नीतिवचन 10:32
धर्मी ग्रहणयोग्य बात समझ कर बोलता है, परन्तु दुष्टों के मुँह से उलट फेर की बातें निकलती हैं।
बोलने से पहले सोचो। क्या आपके शब्द स्थिति के अनुकूल होते हैं? क्या आपकी बातें सुननेवालों को लाभ पहुंचाएगी और उन्हें प्रसन्न करेगी? एक धर्मी व्यक्ति जानता है कि क्या कहना है, कब कहना है और कैसे कहना है। वह सुनिश्चित करता है कि उसके शब्द और भाषण दूसरों के लिए ग्रहणयोग्य हो, और उसकी इस संवेदनशीलतापूर्ण सुध-बुध के कारण वे उससे प्यार करते हैं।
लेकिन एक दुष्ट व्यक्ति इसके विपरीत करता है – जो कुछ भी उसके उल्टे और मूर्ख मन में है, उसे वह अपने मुंह से आवेग के साथ उगल देता है। वह इस बात की परवाह नहीं करता कि दूसरे क्या सुनना चाहते हैं या उन्हें किन शब्दों की ज़रूरत है। उसके वचन दूसरों को ठेस पहुँचाते हैं, इसलिए वे उसे असभ्य और अप्रिय मानते हैं, और उससे बचते हैं।
आपके बात करने का तरीका आपके चरित्र का ढिंढोरा पीटता है। आपके बात करने का तरीका तय करता है कि आप कितने प्रभावशाली बनेंगे। आपके बात करने के तरीके से पता चलता है कि आपके कितने दोस्त हैं। जिस तरह से आप बात करते हैं वह न्याय के दिन में परीक्षा का मुख्य विषय होगा (मत्ती 12:36; इफि 5:3-7)।
बेशक, हर कोई सोचता है कि उसकी अपनी बोली अच्छी और सही है (नीतिवचन 21:2)। मानव-अभिमान और जन्मजात मूर्खता यह मानकर चलते हैं कि दूसरों को आपके बात करने का तरीका अच्छा लगता है, और आदम के प्रत्येक बच्चे में गर्व और मूर्खता कुटकुट कर भरे हैं। केवल परमेश्वर की दया, अनुग्रहपूर्ण वाणी और बुद्धि सीखने से, और जीभ पर सख्ती से लगाम रखने से ही मनुष्य ऐसे वचन बोलना सीख सकता है जो दूसरों के लिए ग्रहणयोग्य और लाभकारी हो।
मुँह के वचन सुनने वालों के लिए होते हैं – इसलिए यह उनकी अनुभूति और राय है जो मायने रखती है, आपकी नहीं। यह दूसरे हैं जो यह निर्धारित करते हैं कि आप जो कहते हैं वह ग्रहणयोग्य है या नहीं। यह जानना आपका कर्तव्य है कि वे आपसे क्या उम्मीद करते हैं, ताकि आप ग्रहणयोग्य वचन बोल सकें। अगर आपको लगता है कि व्यावहारिक होना कमजोरी या पापपूर्ण समझौता है, तो आप इतने मूर्ख और स्वार्थी हैं कि बुद्धि और समझ सिख ही नहीं सकते। पौलुस ने जितना संभव हो उतना यह सुनिश्चित किया कि वह किसी को ठेस पहुँचाने से बचे (1 कुरिन्थियों 9:19-23; 10:32-33)।
हालांकि आपको अपने मुंह के प्रत्येक शब्द से केवल परमेश्वर को प्रसन्न करना है, वह आपके मुंह के शब्द शब्द को मापता है कि यह दूसरों को किस प्रकार प्रसन्न करता है। कुटिल मुंह के लोग इस नियम से घृणा करते हैं, क्योंकि वे दूसरों की परवाह किए बिना अपने ही व्यक्तित्व का ढिंढोरा पीटना चाहते हैं। वे समझ जाते हैं कि दूसरे उनसे बचते हैं और उनसे नाराज होते हैं, इसलिए वे बहाना बनाते हैं और खुद को सही ठहराते हैं। लेकिन इस नीतिवचन में धार्मिकता का सच्चा स्तर है: दूसरे आपके बात करने के तरीके के बारे में क्या सोचते हैं? अगर लोग आमतौर पर आपसे बचते हैं, या आपके थोड़े ही दोस्त हैं, तो आपने सीखा ही नहीं है कि बात कैसे करते है।
उचित रीति से कहा हुआ वचन एक भली बात है (नीतिवचन 25:11)। जो मनुष्य अपने मुंह के शब्दों का उपयोग सुध-बुध में करता है वह चुम्बन का पात्र है, क्योंकि ग्रहणयोग्य वचन दुर्लभ और चित्त को प्रसन्न करनेवाले होते हैं (नीतिवचन 24:26)। अच्छा भाषण एक अद्भुत बात है (नीतिवचन 15:23,26; 16:13,24; 22:11; सभोपदेशक 12:10; कुल 4:6)। अपने मुंह से ग्रहणयोग्य वचन बोलना प्रत्येक पाठक का मुख्य लक्ष्य होना चाहिए – अर्थात् ऐसे वचन जो परमेश्वर और मनुष्य दोनों की दृष्टि में ग्रहणयोग्य हो (लूका 2:52)।
धर्मी मनुष्य सीखते हैं कि क्या उत्तर दूँ, परन्तु मूर्ख अपने मन और ह्रदय में बुराई ही उंडेलते हैं (नीतिवचन 15:28,2; 16:23; 13:16; 29:11)। हालांकि उत्तर देना सिखने में किसी भी मसले के सही तथ्यों की जानकारी, आवश्यक ज्ञान, और बुद्धिमानिपूर्ण प्रतिक्रिया शामिल होती है, फिर भी इस बात पर अच्छी तरह से विचार करें कि सिखने का अर्थ अपने दर्शकों को जानना और वे क्या स्वीकार्य मानते हैं यह जानना भी है (प्रेरित 17:22-31; 23:6)।
यीशु के अनुसार, तुम्हारे होंठ वही कहते हैं जो तुम्हारे मन में है (लूका 6:45)। धर्मियों का मन भली और ग्रहणयोग्य बातों से प्रीति रखता है, इसलिये उनके वचनों का चुनाव परमेश्वर और मनुष्यों को भाता है। परन्तु दुष्ट का हृदय दुष्ट और स्वार्थी होता है, इसलिए उसकी वाणी अप्रिय और कठोर होती है। हृदय परिवर्तन से ही उसकी वाणी में सुधार होगा। और केवल परमेश्वर ही मनुष्य के हृदय को नया जन्म देने के द्वारा उसे शैतान की शक्ति से छुड़ाकर बदल सकता है।
मसीही प्रेम, अर्थात् दूसरों से प्रेम करना, अनुचित या अशिष्ट व्यवहार नहीं करता (1 कुरिन्थियों 13:5)। यदि आप दूसरों से प्रेम करते हैं, तो आप उन्हें प्रसन्न करने के लिए अपनी वाणी के लहज़े में बदलाव करेंगे। आप सुनेंगे और देखेंगे कि क्या ग्रहणयोग्य और अच्छा है, और आप इसे स्वयं करना सीखेंगे। आप उन आदतों और शैलियों को जारी नहीं रखेंगे जिनसे लोगों को ठेस पहुँचती है, क्योंकि ऐसा करना स्वार्थी और घमण्ड से भरी घृणा है, जो पौलुस द्वारा इस अध्याय में परमेश्वर द्वारा दी गई प्रेम की ईश्वर-प्रेरित परिभाषा के विपरीत है।
मुंह के वचन उन तरीकों में से एक है जिनसे यीशु ने अपने पिता परमेश्वर की महिमा की। उसकी जीभ ने ज्ञान सिखा था, और वह जानता था कि थके हुए को सही समय पर क्या कहना है (यशायाह 50:4)। कठिन शिक्षाओं का प्रचार करते हुए भी, आम लोग यीशु को आनन्द के साथ सुनते थें (मरकुस 12:37)। नासरत के अपने गाँव में, उसके शत्रुओं ने उसके अनुग्रहपूर्ण भाषण पर आश्चर्य किया (लूका 4:22)। और उसे गिरफ़्तार करने के लिए भेजे गए अधिकारियों को भी यह समाचार देने विवश होना पड़ा, “किसी मनुष्य ने कभी ऐसी बातें नहीं कीं” (यूहन्ना 7:46)।
मुंह के वचन उन तरीकों में से एक है जिससे आप प्रभु यीशु मसीह की महिमा कर सकते हैं, क्योंकि भानेवाले शब्द उसके अनुग्रह और महिमा के लिए एक सुंदर गवाही होंगे (कुलुस्सि 4:6)। इस संसार से आप बहुत ही भिन्न दिखाई देंगे, क्योंकि वे गन्दी और मूर्खता की बातें करने, और ठट्ठा करने के दोषी हैं, जिस कारण शीघ्र ही उन पर परमेश्वर का न्याय आ पड़ेगा (इफिसियों 5:3-7)। प्रत्येक पाठक ग्रहणयोग्य बातें बोलना सीखें।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।