नीतिवचन 11:28
जो अपने धन पर भरोसा रखता है वह गिर जाता है, परन्तु धर्मी लोग नये पत्ते के समान लहलहाते हैं।
क्या आपको आनन्द के लिए पैसों पर भरोसा रखना चाहिए? मूर्ख लोग इसे आर्थिक स्वतंत्रता या सुरक्षाकवच कहते हैं। उन्हें लगता है कि धन उनकी रक्षा करेगा और उन्हें समृद्ध बनाएगा। लेकिन जो व्यक्ति धन और संपत्ति पर भरोसा करता है, वह गिर जाता है और अन्त में मिट जाता, जबकि जो व्यक्ति धार्मिक जीवन जीता, वह सुरक्षित रहता है और समृद्ध होता है।
परमेश्वर ने धन के धोखे भरे भ्रम से आपको आगाह करने के लिए धनवान राजा सुलैमान को भेजा। यहाँ एक सबक है जो आपको भ्रामक सपने के पीछे भागकर अपना जीवन बर्बाद करने से बचाएगा। हालाँकि उन्होंने स्वीकार किया कि पैसा कुछ स्थितियों में उपयुक्त साबित हो सकता है, बशर्ते परमेश्वर ऐसी आशीष दे, फिर भी मनुष्य की अपनी व्यक्तिगत धार्मिकता सभी स्थितियों में कारगर और उपयुक्त ठहरती है, क्योंकि यह ऐसी चीज है जो आज और कल और बाद में अनंत काल के लिए परमेश्वर की ओर से सभी प्रकार की आशिषों की निश्चयता देती है।
अगर इन शब्दों को किसी निर्धन व्यक्यी ने लिखा होता, तो आपको यह संदेह करने का औचित्य होता है कि उसने अमीरों की शानदार जीवनशैली से अपनी ईर्ष्या के कारण धन की आलोचना की। आप ठीक ही उसके शब्दों को नज़रअंदाज़ या अनदेखा कर सकते हैं, क्योंकि आपको पता रहता है कि उसे पैसों का कोई अनुभव नहीं रहा है। किन्तु, यहाँ इन शब्दों को राजा सुलैमान ने लिखा है जो इस्राएल के राजाओं में सबसे अमीर राजा था। और इस ज्ञान को लिखने के लिए उसे खुद उसके परमेश्वर यहोवा ने प्रेरित किया।
सुलैमान ने तुलनाओं के माध्यम से बुद्धि और ज्ञान सिखाया। उसने कहा, “अन्याय के बड़े लाभ से, न्याय से थोड़ा ही प्राप्त करना उत्तम है” (नीतिवचन 16:8)। उसके पिता दाऊद ने सिखाया, “धर्मी का थोड़ा सा धन दुष्टों के बहुत से धन से उत्तम है” (भजन 37:16)। संसार, शैतान और आपकी अपनी शरीर-वासना इस सलाह को मानने से इनकार करते हैं, क्योंकि ये चीजें आपको लालच और लोभ बेचना चाहते हैं। क्या परमेश्वर, दाऊद और सुलैमान की गवाही इस नीतिवचन पर विश्वास करने के लिए काफ़ी है?
जो अपने धन पर भरोसा रखता है वह गिर जाता है। वह क्या करेगा जब उसे पता चलेगा कि वह अभी भी तृप्त नहीं है, बल्कि वह और भी अधिक पाना चाहता है (सभोपदेशक 5:10)? जब उसे पता चलेगा कि उसके खर्चे उसकी कमाई जितने ही तेजी से बढ़ गए हैं (सभोपदेशक 5:11)? जब उसे पता चलेगा कि उसकी पत्नी को गुजारा भत्ता के रूप में उसे बहुत बड़ी रकम चुकानी है? जब सरकार टैक्स का बोझ बढ़ा देती है? जब उसे पता चलता है कि उसके बच्चे मूर्ख हैं और उसकी विरासत उन्हें मिलते ही वे उसे बरबाद कर देंगे?
जब डॉक्टर कहे, “तुम्हें कैंसर है; हम कुछ नहीं कर सकते” तब आप क्या करेंगे? क्या आप एक लाइलाज बीमारी को ठीक करने के लिए सब कुछ खर्च कर सकते हैं? क्या आप मरने से पहले दर्द को कम करने के लिए मॉर्फिन खरीदेंगे? क्या आप जीवन बीमा खरीदेंगे जो असंभव रूप से महंगा होगा? क्या आप किसी दरगाह में जाएंगे या कैथोलिक लुर्द-माता के सामने मोमबत्तियाँ ज़लाएंगे? क्या आप ऐसा खाना खरीदेंगे जिसका आप आनंद नहीं ले सकते? या आप आखिरकार उस जीवित परमेश्वर पर भरोसा रखेंगे, जो धर्मी लोगों को उनकी बिमारियों के बावजूद थामें रखता है (भजन 41:1-3)?
यीशु ने धन पर भरोसा करने के भयानक परिणामों को दिखाने के लिए जिन दो अमीर लोगों के उदाहरण दिएँ उन पर विचार करें। एक हर दिन ऐशोआराम की ज़िन्दगी जी रहा था और मस्त-मस्त पकवान खाता था, लेकिन जब वह मरा तो वह नरक में चला गया, जबकि उसके द्वार पर पड़ा रहने वाला बेसहारा और बीमार भिखारी स्वर्ग चला गया (लूका 16:19-25)। एक दुसरे उदारहण में एक धनवान बड़े घमण्ड से अपनी बढ़ी हुई संपत्ति को संग्रहीत करने के लिए बड़े खलिहान बनाने की योजना बना रहा था, लेकिन परमेश्वर ने उसे मूर्ख कहा, और पूछा कि उसकी संपत्ति किसे मिलेगी, क्योंकि उसे उसी रात मरना था (लूका 12:15-21)।
रूपया-पैसा होना पाप नहीं है, क्योंकि बाइबल में महान लोग धनवान थे, पाप है धन पर भरोसा रखना (भजन 62:10)। यह महत्वाकांक्षा और धन की चाहत ही है जो घातक है (नीतिवचन 23:4-5; 1 तीमुथियुस 6:6-11)। ऐसे लोगों का बदलना मानवीय रूप से असंभव है (मरकुस 10:21-27)। वे मृत्यु की परवाह किए बिना मूर्खतापूर्वक अपने धन पर भरोसा करते हैं (भजन 49:6-14)। केवल परमेश्वर का अनुग्रह ही ऐसे मूर्ख को बचा सकता है जो एक मूर्तिपूजक के समान धन की अपनी लालसा और उसका पीछा करने के लिए परमेश्वर को नकारता है (अय्यूब 31:24-28)।
भविष्यवक्ता आगूर ने परमेश्वर से प्रार्थना की कि वह उसे गरीबी और धन से दोनों से सुरक्षित रखे (नीतिवचन 30:7-9)। धन प्राप्त करना और फिर उसे सम्भालना कष्टदायक है, और आप इसे अपने साथ नहीं ले जा सकते (सभोपदेशक 5:10-12; 1 तीमुथियुस 6:7-8)। धर्मी लोग परमेश्वर को प्रथम और काम-धन्दे को दूसरे स्थान पर रखते हैं (मत्ती 6:24,33)। वे जानते हैं कि संतोषसहित भक्ति ही सफलता का सही मापदंड है (1 तीमुथियुस 6:6)। जब धन बढ़ता है, तो वे इसे परमेश्वर की महिमा और लोगों के लिए खर्च करते हैं (प्रेरितों 4:34-37; I तीमुथियुस 6:17-19)।
धर्मीजन एक ऐसी शाखा के समान है, जो अपने उद्धारकर्ता परमेश्वर से मजबूती से जुड़ा हुआ रहता है (यूहन्ना 15:5)। वह सभी चीजों के लिए परमेश्वर पर भरोसा करता है, और वह हमेशा समृद्ध होता है (भजन 1:1-6; यिर्मयाह 17:7-8)। एक पत्ते और एक शाखा में कितना अंतर है! पत्ता तो केवल एक मौसम तक ही रहता है, और फिर वह लुप्त हो जाता है। परन्तु शाखा, भले ही वह जीवन की सर्दियों के दौरान बिना पत्तो के नग्न दिखती हो, फिर से अंकुरित होगी और खिलेगी, पहले से भी अधिक ऊँचाई तक पहुँचेगी, जब तक कि उसे परमेश्वर की उपस्थिति में प्रत्यारोपित नहीं किया जाता।
उद्धार और विश्वास ही है जिससे इन्सान के जीवन में फ़र्क पड़ता है। अनंत जीवन पाए हुए व्यक्ति के पास वह सब कुछ है जो असल में मायने रखता है। वह परमेश्वर द्वारा जगत की उत्पत्ति से पहले चुन लिए जाने और नए जन्म के द्वारा परमेश्वर की संतान बन जाता है, और परमेश्वर ने उसे भरपूर विश्वास, आनन्द, शांति और आशा दी है (2 थिस्सलुनीकियों 2:13; रोमियों 15:13)। इस धर्मी जन को जो दुनिया की नज़र में निर्धन और बेकार है, आनन्दित होना चाहिए (याकूब 1:9; भजन 73:18-28)। दूसरी ओर, एक अमीर और प्रसिद्ध व्यक्ति अपनी कमज़ोरी के कारण बीमार पड़ जाता है, फिर उसे कब्र में और उसके बाद नरक में डाल दिया जाता है। अगर संभव होता, तो वह आपको चेतावनी देने के लिए चिल्लाता कि धन के बजाय परमेश्वर और उसकी बातों के लिए महत्वाकांक्षी बनो।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।