नीतिवचन 10:14

बुद्धिमान लोग ज्ञान को रख छोड़ते हैं, परन्तु मूढ़ के बोलने से विनाश निकट आता है।

बुद्धिमान लोग कुछ भी बोलने से पहले वस्तुस्थिति को समझते हैं और उसी से सम्बंधित ज्ञान संग्रहीत करते हैं। परन्तु मूर्ख वस्तुस्थिति को समझें बिना ही बिना किसी ज्ञान के अपनी राय देना शुरू कर देते हैं, उनके दिमाग बिलकुल खाली हैं। यहां एक बुद्धिमान व्यक्ति और मूर्ख के बीच साफ़ साफ़ फ़र्क बताया जा रहा है – बुद्धिमान जानता है कि वह किस बारे में बात कर रहा है, और मूर्ख अज्ञानतावश कुछ भी बडबडाता है।

आपने दोनों ही प्रकार के व्यक्तियों को देखा और सुना है। बुद्धिमान व्यक्ति बोलने से पहले संयम रखता है और बोलने में सावधान रहता है। वह अपने दावों में सतर्क रहते हैं, अपनी सम्मति पर विचार-विमर्श करते हैं और अपनी वाणी में संयम रखते हैं। मूर्ख को सिर्फ़ बातें करना अच्छा लगता है। वह एक के बाद एक तुरंत वाक्यों को बोलता है, और मुश्किल से रुकता है, साँस लेने के लिए भी नहीं। जब वह मण्डली में होता है, तब बातें करने में वही सब पर हावी रहता है, क्योंकि वह अपने मुंह से शब्दों को बाहर निकालता रहता है।

बुद्धिमान लोग अपने विवेक और बातें करने में धीमें होने के कारण सुरक्षित रहते हैं (नीतिवचन 15:2; 16:23; 20:5)। एक बुद्धिमान व्यक्ति से जब कोई प्रश्न पूछा जाता है, तो वह उत्तर देने से पहले हालात को समझना चाहेगा, जब तक कि वह उस विषय पर अपने ज्ञान के बारे में निश्चित न हो (नीतिवचन 15:28; 24:26; 25:11; 29:11)। वह वह सब कुछ सीखने के लिए खुद को अनुशासन में रखता है जो उसे कहना है, और केवल तभी वह इसे दूसरों को बताता है (नीतिवचन 1:5; 9:9; 18:1,15)।

मूर्ख, जो अपने शब्दों की ध्वनि को मधुर समझते हैं, बड़ी बड़ी मुसीबतों में पड़ जाते हैं। वे वित्तीय लेन-देन में ज़रूरत से ज्यादा वादे करते हैं (नीतिवचन 6:1-5); वे किसी भी विवादों में बिना तथ्यों को जाने पड़ जाते हैं (नीतिवचन 25:8); वे दूसरों के बारे में मूर्खतापूर्ण ढंग से कानाफूसी करते हैं (नीतिवचन 25:9-10); वे समय से पहले ही अपने सारे मन की बात खोल देते हैं (नीतिवचन 29:11); और ये तो उनकी केवल कुछ ही खामियां हैं। भले ही उनको कुछ भी ज्ञान न हो, फिर भी वे बहुत अधिक बातें करते हैं। उनके शब्दों की बहुतायत से आप जान सकते हैं कि वे मूर्ख हैं, और वे जल्द ही अज्ञानता के कारण नष्ट हो जाते हैं।

बुद्धिमान लोग ज्ञान का संचय करते हैं और ज़रूरत पड़ने पर उसे दूसरों के कल्याण के लिए उंडेल देते हैं; मूर्ख लोग सिर्फ खाली शब्द बाँटते फिरते हैं। बुद्धिमान लोग अध्ययन करते हैं; मूर्ख सिर्फ़ बोलते हैं। बुद्धिमान लोग सत्य को लेकर गम्भीर होते हैं; मूर्ख सिर्फ़ अपनी बात दूसरों को सुनाने के लिए उत्सुक रहते हैं। बुद्धिमान लोग सुनने में तेज और बोलने में धीमे होते हैं; मूर्ख सुनने में धीमे और बोलने में तेज़ होते हैं। बुद्धिमान लोग मूर्खों से घृणा करते हैं। बुद्धिमान लोग परमेश्वर और मनुष्यों के अनुग्रह में बढ़ते हैं; मूर्खों को दोनों ही तुच्छ समझते हैं और ठुकरा देते हैं।

इसलिए, प्रिय पाठक, अपने मुँह के मामले में बुद्धिमान व्यक्ति बनें, और आप सफ़ल होंगे। आप कम बोलना और अधिक सुनना सीखें (नीतिवचन 17:27-28; याकूब 1:19)। अपनी वाणी को संयमित रखने पर ज़ोर दें (नीतिवचन 15:28; 22:17-21)। सुनिश्चित करें कि आप उत्तर देने से पहले स्थिति को समझ लेते हैं (नीतिवचन 18:13; यूहन्ना 7:24)। उसके बाद आप यह भी सुनिश्चित करें कि आपके मुँह का प्रत्येक शब्द अवसर के अनुसार ही हो (नीतिवचन 15:23; 25:11)। और प्रत्येक शब्द को विनम्रता के साथ रखें, यदि सुनने वालों के लिए आवश्यक हो तो केवल एक चुटकी नमक का उपयोग करें, अर्थात्, आपकी बातें नमकीन हो (कुलुस्सियों 4:6)।

स्वर्ग का पवित्र परमेश्वर मनुष्यों का न्याय उनके शब्दों के अनुसार करने आ रहा है (मत्ती 12:37)। आपको अपने प्रत्येक व्यर्थ शब्द का हिसाब देना होगा – अर्थात उन शब्दों का जिन्हें आपने बिना अध्ययन या बिना कारण के बोले हैं (मत्ती 12:36)। और वह मूर्खतापूर्ण बातचीत और मज़ाकबाज़ी से नफरत करता है, जो इस पीढ़ी का मुख्य लक्षण है (इफि 5:3-7)। क्या आप इस न्यायाधीश से मिलने के लिए तैयार हैं? ” मेरे मुँह के वचन और मेरे हृदय का ध्यान तेरे सम्मुख ग्रहण योग्य हों, हे यहोवा परमेश्वर, मेरी चट्टान और मेरे उद्धार करनेवाले” (भजन 19:14)।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।