नीतिवचन 12:7
जब दुष्ट लोग उलटे जाते हैं तब वे रहते ही नहीं, परन्तु धर्मियों का घर स्थिर रहता है।
आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा और समृद्धि धार्मिकता पर निर्भर करती हैं। बाहरी और अस्थायी सुखों से धोखा खाकर, दुष्ट लोग केवल कुछ समय के लिए ही रहते हैं, जिसके बाद वे उलट दिए और भुला दिए जाते हैं। फिर आप उन्हें कहीं नहीं देख पाते, क्योंकि वे जा चुके होते हैं।
परंतु धर्मी मनुष्य और उसका घराना इस दुनिया में और इसके बाद की दुनिया में भी बना रहेगा क्योंकि परमेश्वर, मनुष्य और प्रकृति उनके साथ हैं। चुनाव आपका है। आपका घराना कब तक स्थिर रहेगा? आज आप एक स्थायी विरासत के लिए क्या करेंगे? यहोवा परमेश्वर को खोजो जब तक कि वह मिल सकता है।
आप और आपका घराना खतरे में हैं। पाप दोनों को नष्ट कर डालेगा। परमेश्वर की व्यवस्था और बुद्धि का उल्लंधन करना अधिकांश मनुष्यों के जीवन और संपत्ति को नष्ट कर देता है। पाप सबसे पहले परमेश्वर का क्रोध भरा न्याय लाता है। जब स्वर्ग का महान और भययोग्य परमेश्वर आपका शत्रु होता है, तो आप गंभीर संकट में होते हैं (भजन संहिता 34:16; यशायाह 63:10)। वह सभी मनुष्यों को एक जलप्रलय में डूबा सकता है (जिसमें से कोई भी नहीं बचता)। वह विद्रोहियों को जीवित ही कब्र में डाल सकता है (गिनतियों 16.29-33)। वह रीछनियों को बच्चों पर छोड़ सकता है (2 राजाओं 2:23-24)।
पाप फिर मनुष्य पर न्याय ले आता है, जिसके पास विवेक और कर्तव्य द्वारा दुष्टों को दंडित करने के लिए औपचारिक और अनौपचारिक कानून होते हैं। व्यभिचारियों, पियक्कडों, झूठे लोगों, हत्यारों, अपमान करने वाले, झूठी निंदा करने वाले, आलसी लोगों, जादू-टोना करने वाले, उड़ाऊ लोगों और अन्य पापियों को कई तरीकों द्वारा तिरस्कृत और दंडित किया जाता है। यदि अधिकारी उनका विनाश नहीं करते हैं, तो उनके माता-पिता, मालिक, जीवनसाथी या पड़ोसी उन्हें नष्ट कर देते हैं। कुछ ही समय में वे दरिद्र बन जाते हैं, एक लज्जाजनक मृत्यु के शिकार हो सकते हैं, और उनका नाम हमेशा के लिए मिट जाता है (नीतिवचन 10:7)।
पाप के स्वाभाविक परिणाम भी होते हैं, जो दुष्टों को नष्ट कर देते हैं। मूर्खतापूर्ण खर्च करना धनी को दरिद्र बना देता है। घमंड के कारण कई राजा लड़ाईयाँ और यहाँ तक कि युद्ध भी हार जाते हैं। यौन-भोग अपने साथ भयंकर बीमारियां लाता है। पियक्कड़पन दुर्घटनाओं का कारण बनता है और परिवारों को नष्ट कर देता है। हत्या से मृत्युदंड मिल सकता है। असम्मानजक बातें, अत्यधिक नींद या चोरी करने से आदमी को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ सकता है।
दूसरी ओर, परमेश्वर एक धर्मी व्यक्ति को शांति, सुरक्षा और समृद्धि प्रदान करता है। और अन्य मनुष्य भी एक धर्मी व्यक्ति को सम्मानित और पुरस्कृत करेंगे, भले ही वह स्वार्थवश उससे अप्रत्यक्ष लाभ पाने के लिए ही क्यों न हो। दुष्टों की दुष्टता-सी चाल चले बिना एक संयमित जीवन जीने से धर्मी मनुष्य का स्वास्थ्य आमतौर पर बेहतर रहता है और वह एक लंबा जीवन जीता है। जो नियम दुष्ट मनुष्य के विरुद्ध काम करते हैं, वही उसके कल्याण के लिए काम करते हैं। इसका इकलौता अपवाद तब होता है जब परमेश्वर प्रेम में किसी धर्मी को जल्दी घर बुला लेता है (यशायाह 57:1-2)।
फारसी साम्राज्य में मोर्दकै और हामान, इज़राइल के राजा शाऊल और राजा दाऊद, प्रेरित यूहन्ना और यहूदा, और जॉनथन एडवर्ड्स और जोसेफ केनेडी की वंशावली के बीच तुलना करें और उनमें कितना फ़र्क है देखें। आज सिकंदर महान, उसका वंश या उसकी संपत्ति कहाँ है? रोथ्सचाइल्डस और वैंडरबिल्ट्स का क्या हुआ? हॉवर्ड ह्यूग्स और मर्लिन मुनरो का अब क्या बचा है?
अपने भविष्य में अभी निवेश करें। अपने पापों का पश्चाताप करें। परमेश्वर से माफी मांगे। अपनी गलतियों की भरपाई करें। बाइबल से धार्मिकता सीखें। इसके लिए प्रार्थना करें। इसे जीएं। भजन संहिता 112 को परमेश्वर द्वारा आपको किया गया एक व्यक्तिगत वायदा समझे। परमेश्वर के पवित्र वचन, बाइबल को अपने जीवन का नित्य और एकमात्र मार्गदर्शक बनाएँ। धर्मियों को एक अद्भुत प्रतिफल मिलेगा (यशायाह 58:1-11)।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।