नीतिवचन 13:8

प्राण की छुड़ौती मनुष्य का धन है, परन्तु निर्धन घुड़की को सुनता भी नहीं।

आप रूपया पाने के लिए क्या करेंगे? आप में अमीर बनने का जुनून किस हद तक है? क्या आप अमीर बनने की लालसा के विषय में चेतावनी की ओर कान लगाएँगे? आपका चरित्र कैसा है और आप कितने बुद्धिमान हैं इसका परीक्षण करें। आगे पढ़ते रहें।

यह नीतिवचन सुलैमान के सबसे कठिन नीतिवचनों में से एक है। पर फिर भी आप यहाँ एक बुद्धिमान सबक और चेतावनी पा सकते हैं, बशर्ते आप ध्यानपूर्वक और लगन से देखें। क्या आप इतनी शिद्दत से बुद्धि को प्राप्त करना चाहते हैं कि आप इस नीतिवचन को पढ़ने के लिए समय निकालेंगे, इस पर गंभीरता से विचार करेंगे और इस पर हमारे अध्ययन को समझने अपना मन लगाएँगे? धन का लोभ सारी बुराइयों की जड़ है, और यह मनुष्यों के जीवन को नष्ट कर देता है, परन्तु गरीब फिर भी इसे पाने के लिए लालायित रहते हैं!

बाइबल के उपदेशक यहाँ दो विकल्प देखते हैं। पहला, या तो धनवान मनुष्य अपने धन से खुद को आर्थिक मुसीबतों से छुड़ा सकता है, परन्तु निर्धन मनुष्य के पास अपने शत्रुओं को आकर्षित करने के लिए कुछ भी नहीं होने के कारण वह ज्यादातर खतरों से बच जाता है। दूसरा, या फिर, धनवान मनुष्य का धन चोरों को आकर्षित करता है और खतरों को बढ़ा देता है, जबकि निर्धनता गरीबों को ऐसी हिंसा से बचाती है। पहले विकल्प में अमीरी और गरीबी दोनों अच्छी हैं; दूसरे विकल्प में, अमीरी बुरी है और गरीबी अच्छी है। ये व्याख्याएँ अस्पष्ट हैं; फिर भी. यहाँ एक स्पष्ट और सरल सबक है।

छुड़ौती या फिरौती वह कीमत है जो बंधन से छुड़ाने के लिए, दण्ड को चुकाने या पहले जैसी स्थिति का पुनः निर्माण करने के लिए चुकाई जाती है (निर्ग 6:35; निर्ग 21:30; 30:12; अय्यूब 33:24; 36:18)। बहुत से लोग धन का पीछा करने के कारण अपना प्राण खो देते हैं। महत्वाकांक्षा और धन उनके जीवन की फिरौती की कीमत बन जाते हैं। अमीर और सफल होने की इच्छा उनके जीवन की कीमत या फिरौती है। जिन्होंने जीवन भर धन का पीछा किया हैं वे लोग जब अपने बिस्तर अन्तिम सांसे ले रहे होते हैं उस वक्त उनका जीवन खाली होता है।

वे लोभ और लालच के जीवन को चुनने के बजाय संतोष में रहने का फैसला लेकर अपनी आत्मा को नहीं छुड़ाएंगे। वे पैसों के लिए अपना जीवन बलिदान करते हैं, और फिर वे अपने साथ बिना कुछ लिए कब्र में चले जाते हैं (सभोपदेशक 5:10-17)। धनवान मनुष्य अगर पैसों से प्रेम न रखे तो एक स्वाभाविक और आध्यात्मिक दोनों रीति से अपने जीवन का आनंद ले सकता है। वह शांति से जी सकता है, परन्तु वह और अधिक धन प्राप्त करने का जुनून चुनता है। धन के लालच का यह मूर्खतापूर्ण और विनाशकारी आकर्षण एक आम बीमारी है (सभोपदेशक 6:1-6)।

पौलुस ने चेतावनी दी, “पर सन्तोष सहित भक्ति बड़ी कमाई है। क्योंकि न हम जगत में कुछ लाए हैं और न कुछ ले जा सकते हैं। 8यदि हमारे पास खाने और पहिनने को हो, तो इन्हीं पर सन्तोष करना चाहिए। पर जो धनी होना चाहते हैं, वे ऐसी परीक्षा और फंदे और बहुत सी व्यर्थ और हानिकारक लालसाओं में फँसते हैं, जो मनुष्यों को बिगाड़ देती हैं और विनाश के समुद्र में डुबा देती हैं। क्योंकि रुपये का लोभ सब प्रकार की बुराइयों की जड़ है, जिसे प्राप्त करने का प्रयत्न करते हुए बहुतों ने विश्वास से भटककर अपने आप को नाना प्रकार के दु:खों से छलनी बना लिया है” (1 तीमुथियुस 6:6-10)।

खतरा साफ़ साफ़ दिखाई देता है – धन आपका विनाश कर सकता है। यदि कोई व्यक्ति पैसे से प्रेम रखता है, तो वह उसे पाने के लिए अपना प्राण और सब कुछ बलिदान कर देगा (नीतिवचन 15:27; 11:17,29; हब 2:9-11)। धन उसके जीवन के फिरौती की क़ीमत है। वह अपनी स्वतंत्रता और सांसारिक सुख-चैन खरीद सकता है, लेकिन वह कीमत नहीं चुकाएगा, जो कि धन का पीछा करने की उसकी महत्वाकांक्षा का त्याग करना और जो उसके पास है उससे संतुष्ट रहना है। वह गुलाम बना रहता है।

यीशु ने एक धनवान युवा शासक से प्रेम किया, जो परमेश्वर के पुत्र के पीछे चलने के लिए अपने धन का त्याग नहीं करना चाहता था। उसने छुड़ौती नहीं दी, और न अपना जीवन वापस नहीं खरीदा (मत्ती 19:16-22)। यीशु जानता था कि यह चुनाव सूई के नाके से ऊँट के निकलने जितना कठिन था (मत्ती 19:23-26), लेकिन उसने यह भी सिखाया कि मनुष्यों को अपनी आत्मा को बचाने के लिए कोई भी कीमत चुकाने तैयार रहना चाहिए (मत्ती 16:26) .

गरीबों का क्या? इस नीतिवचन का दूसरा खंड प्रथम खंड से कैसे संबंधित है? हम जानते हैं कि दोनों खण्डों के बीच संबंध है, अन्यथा दोनों खंड अलग अलग नीतिवचन बन जाएंगे। लेकिन हम वियोजक शब्द “परन्तु” को भी देखते हैं जो दोनों खण्डों को जोड़ता है। इसलिए, दूसरे वाक्यांश में संबंधित विरोधाभास है।

निर्धन उन बहुत प्रकार के भयों, चिंताओं और बोझ के बिना जीते हैं जो धनवानों को सहने पड़ते हैं – वे बेहतर नींद भी सोते हैं (सभोपदेशक 5:12)। वे देखते हैं कि धनवान किस प्रकार धन का व्यर्थ और कष्टदायक पीछा करते हैं (भजन 39:6), और वे यह भी देखते हैं कि धनवान निर्धन मूर्ख की नाईं ही मरता है (भजन संहिता 49:6-13)। परन्तु वे इस वस्तुनिष्ठ शिक्षा से कुछ नहीं सीखेंगे, और न बुद्धिमान की इस गवाही की ओर अपना कान लगाएँगे कि धन व्यर्थ है। वे अपनी गरीबी के बारे में शिकायत करते हैं और अमीरों के जैसा धनवान बनने की कामना करते हैं।

टिकाकारों द्वारा प्रचलित दो व्याख्याओं के बजाय आप ऊपर दी गई व्याख्या पर कैसे भरोसा कर सकते हैं? दोनों खंड आपस में संबंधित हैं; दोनों खंड एकदूसरे के विपरीत हैं; डाँट-फटकार खतरे या परेशानी के समान नहीं है; और निर्धन किसी भी प्रकार की डाँट-फटकार को सुनने के बजाय डाँट-फटकार खाने से इनकार करते हैं। और आप अन्य नीतिवचनों में इसी से संबंधित या ऐसी ही शिक्षा पा सकते हैं (नीतिवचन 10:15,22; 11:4,28; 13:7; 14:20; 15:27; 18:11; 19:1,4,7; 22:1,2; 23:4-5; 28:3,6,11,20,22; 30:7-9)।

यदि आप धनवान हैं, तो आप परमेश्वर के राज्य को खो देने के बड़े खतरे में हैं (मत्ती 19:23-26)। धनवान लोग आम तौर पर क्रिश्चन समाज के संरक्षक होने के बजाय उत्पीड़क रहे हैं (याकूब 2:6-7)। परमेश्वर के सामने आपका कर्तव्य है कि आप अपने धन पर भरोसा रखने की अपनी मानसिकता का विरोध करें (1 तीमु 6:17-19)।

यदि आप निर्धन हैं, तो जो कुछ आपके पास है उसी में संतुष्ट रहें (याकूब 1:9-11; याकूब 2:5; 1 कुरिन्थ 1:26-29)। यह जान लें कि सन्तोष सहित भक्ति वास्तव में बड़ी कमाई है (1 तीमुथियुस 6:6; इब्रानियों 13:5)। नीतिवचन और सभोपदेशक में धन के बारे में सुलैमान की विभिन्न ताड़नाओं को याद रखें और उनपर विश्वास करें (नीतिवचन 10:22; 15:16; 16:8; 28:6; भजन 37:16; सभोपदेशक 1:16 – 2:11)। यदि आपकी ज़रूरतें बढ़ जाती हैं, तो आवश्यक वृद्धि के लिए बुद्धिमानी से प्रार्थना करें, और साथ ही अपनी जीवनशैली में कोई भी भक्तिपूर्ण परिवर्तन करें जिसकी बाइबल में मान्यता दी गई हो (नीतिवचन 30:7-9; 1 थिस्स 4:11-12)।

धनसम्पदा आमतौर पर एक अभिशाप होती है। आप इस दुनिया में ख़ाली हाथ आये थें, और इस दुनिया से ख़ाली हाथ ही चले जाएँगे; और परमेश्वर को इसकी परवाह नहीं है कि आपने अपने जीवन में कितना कुछ इकट्ठा किया है। भौतिकवाद और सफलता की इस दुनिया की पागलपंती से भरी पूजा से अपने प्राण को छुड़ाओ, और इसके बजाय बुद्धि की फटकार को सुनो। पहले परमेश्वर के राज्य और उसकी धार्मिकता की खोज करो, केवल एक स्वामी की सेवा करो, और अपने लिए स्वर्ग में धन इकट्ठा करो (मत्ती 6:19-21,24,33)। आपने ऐसा किया इसका आनंद आप जल्द ही पाएंगे।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।