नीतिवचन 14:24

बुद्धिमानों का धन उनका मुकुट ठहरता है, परन्तु मूर्खों की मूढ़ता निरी मूढ़ता है।

बुद्धि का प्रतिफल मिलता है! बुद्धिमान व्यक्ति कर्मठतापूर्वक और विवेक से काम करता है; वह अनावश्यक जोखिमों और धोखाधड़ी से भरी योजनाओं से बचता है; उसे आर्थिक सफलता और समृद्धि प्राप्त होती है। वह परमेश्वर का भय मानता है और उसकी आज्ञाओं का पालन करता है, जिस कारण परमेश्वर उसके जीवन पर प्रसन्न होता है और उसे आशीष देता है। उसकी आर्थिक प्रगति उसकी बुद्धिमत्ता की पुष्टि करती है, उसकी कर्मठता का सम्मान करती है, और परमेश्वर के समर्थन को दिखाती है।

मूढ़ता का भी प्रतिफल मिलता है! मूर्ख मनुष्य आलसी या उड़ाऊ हो सकता है; वह जल्दबाजी में या अज्ञानतावश व्यर्थ कल्पनाओं के पीछे भाग सकता है; वह आर्थिक रूप से कभी भी कुछ ज्यादा हासिल नहीं कर पाता; वह निर्धन रहता है और सब उसे तुच्छ समझते हैं। वह न तो परमेश्वर से डरता है और न ही उसकी आज्ञाओं का पालन करता है, और परमेश्वर यहोवा उसके कमज़ोर प्रयासों पर वार करता है। उसकी मूर्खता और मूर्खतापूर्ण चुनाव सभी को साफ़ साफ़ दिखाई देते हैं। वह मूर्ख के रूप में जाना जाता है।

परमेश्वर ने वादा नहीं किया है कि वह अपने सभी बच्चों को धनवान बनाएगा। वास्तव में, उनमें से अधिकांश इस संसार के निर्धन लोग हैं (1 कुरिन्थियों 1:26-29; याकूब 2:5)। वह उनमें से बहुतों को आर्थिक कठिनाइयों के द्वारा परखता और उन्हें सिद्ध करता है। फिर भी, चूँकि अन्य सभी बातें समान होती हैं, इस कारण बुद्धि अंत में और निश्चित रूप से उन्नति, सफलता और धन दिलाती है। लेकिन मूढ़ता निश्चित रूप से पतन, विनाश, दरिद्रता और मुसिबतें ही लाएगी। बुद्धि और मूढ़ता दोनों का फल मिलता है। बुद्धि को चुनें!

बुद्धि दिशा भी दिखाती है। बुद्धिमान व्यक्ति जिसके पास धन है वह जानता है कि अपने धन का उपयोग दूसरों के कल्याण और स्वयं का सम्मान बढ़ाने के लिए कैसे करना है। दाऊद एक धनवान मनुष्य था, और उसने अपने धन को यरूशलेम में एक भव्य मन्दिर बनाने के लिए दान स्वरुप देने के द्वारा स्वयं को महिमामय मुकुट पहनाया। अय्यूब धनवान था, और वह विश्वासयोग्यता और उदारता से निर्धनों की देखभाल करने के लिए प्रतिष्ठित माना जाता था। बरनबास ने अपनी अचल संपत्ति का उपयोग यरूशलेम की कलीसिया के निर्धन विश्वासियों को बाटने के लिए किया। और फिलेमोन ने भी वैसा ही किया।

मूढ़ता भ्रम में भी डालती है। धनवान मूर्ख उस निर्धन मूर्ख की तुलना में जो बड़ी तंगहाली में अपना गुज़ारा करता है, मूर्खता में अधिक मूर्ख होता है। धनवान मूर्ख का और भी अधिक पतन होता है, और वह मूर्ख बनने में और भी अधिक भरमाया जाता है। नाबाल अपनी समृद्धि पर घमंड में आकर मूढ़ता में गिर गया और उसने दाऊद के विरुद्ध विद्रोह किया। रहूबियाम धन-दौलत से इतना फूला हुआ था कि उसने दस गोत्रों पर अपना राज्य खो दिया। बेलशस्सर ने अपनी दौलत पर गर्व किया और उसने रातोंरात एक मज़बूत नगर खो दिया। और एक धनी युवा शासक ने अपने धन के लिए स्वर्ग के राज्य को खो दिया।

एक सामान्य नियम के तहत, अन्य सभी बातें समान होने के कारण, बुद्धि आर्थिक सफलता उत्पन्न करती है, और मूर्खता दरिद्रता को जन्म देती है। इसके अलावा, बुद्धिमान मनुष्यों के लिए धन एक बड़े लाभ की वस्तु और अच्छा साधन है, जो उनके चरित्र को फिर से मुकुट पहनाता है। लेकिन धन मूर्खों को और भी अधिक मूर्खता के लिए उकसाता है, क्योंकि अधिकार-पद और धन उनके अहंकार को बढ़ाते हैं और उनकी सूझबूझ को अंधा कर देते हैं। बुद्धि धन से बेहतर है, धन की ओर ले जाती है, और धन का उपयोग कैसे करना है यह जानती है। बुद्धि को चुनें!

बुद्धि का प्रतिफल मिलता है, और प्रतिफल बुद्धि के स्वामी को सम्मान का मुकुट पहनाता है। बुद्धि मनुष्यों को उस प्रतिफल का उपयोग परमेश्वर की महिमा और मनुष्य के कल्याण के लिए करने की ओर भी ले जाती है। मूर्खता मूर्खों को अपनी मूर्खता पर शर्मसार करती है, और यह बात उन्हें अपने किसी भी लाभ का दुरुपयोग करने की ओर ले जाती है। आप बुद्धि के प्रतिफल को दूसरों के जीवनों में देख सकते हैं या आप उन्हें अपने खुद के जीवन में भी देख सकते हैं। बुद्धि को चुनें! मूढ़ता से घृणा रखें!

यीशु मसीह के बारे में क्या? वह बुद्धि से भरपूर था और उसने हर तरह से अपने पिता की इच्छा पूरी की, जिसमें अपनी भेड़ों के लिए अपना जीवन देना भी शामिल था। उसके स्वर्गारोहण के बाद, परमेश्वर ने उसे महिमा और सम्मान और अवर्णनीय धन का मुकुट पहनाया (इब्रा 1:1-5; 2:5-9; प्रकाशित 5:1-14)। वह आज विश्व पर राज्य करता है, और वह जल्द ही उन सभी के लिए आ रहा है जो उससे प्रेम रखते हैं और उसकी आज्ञा मानते हैं।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।