नीतिवचन 11:27

जो यत्न से भलाई करता है वह दूसरों की प्रसन्नता खोजता है, परन्तु जो दूसरे की बुराई का खोजी होता है, उसी पर बुराई आ पड़ती है।

आपके लक्ष्य क्या हैं? आपकी क्या प्रतिष्ठा है? आपका जीवन दूसरों को किस प्रकार प्रभावित करता है? यदि इन तीनों प्रश्नों का उत्तर भलाई करना और दूसरों की प्रसन्नता खोजना है, तो आप परमेश्वर और मनुष्य का धन्य अनुग्रह प्राप्त करेंगे (लूका 2:52)। यदि उत्तर स्वयं की सेवा करना और दूसरों के लिए परेशानी पैदा करना है, तो निश्चित ही आपको परमेश्वर और मनुष्य की ओर से दंड मिलेगा (भजन संहिता 7:15-16; 9:15-16)।

यह नीतिवचन हमारे सामने या तो सफलता प्रस्तुत करता है या समस्या। आप किसका चुनाव करेंगे? मुख्य बात यह है कि आप दूसरों के साथ कैसा बर्ताव करते हैं। यदि आप मनुष्यों के प्रति भले हैं; तो आप आशीषित होंगे। दाऊद और पतरस ने इस प्रकार लिखा, “वह कौन मनुष्य है जो जीवन की इच्छा रखता और दीर्घायु चाहता है ताकि भलाई देखे? अपनी जीभ को बुराई से रोक रख, और अपने मुँह की चौकसी कर कि उससे छल की बात न निकले, बुराई को छोड़ और भलाई कर; मेल को ढूंढ और उसी का पीछा कर। यहोवा की आंखे धर्मियों पर लगी रहती है, और उसके कान भी उनकी दोहाई की ओर लगे रहते हैं। यहोवा बुराई करने वालों के विमुख रहता है” (भजनसंहिता 34:12-16; 1 पतरस 3:10-12)।

यदि आप स्वार्थी हैं या दूसरों को आहत करते हैं, यदि आप आलोचनात्मक या नकारात्मक हैं, यदि आप कटु या ईर्ष्यालु हैं, या यदि आप कलह फैलाते हैं या दूसरों को परेशान करते हैं, तो आपका जीवन पीडाओं और संकटों से भरा रहेगा। यह कितना सरल है। जैसा कि यह कहावत कहती है, “जो बोओगे, वही काटोगे।” दाऊद ने इस प्रकार लिखा, “दुष्टों के अहंकार के कारण दीन मनुष्य खदेड़े जाते हैं; वे अपनी ही निकाली हुई युक्तियों में फंस जाएँ” (भजन संहिता 10:2)। आपको बेनकाब और दंडित किया जाएगा (नीतिवचन 11:29; 26:17-28)।

पाठक गण! स्वयं को यह कहकर तसल्ली न दें कि आप दूसरों के साथ गलत नहीं करते हैं; कि आप अपने तक ही सीमित रहते हैं और उन्हें अपना जीवन जीने देते हैं। आप कभी भी आशीषित नहीं होंगे। परमेश्वर और मनुष्य का अनुग्रह उन लोगों पर होता है जो “यत्न से भलाई करते हैं”। आनंद से भरे दिनों के साथ एक अद्भुत जीवन केवल उन लोगों के लिए है जो यत्न से दूसरों की सहायता और सेवा करते हैं। अकेले रहने और दूसरों को परेशान न करने के लिए अपनी पीठ न थपथपाएं। यदि आप एक सेवक नहीं हैं, तो आपका जीवन व्यर्थ है।

यह बुद्धिमत्तापूर्ण सीख बौद्धिक अभ्यास के लिए नहीं है। यह जीवन में आशीष और अनुग्रह प्राप्त करने के लिए है। अपने पड़ोसियों से प्रेम करना परमेश्वर की दूसरी आज्ञा है, लेकिन परमेश्वर इसके साथ एक प्रतिफल भी प्रदान करते हैं – आप परमेश्वर से और दूसरों से प्रेममयी अनुग्रह प्राप्त करेंगे, जो बहुत बहुमूल्य होता है (नीतिवचन 22:1)। “इसलिए जहाँ तक अवसर मिले हम सब के साथ भलाई करें, विशेष करके विश्वासी भाइयों के साथ” (गलातियों 6:10)। आपको अपने शत्रुओं के साथ भी भलाई करनी चाहिए (मत्ती 5:43-48)।

आप आज भलाई करने (सभोपदेशक 3:12) और सेवा करने (मरकुस 9:35; 10:44; गलातियों 5:13) के लिए जीवित हैं। आप इसलिए जीवित नहीं हैं कि आपके साथ अच्छा व्यवहार किया जाए या दूसरे लोग आपकी सेवा करने पाएँ। ऐसा सोचना एक मानसिक विकृति है! पौलुस ने चेतावनी दी कि भलाई करना न भूलें (इब्रानियों 13:2-16), क्योंकि दूसरों के प्रति आपकी भली सेवा न्याय के दिन याद रखी जाएगी (मत्ती 25:40, इब्रानियों 6:10)। इन आशीषों पर विचार करें (भजन संहिता 37:1-5; 23-28)।

आज आपके जीवन से कौन लाभ प्राप्त कर सकता है? आप शायद केवल अपने परिवार या बॉस को ही गिनेंगे; क्योंकि आप जो भलाई करते हैं वह असाधारण है और उसमें परिश्रम की आवश्यकता होती है। जीवन का वृक्ष बनें (नीतिवचन 11:30)! आप आज किसी के लिए क्या भलाई कर सकते हैं? सोचे और वही करें! अभी करें! इंतज़ार क्यों करना? आप स्वार्थी हो रहे हैं! जो कोई भलाई करना जानता है लेकिन नहीं करता, उसके लिये वह पाप है (याकूब 4.17)।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।