांति के युग की तथाकथित जानकारी के 99% हिस्से को अस्वीकार करना होगा, क्योंकि यह मूर्खता और घमंड से भरी है, खासकर अगर यह सोशल मीडिया के माध्यम से है। इतिहास में पहली बार प्रकाशन की सभी जाँच-पड़ताल, मानक और इसमें लगनेवाली क़ीमत को हटा दिए जाने और मुफ्त में ही उपलब्द कराने की सुविधा दिए जाने के बाद, कोई भी बिना किसी लागत के कुछ भी प्रकाशित कर सकता है, जिसका अर्थ है कि आपके पास आने वाली मूर्खतापूर्ण बकवास में बड़ी तेजी से वृद्धि हो रही है। सुलैमान की तरह संदेह करना सीखें और जो कुछ भी आप सुनते या पढ़ते हैं उसे अस्वीकार कर दें (नीति 14:15)।
जब इस दुनिया के मूर्ख एक-दूसरे को अब तक के सार्वजनिक रूप से प्रसारित किए जाने सबसे बेतुके और बेकार विचारों को फॉरवर्ड और ट्वीट करने में व्यस्त हैं, बुद्धिमान लोगों को चाहिए कि वे उनकी इस बकवाद और व्यर्थ की बातों के हानिकारक धुएं और खतरे से खुद को गंभीर रूप से दूर ही रखें। आपको चाहिए कि आप परमेश्वर से प्राप्त बुद्धि के उपयोग से केवल सत्य को पूरी सजगता से पढ़ने, उसे सीखने या प्रचार करने को प्राथमिकता दें। परमेश्वर आपकी मदद करें।
शेबा की रानी के साथ साथ अन्य कई बुद्धिमान लोग, राजा सुलैमान का ज्ञान सुनने आए, लेकिन सुलैमान से भी महान उपदेशक आया है – प्रभु यीशु मसीह (1 राजा 4:29-34; मत्ती 12:42)। क्या आप उससे सीखने की लालसा रखते हैं (मत्ती 11:28-30)? क्या आपने अपने उपदेशक से प्रार्थना की है कि वह आपपर अपने विषय में और भी ज्ञान प्रगट करे (प्रेरितों 13:42)? क्या आप परमेश्वर के वचन के प्रचार को सुनने को प्राथमिकता देते हैं?
विश्व में सबसे महत्वपूर्ण ज्ञान परमेश्वर और उसके पुत्र यीशु मसीह का ज्ञान है (2 पतरस 1:3-4; 3:18)। इसी उद्देश्य से परमेश्वर ने मनुष्यों का उद्धार किया – ताकि वे उसे और यीशु मसीह को जानें (यूहन्ना 17:3; 1 यूहन्ना 5:20)। तो फिर अवश्य है कि “तुम उत्तम से उत्तम बातों को प्रिय जानो, और मसीह के दिन तक सच्चे बने रहो, और ठोकर न खाओ; और उस धार्मिकता के फल से जो यीशु मसीह के द्वारा होते हैं, भरपूर होते जाओ जिससे परमेश्वर की महिमा और स्तुति होती रहे” (फिलि 1:9-11)। अन्य सभी चीज़ों से ऊपर का उत्कृष्ट ज्ञान जिसकी आपको खोज करनी चाहिए और जिसमे आपको बढ़ना चाहिए, वह है यीशु मसीह के क्रूस का ज्ञान है (गला 6:14; 1 कुरिन्थ 1:18-25; 2:2; इफि 3:14-19)।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।