नीतिवचन 12:5
धर्मियों के विचार सही हैं; परन्तु दुष्टों के परामर्श कपट हैं।
आप किस बारे में सोचते हैं? आपके विचार आपके वास्तविक चरित्र को साबित करते हैं। हो सकता है कि दूसरे आपके विचारों को न जानें, परंतु परमेश्वर जानता है (इब्रा 4:12), और वह उनके अनुसार आपके साथ व्यवहार करेगा। क्या धर्मी या दुष्ट आपके विचारों में हैं? मूर्खता का विचार भी पाप है (नीतिवचन 24:9)।
धर्मी और दुष्ट के बीच का अंतर विशाल है – इस जीवन और अगले जीवन के लिए उसके परिणाम बड़े हैं (नीतिवचन 3:33; 10:7; 11:31; 12:21; 14:11; 15:8,29; 24:19-20; भज 58:1-11; 112:1-10; मत्ती 25:31-46)। आप दोनों में से कौन हैं: आप प्रतिदिन चुनाव करते हैं।
यह अंतर कहां उत्पन्न होता है? हृदय के विचारों और सम्मति (युक्ति) में! इस नीतिवचन में सुलैमान ने एक सरल अवलोकन किया, लेकिन यह सबक सीखना आपका सुअवसर है। धार्मिकता या दुष्टता का आरम्भ विचारों से होता है, और इसलिए आपको उन सभी पर शासन करना चाहिए।
सबसे अधिक अपने मन की रक्षा कर; क्योंकि जीवन के सब मसले वही से है। (नीतिवचन 4:23)। “भला मनुष्य अपने मन के भले भण्डार से भली बातें निकालता है, और बुरा मनुष्य अपने मन के बुरे भण्डार से बुरी बातें निकालता है; क्योंकि जो मन में भरा है वही उसके मुंह पर आता है” (लूका 6:45)।
मन भावनाओं का स्रोत है, लेकिन यह उद्देश्यों और चुनावों का भी स्रोत है, क्योंकि आप जो चाहते हैं उसे चुनते हैं और पसंद करते हैं। इसलिए, अवश्य है कि आप अपने हृदय पर शासन करे और उसे सही बातों से प्रेम करना और बुरी बातों से घृणा करना सिखाए (नीतिवचन 8:13; भजन 119:128)।
लेकिन एक समस्या है – एक भयंकर समस्या! सभी मानवजाति के पिता आदम से विरासत में मिली दुष्टता के कारण, आपका हृदय भ्रष्ट और विकृत है (नीतिवचन 20:9)। लिखा है, “मन तो सब वस्तुओं से अधिक धोखा देनेवाला होता है, उस में असाध्य रोग लगा है; उसका भेद कौन समझ सकता है?” (यिर्म 17:9)।
यीशु मसीह में परमेश्वर की दया ही आपकी एकमात्र आशा है, जो अपने चुने हुओं को नया हृदय देता है और उनमें और उनके मन में अपनी व्यवस्था को लिखता है (यिर्म 31:33; इब्रा 8:10; 10:26)। इस नई सृष्टि के बिना, आपका हृदय परमेश्वर के विरुद्ध युद्ध में है (नीतिवचन 28:26; उत्पत्ति 6:5; मरकुस 7:20-23)।
मूर्खता का विचार पाप है (नीतिवचन 24:9), और यह पाप की ओर ले जाता है (याकूब 1:13-16)। दुष्ट अक्सर पाप के विषय में सोचते हैं, उनमें परमेश्वर का कोई विचार नहीं होता (भजन 10:4; 36:4; मीका 2:1)। वे व्यभिचार के बारे में कल्पना करते हैं (नीतिवचन 6:25); वे सुधार से घृणा करते हैं (नीतिवचन 26:16); वे बुराई की योजना बनाते हैं (नीतिवचन 6:18)।
धर्मीजन परमेश्वर की व्यवस्था और सत्य की बातों पर ध्यान करते हैं (भजन 1:1-3; 119:97)। वे वही करने के प्रति समर्पित होते हैं जो परमेश्वर की दृष्टि में सही है। जब वे गिरते हैं और पाप करते हैं, तो वे अपनी मूर्खता का अंगीकार करते हैं, अपनी दुष्टता से पश्चाताप करते हैं, और फिर से परमेश्वर का अनुसरण करते हैं (1 यूहन्ना 1:9; रोमियों 7:14-23)।
क्या आप संसार की बुरी सोच, झूठी कल्पनाओं और ग़लत मतों से घृणा करते हैं और क्रुद्ध होते हैं? क्या आप परमेश्वर के वचन पर भरोसा करते हैं और वहां पाए जाने वाले सत्य और बुद्धि से प्रेम करते हैं? परमेश्वर संसार के विचारों से घृणा करता है और उनसे अप्रसन्न होता है (भजन 94:11; नीतिवचन 15:26; रोम 1:19-27)। दाऊद ने कहा, “मैं दुचित्तों से तो बैर रखता हूं, परंतु तेरी व्यवस्था से प्रीति रखता हूं” (भजन 119:113)। उसने यह भी कहा, “इसी कारण मैं तेरे सब उपदेशों को सब विषयों में ठीक जानता हूं; और सब मिथ्या मार्गों से बैर रखता हूं” (भज 119:128)।
आपको क्या करना चाहिए? पापमय विचारों को अंगीकार करें (भजन 51:10)! परमेश्वर से बिनती करें कि वह आपके विचारों को जांचे (भजन 19:14; 139:23-24)। उससे बिनति करें कि वह आपके मन को धर्म की बातों की ओर खिंचे (भजन 86:11; 119:36: 141:4)। कि आपके मन को उसके वचनों से, खरे उपदेश से भरे, और अच्छे संगीत पर आपका मन लगवाए (लूका 4:4; प्रे. काम 17:11; कुलु. 3:16)। आपके सारे विचारों को बदलने के बारे में सोचें (रोमियों 12:1-2; इफि 4:22-24)।
आपको और क्या करना चाहिए? याद रखें कि संसार के विचार और परामर्श भ्रष्ट और दुष्ट हैं। संसार आपसे प्रतिदिन झूठ बोलता है। जितना ज्यादा आप सुनते या देखते हैं, उतने ज्यादा आप झूठ पर विश्वास करने लगते हैं। यदि आपको उनके विचार पसंद आते हैं, तो आप धोखा खा रहे हैं। आप प्रतिदिन जितना अपने कानों और आंखों को विचारधारा से भरते हैं, वह या तो आपको सत्य और बुद्धि के विचारों की ओर ले जाएगा या झूठ और मूर्खता के विचारों की ओर।
संसार सोचता है कि माता-पिता का अनादर करना ठीक है, व्यभिचार केवल सहज यौन-सम्बन्ध है, गर्भपात स्त्री का अधिकार है, मूर्खतापूर्ण बोलना मजेदार है, मतवालापण ठीक है, मज़दूर संघ मालिकों के खिलाफ आवाज़ उठाने के लिए ज़रूरी हैं, लड़कियों के छोटे बाल और स्कर्ट फैशन की बात है, चर्च जाना यदि सुविधाजनक हो तो जाएं, समलिंगी विवाह ठीक हैं, और ऐसी ऐसी कई अनगिनत मूर्खतापूर्ण और दुष्ट कल्पनाएं हैं।
बुरी संगति अच्छे चरित्र को बिगाड़ देती है (1 कुरि. 15:33)। यदि आप संसारिक विचारों से संगति स्थापित करेंगे, तो वे आपको भ्रष्ट करेंगे कि आप उनकी मूर्खता और झूठ के बारे में सोचें। यदि आप धर्मी मसीहियों के साथ संगति करते हैं, तो वे आपको बुद्धि और सत्य के बारे में सोचने के लिए कायल करेंगे। आपके हृदय और मन के लिए जानकारी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सावधानी के साथ मित्रों का चुनाव, मनोरंजन, संगीत, इंटरनेट की खोज, दूरदर्शन, फेसबुक के मित्र, कलीसिया आदि का चुनाव करें।
ऐसी कलीसिया खोजें जहां पास्टर बाइबल में वर्णित अपने कर्तव्य को पूरा करता हो – जो बिना किसी खेद या समझौता के परमेश्वर के वचन का प्रचार करता हो, और आपके सब ग़लत विचारों को उलट दे और उन्हें मसीह की आज्ञाकारिता के लिए बंधक बनाए (2 तीमु. 4:2-4; 2 कुरि. 10: 4 -6)। यह ऐसी कलीसिया नहीं होगी जो अंत के दिनों के इन संकटमय समयों में लोकप्रिय हो रही हो या बढ़ती जा रही हो, लेकिन नूह की कलीसिया छोटी थी (8 सदस्य), और केवल कुछ ही चेले यरूशलेम में पिन्तेकुस्त (120) की बाट जोह रहे थे।
सबसे अच्छे विचार वे हैं जिन्हें परमेश्वर ने बाइबल में बुद्धि और सच्चाई को सीखने के लिए प्रेरित किया, जैसे राजा सुलैमान के ये नीतिवचन। यदि आप प्रतिदिन बाइबल को बुद्धि और सत्य को सीखने की चिंतन की इच्छा के साथ पढ़ते हैं, और यदि आप संभवतः इसके कुछ पदों को याद करते हैं, तो आप अपनी परिस्थिति या स्थिति के बावजूद चिंतन करने के लिए अपने मन को अद्भुत बातों से भर सकते हैं (भजन 1:1-3) ; 19:7-11; 119:11; यिर्म 15:16)। आज को अपने विचारों का अब तक का सबसे अच्छा दिन बनाएं!
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।