नीतिवचन 14:12
एक मार्ग है जो मनुष्य को ठीक जान पड़ता है, परन्तु उसके अन्त में वह मृत्यु का मार्ग ठहरता है।
आप ही अपने सबसे बड़े शत्रु हैं। आपके दस शत्रुओं की तुलना में आप स्वयं ही अपने लिए तकलीफ और संकट उत्पन्न करते हैं। आपका अपना प्राण ही आपके जीवन के लिए एक घातक खतरा है। ऐसी चेतावनियों को सुनने के बाद, मनुष्य अपने विचारों पर कभी भरोसा नहीं रखेंगे, सही है? ग़लत! जब आप अपने ही जीवन का नाश कर रहे होते हैं, तब आप ये सोचते हैं कि आप जो कर रहे हैं, वह बिल्कुल सही है। आपको कभी कोई खतरा नज़र नहीं आएगा।
अन्य नीतिवचन भी इसी चेतावनी को सिखाते हैं। “एक मार्ग है जो मनुष्य को ठीक लगता है, परंतु उसका अंत मृत्य का मार्ग है” (नीति 16:25)। “मूढ़ की चाल उसकी दृष्टि में भली है, परंतु जो मंत्रणा को मानता है, सो बुद्धिमान है” (नीति 12:15)। “जो अपने मन पर भरोसा रखता है सो मूर्ख है : परंतु जो बुद्धि से चलता है, सो छुड़ाया जाएगा” (नीति 28:26)।
हमारे कुछ चुनाव शारीरिक मृत्यु को ले आते हैं। दाऊद के पुत्रों का विचार करें। अम्नोन ने सोचा कि अपनी सौतेली बहन का बलात्कार करना ठीक है, वह उसके लिए मर गया (2 शमू 13:1-39)। अबशालोम ने सोचा कि अपने पिता के राज्य पर डाका डालना सही है : वह उसके लिए मर गया (2 शमू 15:1-6; 18:1-18)। अदोनिय्याह ने सोचा कि अबीशग के लिए सुलैमान की मां से अनुरोध करना सही है, वह उसके लिए मर गया (1 राजा 2:12-25)।
हमारे कुछ चुनाव हम पर मृत्यु को ले आते हैं। शिमशोन ने सोचा कि एक अविश्वासी औरत से रिश्ता रखना और मिलना-जुलना सही था, परंतु उसने शिमशोन को अंधा कर उसका विनाश कर दिया, और जेल में चक्की पीसने पहुंचा दिया (न्यायि. 16:1-21)। सुलैमान ने सोचा कि अविश्वासी औरतों और लड़कियों से विवाह करना सही था; परंतु उन्होंने उसके मन को अपने देवताओं की ओर फेर दिया (1 राजा 11:1-13)। रहूबियाम ने सोचा कि अपने युवा और अनुभवहीन सलाहकारों की सुनना सही है, परंतु उसने 10 गोत्र खो दिए (1 राजा 12:1-19)।
कुछ चुनाव अनंतकाल की मृत्यु को ले आते हैं – या दूसरी मृत्यु – जो आग की झील में युगानुयुग का क्लेश है (प्रका. 20:14)। सब झूठों का भाग उसी आग की झील में मिलेगा (प्रका. 21:8), और सब व्यभिचारियों का भी वही अंजाम होगा (प्रका. 21:8)। अधिकांश आश्चर्यचकित होंगे, क्योंकि डरपोक और अविश्वासी भी वहां होंगे, और साथ ही, घिनौने और हत्यारे भी होंगे (प्रका. 21:8)। इस दूसरी मृत्यु से बचने का केवल एकमात्र मार्ग है, उन सब के नाम जिनके लिए मसीह मरा, जीवन की पुस्तक में लिखे हुए पाए जाएं (प्रका. 2:11; 20:6, 15)।
हमारा मन तो सब बातों से अधिक धोखा देनेवाला है (यिर्म. 17:9)। वह हम से अन्य किसी भी व्यक्ति की तुलना में सबसे अधिक झूठ बोलता है, पर फिर भी हम अपने मन की सुनते और उस पर विश्वास करते हैं। वह अत्यंत दुष्ट है, इसलिए उसके झूठ हमेशा मूर्खता और पाप की ओर ले जाते हैं। क्योंकि हमारा मन बहुत ही धोखेबाज और दुष्ट है, इस कारण हम उसके खतरे को पूरी तरह से नहीं भांप पाते जो हमें उस से हैं, जब तक कि हम पवित्रशास्त्र, अर्थात् बाइबल की चेतावनियों को नहीं सुनते। यिर्मयाह 17:9 निष्कर्ष में पूछता है कि “उसका भेद कौन समझ सकता है?”
आप क्यों स्वाभाविक रूप से और बड़े आत्म-विश्वास से सोचते हैं कि आपके विचार और कल्पनाएं दूसरों से बेहतर हैं? यह आत्मकामी, स्वार्थपरायण, और अहंकारी मूर्खता है। कल्पित ऊंचेपन के मनोरोग का यही विनाशकारी भ्रम है। यह आपके घमण्ड के कारण है, वह पाप जो शैतान ने किया था (1 तिमु. 3:6)। आप दिन में कई बार स्वयं को गंदा करके बड़े हुए हैं, और आप केवल इसलिए जिंदा है क्योंकि आपके माता-पिता ने आपके लिए सब कुछ किया, परंतु अब कुछ ही वर्षों में आपको लगने लगा है कि आपको उन से और बाकी सबसे ज्यादा ज्ञान है।
बच्चे, तुझे लगता है कि तू अपने माता-पिता की अवज्ञा कर सकता है, परंतु तेरी ही दुर्गति होगी (नीति 30:17)! पत्नियों, तुम्हें लगता है कि तुम अपने पति से कोई बात गुप्त रख सकती हो, तुम्हारी ही हानि होगी (नीति 30:21-23)! पतियों, तुम सोचते हो कि तुम अपनी पत्नी की उपेक्षा कर सकते हो। तुम अपनी ही हानि उठाओगे (नीति 5:15-23)! जवानों, तुम्हें लगता है कि तुम वेश्याओं के साथ मौजमस्ती कर सकते हो। तुम अपने ही प्राण की हानि करोगे (नीति 7:25-27)! पालकों, आपको लगता है कि बच्चों की परवरिश और अनुशासन में उनका प्रशिक्षण बहुत कठिन है। परंतु हानि आपको ही होगी (नीति 29:15)! पास्टरों, तुम्हें लगता है कि तुम परमेश्वर के वचन में और उसकी आराधना में मनमानी कर सकते हो। परंतु याद रखो, तुम्हारा ठिकाना मरे हुओं के बीच में होगा (नीति 21:16)!
आपको क्या लगता है, या आप क्या अनुमान लगाते हो, इस पर केन्द्रित होने के बजाए आप को पवित्रशास्त्र से सुनना और सीखना चाहिए। भीतर से उभरी कल्पनाएं और अनुमान हमेशा ही बाइबल की विचारधारा से, जो कि परमेश्वर के मन और हृदय से आई हुई बातें हैं, निम्न दर्जे के होते हैं। जब कोई व्यक्ति, चाहे पुरुष हो या स्त्री, इस प्रकार की बातें कहे कि “मुझे इस बात में सुकून है” या “मुझे लगता है वह तरीका ग़लत है,” या “मुझे नहीं लगता कि ऐसा सही है” या “मेरा मन कह रहा है कि आप ग़लत है,” तब आप उसके धोखेबाज और दुष्ट मन को वास्तव में सुन सकते हैं। कितनी निरर्थक बात है।
सुरक्षा इसी में है कि आप अपने मन पर भरोसा ना रखें; उसकी न सुने, बल्कि अपने शिक्षकों, अपने पालकों, और अपने सलाहकारों की सुने; हर एक विचार को कैद करके पवित्रशास्त्र का आज्ञाकारी बना दें; और वचन के द्वारा ही पूरी लगन तथा परिश्रम से अपने मन की रक्षा करें (नीति 4:23; 2 कुरिं 10:4-6)। कभी भी अपने मन को बाइबल के बाहर की बातों पर चिंतन न करने दे (भजन 119:128)। इसका अर्थ है, आपको उसे सीखना है, और बड़ी कुशलता से सीखना है (भजन 119:11)। आप अवज्ञा करने से बच निकलेंगे और सब कुछ कुशल-मंगल होगा ऐसी घटियां सोच अपने मन में भी न आने दे (व्यवस्था 29:18-20)।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।