नीतिवचन 10:15
धनी का धन उसका दृढ़ नगर है, परन्तु कंगाल की निर्धनता उसके विनाश का कारण हैं।
धन हर विपत्ति का उत्तर होता है! ये शब्द किसने कहे थे? ये प्रचारक सुलैमान ने कहे थे (सभोपदेशक 10:19)। क्या यह सत्य है? हाँ, ये सत्य है, क्योंकि धन कई विपत्तियों का समाधान कर सकता है और कई चीज़ें हल कर सकता है। सुलैमान ने यह भी कहा है कि धन विपत्तियों से बचाव करता है (सभोपदेशक 7:12)।
धनी लोग जानते हैं कि वे धन के द्वारा अधिकांश विपत्तियों से बाहर निकल सकते हैं, इस कारण वे अपनी सुरक्षा और सहायता के स्रोत के रूप में धन पर भरोसा करना सीख लेते हैं (नीतिवचन 18:11)। वे अपनी ही क्षमताओं में अभिमानी हो जाते हैं और परमेश्वर को भूल जाते हैं, क्योंकि उन्हें फिर उसकी कोई आवश्यकता या उस पर कोई निर्भरता नहीं होती। धनी लोग प्रार्थना नहीं करते, क्योंकि उन्हें लगता है कि वे अपनी आर्थिक सामर्थ्य के द्वारा स्वयं को बचा सकते हैं।
निर्धन लोग स्वयं को विपत्ति से बाहर नहीं निकाल पाते। जब खर्चे बढ़ जाते हैं, तो उनके पास स्वयं के लिए कोई बचाव नहीं होता, और वे नष्ट हो जाते हैं। वे आत्मविश्वास खो देते हैं, हताश और भयभीत हो जाते हैं, और धनी लोगों के पास जो कुछ है उसे पाने या चुराने के लिए प्रलोभित हो जाते हैं। निर्धन लोग भी प्रार्थना नहीं करते, क्योंकि उन्हें अपनी विपत्ति से छुटकारा पाने की कोई उम्मीद ही नहीं होती, इसलिए वे अक्सर इन मामलों को स्वयं हल करने का प्रयास करते हैं।
निर्धनों के लिए मित्र बनाना और मित्रता बनाए रखना भी बहुत कठिन होता है (नीतिवचन 14:20; 19:4,7)। यह कितना दुखित जीवन है! परंतु धनी लोगों के कई मित्र होते हैं (नीतिवचन 19:6)। इनका जीवन कितना धन्य है! सावधान, प्रिय पाठक, इनमें से कोई भी परिस्थिति आदर्श नहीं है। निर्धनता और समृद्धि, दोनों के अपने-अपने नुकसान होते हैं।
इन दो चरम सीमाओं के कारण, जो कि दोनों ही पाप की ओर ले जाते हैं, बुद्धिमान आगूर ने यह प्रार्थना की थी कि परमेश्वर उसे धन और निर्धनता दोनों से बचाए रखे (नीतिवचन 30:7-9)। उसने मध्यम आर्थिक सफलता को ही अपना लक्ष्य बनाया, अर्थात उसके लिए एक सुविधाजनक धनराशि ही पर्याप्त थी। वह जानता था कि धन परमेश्वर के विरुद्ध घमंड की ओर ले जा सकता है, और निर्धनता चोरी के लिए मजबूर सकती है।
क्या आप केवल मध्यम सफलता से संतुष्ट हो सकते हैं? क्या आप उससे संतुष्ट होंगे? यदि आप अपनी आत्मा से प्रेम करते हैं, तो यह आपके लिए पर्याप्त से भी कहीं अधिक होगा। क्या आप अपने भाग में केवल परमेश्वर के साथ शांतिपूर्वक संतुष्ट रह सकते हैं (भजन संहिता 73:25-26; उत्पत्ति 15:1; इब्रानियों 13:5-6)? क्या आप इससे संतुष्ट होंगे? यह एक आत्मिक पूर्णता का माप है।
जब धनी लोग आत्मा में निर्धन हो जाते हैं (मत्ती 5:3) और जब निर्धन विश्वास में धनी हो जाते हैं (याकूब 2:5), तो यह पवित्र बुद्धि और अनंत विवेक कहलाता है। क्या ये आपकी आत्मा के लिए सबसे महत्वपूर्ण माप हैं? क्या यही आपकी महत्वाकांक्षा और लक्ष्य है? ये चीज़ें ही असल सफलता का मापदंड होती हैं।
एक सशक्त नगर सुरक्षा का स्थान होता था, विशेष रूप से सुलैमान के दिनों में (2 इतिहास 11:5)। धनी लोग अपने धन पर उसी प्रकार भरोसा करते हैं जिस प्रकार नगर के लोग उसकी ऊंची और मज़बूत दीवारों पर करते थे। परंतु प्रभु ही आपकी एकमात्र ढाल (भजन संहिता 7:10; 62:2,6), गढ़ (भजन संहिता 9:9; 94:22), चट्टान (भजन संहिता 71:3; 91:2), और ऊंचा स्थान (भजन संहिता 18:2; 144:2) होना चाहिए। उस पर भरोसा रखें! ऐसी कई विपत्तियाँ अवश्य आएंगी जिनसे धन भी आपको नहीं बचा सकता, जैसे कि मृत्यु।
धन पर भरोसा न करें। यदि धन में वृद्धि होती है, तो उस पर अत्याधिक ध्यान न दें (भजन संहिता 62:10)। अय्यूब को याद करें, कि कैसे प्रभु ने एक ही दिन में उससे सब कुछ छीन लिया था। धन पंख लगाकर उड़ जाता है (नीतिवचन 23:4-5), और चोर सेंध लगाकर चोरी करते हैं (मत्ती 6:19)। अय्यूब ने स्वयं को इसी कारण कोसा था कि उसने धन को अपनी आशा या भरोसा बनने दिया था (अय्यूब 31:24-25)। धन पर भरोसा न करें।
धनी बनने की इच्छा रखना एक मूर्खतापूर्ण महत्वाकांक्षा और एक भयावह अभिशाप है। धन को अपना लक्ष्य बनाकर, व्यक्ति को दर्द और मृत्यु को अपनाना पड़ता है। धन की इच्छा करना सभी प्रकार की दुष्टता की जड़ है, और यह लोगों को विनाश और तबाही में डुबो देती है। कई लोगों ने अपने विश्वास को त्यागकर धनी बनने की इच्छा में, स्वयं को कई दुखों से छलनी कर लिया है (1 तीमुथियुस 6:6-10)। अमेरिकी लोगों के हृदय में धन से प्रेम करने के प्रति घृणा होनी चाहिए। लूत, बिलाम, आकान और गेहजी को बाइबल के उन उदाहरणों के रूप में स्मरण रखें जो धनी बनने की इच्छा में स्वयं पर बहुत सी विपत्तियाँ ले आए। धनी बनने के बारे में विचार भी न करें।
यीशु मसीह की उपेक्षा करने और धन को अधिक महत्व देने के द्वारा कई मनुष्यों ने परमेश्वर के राज्य को खो दिया था, जिस कारण परमेश्वर ने अपने चेलों को यह कहा था कि एक ऊँट का सुई के छेद से निकल जाना, एक धनी के स्वर्ग के राज्य में प्रवेश करने से कहीं अधिक सरल है (मरकुस 10:17-27)। हो सकता है धन आपको अपने बच्चों के दाँतों को सीधा करने के लिए उन पर तार लगाने में सहायता करे, परंतु यह आपको स्वर्ग के राज्य से वंचित भी कर सकता है। हे प्रभु, दया करें।
न्याय के दिन, धन और सफलता आपकी सहायता नहीं कर पाएंगे, जैसा कि उन दो धनी लोगों को भी समझ आ गया था (लूका 12:13-21; 16:19-31)। और आप उसमें से कुछ भी अपने संग नहीं ले जा पाएंगे (1 तीमुथियुस 6:7; अय्यूब 1:21)। आप चाहें तो अपने धन पर भरोसा कर सकते हैं, परंतु उससे आप अपनी या किसी और की आत्मा को बचा नहीं पाएंगे (भजन संहिता 49:6-9)। परमेश्वर के क्रोध के दिन, केवल धार्मिकता ही आपकी सहायता करेगी, न कि आपका धन (नीतिवचन 10:2; 11:4)।
असल सफलता का अर्थ धार्मिक जीवन जीना और जो आपके पास है, उसी में संतुष्ट रहना होता है (1 तीमुथियुस 6:6)। इस पर विचार करें। कई लोग उन चीज़ों से प्राप्त हुए आनंद और संतुष्टि को, जो उनके पास है, उन चीज़ों के लिए परेशान होकर बरबाद कर देते हैं, जो उनके पास नहीं हैं। यहाँ असल सुख और एक संतुष्ट जीवन जीने का महातपूर्ण ज्ञान दिया गया है। यह एक व्यवाहारिक ज्ञान है, और जान लें कि एक पापी स्वभाव कभी संतुष्ट नहीं होता (फिलिप्पियों 4:11)। परंतु आप आज ही संतुष्ट रहने का चुनाव करें, क्योंकि यह निर्णय आपके जीवन में सुख और सफलता लाएगा।
यदि आप धनी हैं, तो अपने धन पर घमंड न करें, बल्कि घमंड इस बात पर करें कि आप प्रभु को जानते हैं (यिर्मयाह 9:23-24)। यह किसी बैंक के खाते से कहीं अधिक विशाल खज़ाना है (2 कुरिन्थियों 9:15)। दाऊद धनी था, परंतु उसने परमेश्वर के वचन को सभी उत्तम सोने से भी अधिक मूल्यवान जाना (भजन संहिता 19:10)। अपना धन दूसरों को दान करने के लिए तत्पर रहें, ताकि आप अनन्त जीवन प्राप्त कर सकें और आने वाले समय के लिए एक अच्छी नींव रख सकें (1 तीमुथियुस 6:17-19; मत्ती 25:31-46)।
यदि आप निर्धन हैं, तो याद रखें कि परमेश्वर ने इस संसार के निर्धनों को विश्वास में धनी होने के लिए चुना है (याकूब 2:5)। उसने कई धनी और सफल लोगों को स्वर्ग में प्रवेश करने के लिए नहीं बुलाया है (1 कुरिन्थियों 1:26-29)। उनमें से अधिकांश लोग न्याय के दिन यह जानकर आश्चर्यचकित होंगे कि परमेश्वर ने उनका तिरस्कार किया है। परंतु यदि आप यहाँ निर्धन हैं, तो आपके पास महिमा के रूप में अकथित और अकल्पनीय संपत्ति होगी (1 कुरिन्थियों 2:9; यूहन्ना 14:2)।
इस सीख का सारांश क्या है? इसे याकूब ने बेहतरीन ढंग से यों वर्णित किया है,”दीन भाई अपने ऊँचे पद पर घमण्ड करे, और धनवान अपनी नीच दशा पर” (याकूब 1:9-10)। यह चुनाव सुसमाचार के तथ्यों और वायदों पर आधारित है। मसीह पर भरोसा करने वाला एक निर्धन व्यक्ति सचमुच एक राजा और याजक है, जिसके पास वह अनंत धरोहर है जो सबसे धनी व्यक्ति की कल्पना से भी परे है। एक धनी व्यक्ति यह एहसास करने के द्वारा शांत, विनम्र, और सहायक बन सकता है कि उसकी वास्तविक धन-संपत्ति, उसके पैसे में नहीं, बल्कि यीशु मसीह के लहू से मोल ली गई आत्मिक आशीष में है।
प्रिय पाठक, क्या आप सम्पूर्ण संसार में भाग्य के सबसे बड़े रूपांतरण के विषय में जानते हैं? हॉलीवुड ने शायद इन शब्दों पर किसी फिल्म का नाम भी आधारित किया है, परंतु पवित्रशास्त्र यों कहता है:
“तुम हमारे प्रभु यीशु मसीह का अनुग्रह जानते हो, कि वह धनी होकर भी तुम्हारे लिये कंगाल बन गया ताकि उसके कंगाल हो जाने से तुम धनी हो जाओ” (2 कुरिन्थियों 8:9)।
प्रिय पाठक, परमेश्वर से प्रार्थना करें कि वह आपको यहीं और अभी की खुशहाल चीज़ों में संतुष्ट रहने में सहायता करे, और साथ ही साथ आपको ऐसी विश्वासपूर्ण आंखें भी दे जिससे आप उस बहुतायत को देख सकें, जो परमेश्वर के साथ अनंत काल के लिए स्वर्ग में आपकी प्रतीक्षा कर रही है।
नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।