नीतिवचन 1:29

क्योंकि उन्होंने ज्ञान से बैर रखा, और यहोवा का भय मानना न चुना;

परमेश्वर आपकी प्रार्थनाएं सुनने के लिए बाध्य नहीं है (नीति 1:24-28)। जैसा कि कई लोग मानते हैं, वह आपके इशारे पर काम नहीं करता है। यदि आप बुद्धि के उसके वरदान की उपेक्षा करते हैं या ठुकरा देते हैं, तो उसने प्रतिज्ञा की है कि जब आप मदद के लिए गुहार लगाएंगे तब वह आपकी पुकार पर ध्यान न देगा और आपकी दुष्टता आप ही के सिर पर लौटा देगा (नीति 1:30-32; भजन 66:18)।

यदि आप बाइबल के महान परमेश्वर, यहोवा परमेश्वर के ज्ञान और भय की अवहेलना करते हैं, तो आप कुलीन स्त्री रुपी बुद्धि को अपना शत्रु बना लेते हैं। वह आपकी आनेवाली विपत्तियों पर हँसेगी। यदि आप इस परमेश्वर को नहीं जानते हैं, तो आप बाइबल के परमेश्वर को नहीं जानते हैं।

कुलीन स्त्री के रूप में बुद्धि बातें कर रही है (नीति 1:20-33)। वह मनुष्यों के सामने परमेश्वर की बुद्धि के वरदान का प्रतिनिधित्व करती है। वह उसके द्वारा रचे आकाश और पृथ्वी की सृष्टि में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है (भजन 19:1-6; रोम 1:20)। मनुष्यों के प्रति उसकी अनुग्रहकारी देखभाल से इसकी पुष्टि होती है (मत्ती 5:45; प्रेरितों के काम 14:17)। और उसने इसे लिखित रूप में प्रकट किया और लोगों को इसका प्रचार करने के लिए भेजा (व्यवस्थाविवरण 29:29; यिर्म 3:15; कुल 1:28-29)। यदि आप इतने व्यस्त हैं या इतने विद्रोही हैं कि आप इस बुद्धि के सामने अपने आप को नम्र नहीं कर सकते, तो वह आज से आपकी शत्रु है।

यहाँ जिस ज्ञान से बैर रखा जा रहा है, वह कौन-सा ज्ञान है (नीति 1:22)? यह बाइबल के पवित्र परमेश्वर का ज्ञान है, यह समझ का आरम्भ है (नीति 2:5; 9:10; 30:3)। यह माता-पिता, शिक्षकों और पस्टरों की शिक्षा है जो आपके जीवन के लिए परमेश्वर की इच्छा को परिभाषित करती है (नीति 12:1; 15:14; 18:15; 19:27; 22:17; 23:12)। यह बाइबल की धर्मशिक्षा ही है जो वर्णन करती है कि परमेश्वर क्या है और कौन है, उसने मनुष्यों के लिए क्या किया है, और उन्हें उसके लिए क्या करना चाहिए (भजन 119:66; 2 तीमु: 3:16-17)।

यहोवा का भय क्या है? यह यहोवा परमेश्वर का श्रद्धापूर्ण और आदरयुक्त भय और उसके प्रति भक्तिपूर्ण प्रेम है जो लोगों को पाप से बैर रखने, धार्मिकता से प्रीति रखने, और उसमें तथा उसके मार्गों में आनंदित होने की ओर ले जाता है (नीति 8:13; 14:27; 16:6; भजन 111:10; सभो 12:13-14)। यह मनुष्य को विवश करता है की वह अपने स्वयं के मूर्खता से भरे मनों को और दूसरों के व्यर्थ विचारों को तुच्छ जाने (2 इति 19:7-9; दानि 3:16-18; इब्रा 5:7)। यह चरित्र के लिए एक ऐसा सहारा और एक ऐसी बुनियाद प्रदान करता है जिससे कि मनुष्य बुराई से समझौता करने से बच जाए (उत्पत्ति 42:18; निर्गमन 18:21)।

मनुष्य ज्ञान से कैसे बैर रखते हैं? क्या यह सूचना युग अर्थात् इनफार्मेशन और तेक्नोलोजी का युग नहीं है, जहां मनुष्य ज्ञान और विद्या से प्रेम करते प्रतीत होते हैं? वे जिस ज्ञान से प्रीति रखते हैं, वह केवल उनका अपना अभिमत या उनके जैसे अन्य लोगों के अभिमत होते हैं। वे परमेश्वर के अस्तित्व का, सभी बातों के मूल के रूप में सृष्टि का, मानव आचरण के लिए परम-सिद्धांत का, अनंतकाल के दण्ड आदि बातों का इन्कार करते हैं। जिसे वे विज्ञान कहते हैं, परमेश्वर उसे घिनौना और बुढ़ियों की दंतकथाएं कहता है (भजन 49:6-13; 94:11; 1 तिमु 4:7; 6:20)!

वे कैसे यहोवा का भय नहीं चुनते? वे परमेश्वर पर प्रेम करने के बजाय सुख-विलास से प्रेम करना चुनते हैं, और वे उसे अपने जीवन में केवल एक मामूली स्थान देते हैं। वे अपने मनों और जीवन के साथ सत्य से उपासना करने के स्थान पर कर्म कांडों, विधियों, और भक्ति के एक बाहरी रूप के साथ आराधना करते हैं (2 तीमु 3:4-5)। वे ऐसे पास्टरों को चुनते हैं जो भावनाप्रधान धर्म की कथा-कहानियां सुनकर उनका दिल बहलाएंगे (2 तीमु: 4:3-4)। क्योंकि वे उसकी आराधना करने के लिए इस आधुनिक पैतारें का चुनाव करते हैं, इस कारण परमेश्वर उनके मन अंधकारमय कर देगा और उन्हें भ्रमित कर देगा (यशा 29:13-14)। वह उनकी प्रार्थनाएं नहीं सुनेगा; बल्कि वह उनका न्याय करेगा।

क्या आप ज्ञान से बैर रखनेवाले मनुष्यों की कल्पना नहीं कर सकते? गौर कीजिए कि बौलीवुड में नैतिकता के प्रति कितनी नफरत है! कुछ संस्थाएं परमेश्वर द्वारा सृष्टि की उत्पत्ति किये जाने से बैर रखती हैं! कुछ संस्थाएं मानव जीवन और स्त्री-पुरुष समानता के लिए काम करते हैं, कुछ संस्थाएं परमेश्वर और बाइबल से बैर रखती हैं, कुछ संस्थाएं रविवार के दिन खेलकूद और परीक्षाएं रखती हैं ताकि मसीही जवान और बच्चे चर्च में न जा सकें। कुछ संस्थाएं समलैंगिक विवाहों के लिए कार्य करती हैं और ऐसी अन्य कई संस्थाएं हैं जो परमेश्वर के ज्ञान और उसके भय के विपरीत काम करती हैं। परमेश्वर देश-देश का उनकी दुष्टता के लिए न्याय करेगा।

क्या आप ज्ञान से बैर रखनेवाले मनुष्यों की कल्पना नहीं कर सकते? चार्ल्स डार्विन पर विचार करें, वह उत्पत्ति की पुस्तक से कितनी घृणा करता था! राजकुमारी डायना पर विचार करें जो वैवाहिक निष्ठा से घृणा करती थी! परमेश्वर से बैर रखने वाले तत्वज्ञानियों पर विचार करें! फिल्मों की उन अभिनेत्रियों पर विचार करे जो सदाचार और सद्गुण से घृणा करती हैं! फ्रोएड, कार्ल सैगन, बेन स्पोक, जेम्स डीन, जोसेफ स्मिथ, पोप जॉन पॉल द्वितीय, जिम मॉरिसन, कार्ल मार्क्स, जोसेफ स्टालिन जैसे विद्रोही आज कहाँ हैं?

यदि कोई पुरुष वैवाहिक विश्वासयोग्यता के विषय में परमेश्वर की शिक्षा से बैर रखता है, तो पराई स्त्री उसका विनाश कर देगी (नीति 5:3-14; 6:24-35; 7:6-27)। यदि वह आर्थिक सूझ-बुझ को लेकर परमेश्वर की चेतावनियों से बैर रखता है तो वह आर्थिक रूप से बर्बाद हो जाएगा (नीति 6:6-11; 13:23; 14:23; 22:26-27)। यदि वह बच्चों के प्रशिक्षण के लिए परमेश्वर के नियमों को अस्वीकार करता है, तो ऐसा समय आएगा जब वे उसका हृदय तोड़ देंगे और उसे लज्जित करेंगे (नीति 19:18, 26; 27:11; 29:15)। अगर वह चेतावनियों के बावजूद एक व्यभिचारी स्त्री से विवाह करता है, तो उसका वैवाहिक जीवन यातनाओं और पीड़ाओं से भर जाएगा (नीति 12:4; 21:9, 19; 30:21-23; 31:30)। परमेश्वर की व्यावहारिक बुद्धि ठुकरा देने से व्यवहारिक रूप से विनाश होता है।

नूह ने अपनी पीढ़ी को 120 वर्षों तक धार्मिकता का प्रचार किया (उत्पत्ति 6:3; 2 पतरस 2:5; इब्रा 11:7)। परन्तु उन्होंने उस ज्ञान से जो उसने उन्हें सिखाया, और परमेश्वर का भय मानने से जिसका उसने प्रचार किया, बैर रखा। उन्हें अपने मौसम विभाग पर, कॉलेज की डिग्री पर, और जिस सामजिक संस्था को वे दान देते उस पर पूरा विश्वास था। इस कारण, परमेश्वर ने एक महा जलप्रलय भेजा जिसने उन सभी को डुबो दिया, जिसमें जवान, बूढ़े, विकलांग और बलवान सभी शामिल थे (मत्ती 24:37-39)। आप जानते हैं कि वे जहाज़ के बाहर कैसे रो-रोकर चीख-पुकार रहे थे, परन्तु परमेश्वर ने द्वार पहले ही बंद कर दिया था (उत्पत्ति 7:16)। उसने उनकी विपत्ति की ठट्ठा उड़ाई (नीति 1:26)।

बाइबल का परमेश्वर आज भी भस्म करने वाली आग है (इब्रा 12:29)। उसके हाथों में पड़ना आज भी एक भयानक बात है (इब्रा 10:31)। प्रभु यीशु मसीह लोहे का राजदण्ड लिए स्वर्ग और पृथ्वी पर राज्य कर रहा है (प्रकाशितवाक्य 2:26-27; 1 कुरिं 15:25)। क्या आपने हाल ही में राजनैतिक जगत पर एक नज़र डाली है? बस फिरौन से पूछो! असीरिया से पुछो! सोर से पुछो! बेबीलोन से पुछो! बेलशस्सर से पुछो! फारस से पुछो! अर्तक्षत्र से पुछो! यूनान से पुछो! सिकंदर महान से पुछो! रोमी साम्राज्य से पुछो! सम्राट नीरो से पुछो! जर्मनी से पुछो! हिटलर से पुछो! सोवियत संघ से पुछो!

क्या आप ज्ञान से बैर रखते हैं? क्या आपने यहोवा का भय मानने से इन्कार कर दिया है? क्या आप जानते है कि ज्ञान और भय क्या है? उन्हें ऊपर परिभाषित किया गया है। क्या आपने उन परिभाषाओं को जल्दीबाज़ी में पढ़ लिया? उन्हें फिर से पढ़ें। आपका भविष्य और आपकी प्रार्थनाओं का सुना जाना ज्ञान और भय को जानने और उनके अनुसार चलने पर निर्भर है।

क्या आप ज्ञान से बैर रखते हैं? क्या आपने यहोवा का भय मानने से इन्कार कर दिया है? आपके विचार या शब्द बेमतलब हैं। आप उन्हें कैसे समझते हैं? क्या आप प्रतिदिन बाइबल ध्यान से पढ़ते हैं? किसी ऐसी कलीसिया में जाते हैं जहां इसे सच्चाई और इमान से सिखाया जाता हो? क्या आप परमेश्वर के वचन के प्रचार को रविवार का सबसे बेहतर समय समझते हैं? आपने जो कुछ सीखा क्या आप उसकी वचन के साथ समीक्षा करके उसे अपने व्यक्तिगत जीवन पर लागू करते हैं? यदि आपकी प्रार्थना नहीं सुनी जाती है, और आपका जीवन तेजी से विनाश की ओर बढ़ रहा है, तो इस नीतिवचन पर गहराई से विचार करें। कुलीन स्त्री रुपी बुद्धि को आपने ठेंस पहुंचाई है, वह आहत हुई है।

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।