नीतिवचन की व्याख्या

जो सीधाई से चलता है वह बचाया जाता है, परन्तु जो टेढ़ी चाल चलता है वह अचानक गिर पड़ता है।

आपको गिरने से कौन बचा सकता है? परमेश्वर! लेकिन यह इस बात पर निर्भर है कि आज आप क्या फैसला लेते हैं। यदि आप भक्ति और धार्मिकता का जीवन जिएंगे, तो वह आपकी रक्षा करेगा और आपको समृद्ध बनाएगा। लेकिन यदि आप इस विकृत दुनिया की टेढ़ी चाल चलने और अधर्मियों का जीवन जीने का फैसला लेते हैं, तो परमेश्वर उचित ही आपको अटल विनाश के लिए छोड़ देगा। उसने मानव-जीवन के लिए एक आदर्श व्यवस्था लिखी, लेकिन यदि आप इसके विपरीत जिएंगे तो आपका पतन निश्चित है।

आप आज ऐसे निर्णय लेंगे जो यह निर्धारित करेंगे कि आप कितना अचानक गिरेंगे और कितना अचानक अपना जीवन बर्बाद कर बैठेंगे। यदि आप बाइबल के सत्य-वचनों के अनुसार बुद्धिमानी से चलेंगे, तो आप गिरने और अपने जीवन को विनाश से बचा लेंगे। लेकिन यदि आप इसके विपरीत और विद्रोही होने का फैसला लेते हैं, तो नुकसान किसी और को नहीं, आप ही को होगा। परमेश्वर और सुलैमान ने पहले ही आपके आने वाले विनाश की गारंटी दे दी है।

सीधाई से चलना ईश्वरभक्ति, सत्य और ज्ञान की जीवनशैली है। जो लोग इस तरह से जीवन जीते हैं वे दुनिया के कुलीन और महान पुरुष और महिलाएं हैं, और परमेश्वर और लोग उनसे प्रसन्न होकर उन्हें धन्य कहते हैं (नीतिवचन 11: 5-6; 28: 6; भजन 84:11)। आप सीधाई से कैसे चलते हैं? बाइबल की व्यवस्था के स्पष्ट नियमों को सीखें और उनका पालन करें, जो जीवन के हर पहलू के बारे में शिक्षा देती है (भजन 119:105,128)।

परमेश्वर और मनुष्य ऐसे कुलीन व्यक्तियों को बचाएंगे, क्योंकि वे अपने सभी कार्यों में सत्यनिष्ठा और सदाचार को कायम रखते हैं। धर्मी पर परमेश्वर की आशीष बनी रहती है; वह मदद के लिए उनकी पुकार को सुनता है; वह उनको संकट से छुड़ाता है; वह उनका मार्ग प्रशस्त करता है (नीतिवचन 12:2; भजन 34:11-17; 37:23)। जो सीधाई से चलते हैं उनका साथ न्यायाधीश और अच्छे लोग भी देते हैं (नीतिवचन 22:11; रोमियों 5:7)।

लेकिन यदि आप टेढ़ी चाल चलते हैं – बाइबल के विपरीत, सब काम अपने तरीके से करते हैं – तो आप नीचे अधोलोक में जा रहे हैं। गारंटी! जल्द ही! हो सकता है कि आप पहले से ही गिर चुके हों, लेकिन इतने अज्ञानी बने हुए हों कि यह पहचान ही न सकें कि आपका जीवन असफल है। जीवन के प्रति एक मूर्खतापूर्ण दृष्टिकोण, चाहे आप इसे कितना भी पसंद करें, चाहे दुनिया इसे कितना भी स्वीकार करे, विफलता के लिए अभिशप्त है (नीतिवचन 14:12; 16:25; भजन 36:2)।

परमेश्वर आप आपको नीचे ले जाएगा, क्योंकि उसने अभिमानियों और दुष्टों को नष्ट करने की प्रतिज्ञा की है (नीतिवचन 16:18; 21:15)। यदि आप इतने हठी हैं कि अपने सृष्टिकर्ता की उपेक्षा कर बैठे या उसके खिलाफ विद्रोह कर बैठे तो उसकी निष्ठा और ईर्ष्या मांग करती हैं कि वह आपको कुचल दे (नीतिवचन 28: 9; भजन 5: 4-6; 36: 10-12; 37: 1-2)। सबक बिलकुल सरल है – यदि आप अवज्ञा करते रहते हैं, तो आपका भविष्य बर्बाद हो जाएगा।

जब बाबेल की मीनार के बनानेवालों ने विद्रोह किया, तो परमेश्वर ने उनकी भाषाओं में गड़बड़ी पैदा कर दी, और उनकी निर्माण परियोजना विफ़ल हो गई। जब शिमशोन, सबसे ताकतवर पुरुष, पलिश्ती वेश्याओं के पीछे पड़ गया, तो परमेश्वर ने उसे एक क्रूर वेश्या की दुष्ट सनक पर छोड़ दिया। जब मनुष्यों ने अपने हृदयों में मूरतें रखीं, तब परमेश्वर ने अपने ही भविष्यद्वक्ताओं के द्वारा उन्हें धोखा दिया (यहेज़केल 14:6-9)।

यह बात कई ख्रिश्चन लोगों को अचम्भित कर देती है, लेकिन खुद परमेश्वर ने कई लोगों को गिराने के लिए झूठी शिक्षाओं को उपजाया, क्योंकि जिस सत्य को उन्होंने पहले सुना और जिसका उन्हें आज्ञापालन करना चाहिए था, उन्होंने न करना चाहा (28:9-13; मत्ती 13:10-17)। यीशु कई लोगों के लिए ठोकर का कारण बना (लूका 2:34; रोमियों 9:33; 1 कुरिन्थ 1:23; 1 पतरस 2:8), और वह चाहता था कि फरीसी अपने अनुयायियों समेत गिर जाएँ (मत्ती 15:12-15)।

मूर्ख मनुष्य जीवन में ठोकर खाते हैं, क्योंकि वे देख नहीं सकते – उनके मूर्ख मनों में ज्योति है ही नहीं, और वे पवित्रशास्त्र (नीतिवचन 4:19) और प्रकृति (रोमियों 1:18-32) में मौजूद प्रकाशन को मानने से इनकार करते हैं। परन्तु धर्मियों की चाल उस उगते सूरज की चमकती हुई ज्योति के समान है जिसका प्रकाश दोपहर तक अधिक अधिक बढ़ता रहता है : अर्थात् अच्छे और सीधाई से चलनेवाले लोग जैसे जैसे जीवन में आगे बढ़ते हैं, वे अधिक से अधिक स्पष्ट रूप से देख पाते हैं – उन गड्ढों, और खाइयों से बचते हैं जिनमें टेढ़ी चालवाले लोग गिर जाते हैं (नीतिवचन 4:18)।

परन्तु जो सर्वश्रेष्ठ है वह सबसे अंत में है! जो लोग सीधाई से चलते हैं वे न्याय के महान दिन में बचाए जाएंगे और अनन्त जीवन पाएंगे, क्योंकि उनके भले काम इस बात सबूत और प्रमाण होंगे कि वे परमेश्वर के चुने हुए हैं (2 पतरस 1:5-11; 1 थिस्स 1:2-4; 1 तीमु 6:17-19)। परन्तु जो टेढ़ी चालवाले हैं, परमेश्वर उन्हें अनन्त काल के लिये आग की झील में डाल देगा (प्रकाशितवाक्य 20:11-15)। यह गिरना कितना भयानक होगा!

नीतिवचन और उनकी व्याख्या हर दिन मुफ़्त पाएँ। चैनल खोलें, “फ़ॉलो करें” पर टैप करें और नोटिफ़िकेशन की घंटी चालू करें।

↑